उमाकांत त्रिपाठी। पेरिस पैरालंपिक 2024 के नाटकीय घटनाक्रम के बाद भारतीय भाला फेंक एथलीट नवदीप को स्वर्ण पदक देने का फैसला लिया गया है। पहले उन्हें रजत विजेता घोषित किया गया था। नवदीप ने अपने तीसरे प्रयास में 47.32 मीटर का थ्रो किया जो उनका सर्वश्रेष्ठ थ्रो रहा। इसी के साथ भारत अब तक इस पैरालंपिक में सात स्वर्ण, 9 रजत और 13 कांस्य पदक समेत कुल 29 पदक जीत चुका है। पदक तालिका में भारत 16वें नंबर पर है।
पीएम मोदी का बधाई संदेश
नवदीप की सफलता पर पीएम मोदी ने उन्हें बधाई संदेश भेजा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि पेरिस पैरालंपिक में सिल्वर जीतना आने वाली पीढ़ियों को इस खेल से जुड़ने और चुनौतियों का बुलंद हौसले के साथ डटकर मुकाबला करने के लिए प्रेरित करेगी।
29 पदक जीत चुका भारत
भारत के पैरा भाला फेंक एथलीट नवदीप ने पुरुष भाला फेंक एफ41 स्पर्धा में निजी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया। नवदीप ने अपने तीसरे प्रयास में 47.32 मीटर का थ्रो किया जो उनका सर्वश्रेष्ठ थ्रो रहा। हालांकि, इससे पहले नवदीप को रजत पदक विजेता घोषित किया गया था। बाद में ईरानी एथलीट बेत सयाह सादेघ को अयोग्य घोषित कर दिया गया। इस कारण नवदीप का रजत पदक स्वर्ण पदक के रूप में अपग्रेड कर दिया गया। इसी के साथ भारत अब तक इस पैरालंपिक में सात स्वर्ण, 9 रजत और 13 कांस्य पदक समेत 29 पदक जीत चुका है। चीन के पेंगजियांग (44.72 मीटर) को इस स्पर्धा का रजत पदक मिला।
नीरज चोपड़ा को प्रेरणा मानते हैं
नवदीप दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा के गृहनगर पानीपत से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने बताया कि भाला फेंक स्पर्धा के लिए नीरज से ही प्रेरणा मिली। बकौल नवदीप, ‘जब नीरज भाई ने जूनियर विश्व रिकॉर्ड तोड़ा, तो मैंने सोचा कि वह भी हमारे शहर से हैं और मैं भी ऐसा कर सकता हूं।’














