उमाकांत त्रिपाठी। उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को कानपुर पहुंचे। यहां उन्होंने मेगा रोजगार और लोन मेले में हिस्सा लिया। इस दौरान सीएम ने युवाओं को नियुक्ति पत्र बांटे साथ ही कई जन कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को लोन वितरण भी किया। अपने इस दौरे पर उन्होंने कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया।
अपने भाषण के दौरान, सीएम ने राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं पर बात की। उन्होंने कहा कि, प्रदेश के युवाओं को नौकरी के लिए भटकने की जरुरत नहीं मिलेगी। रोजगार मेले में सीएम ने कई लोगों को लोन भी दिया। सीएम ने कहा कि- “युवाओं के सपनों को पंख देने के लिए, 50 कंपनियों के सहयोग से, युवाओं के लिए एक बड़े रोजगार कार्यक्रम की व्यवस्था की गई है। हमने विभिन्न लाभार्थियों को देने के लिए एक ऋण मेला भी लगाया है। युवा सशक्तिकरण योजना के तहत, हमने युवाओं को टैबलेट और स्मार्टफोन भी दिए हैं”,
डबल इंजन का फॉर्मूला बताया
सीएम योगी ने कहा कि- “इस अवसर पर मैं उन लोगों का भी आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने राज्य के युवाओं की मदद के लिए ऋण हासिल किया है।” अपने भाषण में उन्होंने सरकार के “डबल इंजन” फॉर्मूले की भी तारीफ की। सीएम ने कहा, “आपने उत्तर प्रदेश में डबल इंजन की सरकार देखी है। सरकार ने राज्य की सुरक्षा, सुशासन और विकास का एक मॉडल दिया है। आज डबल इंजन की सरकार राज्य में बेहतरीन काम कर रही है। आपने 2017 से पहले का उत्तर प्रदेश भी देखा है, उससे पहले राज्य हर तरह की चीजों के लिए जाना जाता था, गुंडागर्दी, हर त्योहार से पहले दंगे, यह सब राज्य की पहचान बन गई थी।”
अलीगढ़ का किया था दौरा
इससे पहले 28 अगस्त को यूपी के सीएम ने अलीगढ़ जिले का दौरा भी किया था, जहां 5,000 से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए गए थे और उद्यमियों को 35 करोड़ रुपये से अधिक के ऋण दिए गए थे। साथ ही, जिले के 1,500 से अधिक छात्रों को टैबलेट और स्मार्टफोन दिए गए थे। सीएम ने 10 अक्टूबर को एक पोस्ट में कहा, “इस अवसर पर खेरेश्वर महादेव की पावन भूमि अलीगढ़ जिले की विकास यात्रा को और गति प्रदान करते हुए 705 करोड़ रुपये की लागत की 305 जन कल्याणकारी परियोजनाओं का लोकार्पण भी किया गया। जिले की जनता को हार्दिक बधाई!”













