न्यूज़भारतहेडलाइंस

पीएम मोदी का वायनाड दौरा: भारतीय सेना ने प्रधानमंत्री को दी रेस्क्यू ऑपरेशन से जुड़ी ये अहम डिटेल्स

उमाकांत त्रिपाठी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को भूस्खलन प्रभावित वायनाड का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने भारतीय सेना से राहत और बचाव कार्य को लेकर जानकारी ली। अब इस मुलाकात को लेकर भारतीय सेना ने अपडेट दिया है।

रेस्क्यू ऑपरेशन का लिया अपडेट
सेना ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कन्नूर के स्टेशन कमांडर द्वारा चल रहे खोज और बचाव अभियान की डिटेल्स दी। इसके अलावा उन्हें एमईजी टास्क फोर्स कमांडर के ब्रिजिंग ऑपरेशन का भी अपडेट दिया गया। भारतीय सेना के मुताबिक वायनाड के इस दौरे के दौरान पीएम ने चूरलमाला में काम कर रहे भारतीय सेना के बचाव और राहत दलों के साथ भी बातचीत की आपको बता दें कि सेना यहां त्रासदी के बाद से लगातार राहत अभियान चला रही है।

हमारी सरकार वायनाड के साथ
इस दौरे पर प्रधानमंत्री के साथ मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन और राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान भी मौजूद थे। लैंडस्लाइड की त्रासदी के बाद मची तबाही जायजा लेने के लिए पीएम ने हवाई और जमीनी स्तर पर भी ऑपरेशन देखे। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि- केंद्र सरकार सभी सहायता और राहत कार्यों के लिए राज्य सरकार के साथ खड़ी है। हमारी सरकार वायनाड में बचाव प्रयासों पर कड़ी नजर रख रही हैं और अफसरों के साथ लगातार संपर्क में हैं। हमने इस त्रासदी को लेकर आपदा प्रबंधन कोष पहले ही जारी कर दिया है, और बचा हुआ फंड भी जल्द जारी किया जाएगा।

पीएम ने की घायलों से मुलाकात
इस दौरान पीएम मोदी ने घायलों से भी मुलाकात की और राहत शिविरों में रह रहे लोगों से बातचीत की। समीक्षा बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने आश्वस्त किया कि केंद्र सरकार और देश इस दुख की घड़ी में आपदा प्रभावित पीड़ितों के साथ है। प्रधानमंत्री मोदी ने प्रभावित लोगों, खासकर अपने परिजनों को खोने वाले बच्चों की सहायता के लिए नई योजनाएं बनाने का ऐलान किया। उन्होंने यकीन दिलाया की, राज्य सरकार को केंद्र सरकार सभी जरुरी सुविधाएं मुहैया कराएगी। आपको बता दें कि वायनाड में बारिश के चलते चूरलमाला और मुंदक्कई में बड़ा भूस्खलन हुआ था। इस त्रासदी में 300 से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी।

Related Posts

1 of 808

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *