उमाकांत त्रिपाठी।हरियाणा के सीएम का शपथग्रहण समारोह अब 17 अक्टूबर को होगा। यह तीसरी बार है जब प्रदेश के सीएम के शपथग्रहण समारोह की तारीख बदली गई है। इससे पहले 12 और 15 अक्टूबर की तारीख तय की गई थी।शुक्रवार को केंद्रीय नेतृत्व ने कार्यवाहक मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को फिर दिल्ली बुलाया था। यहां सैनी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। जहां देर रात तक बैठक हुई, जिसमें शपथग्रहण समारोह और सैनी मंत्रिमंडल पर चर्चा हुई।समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा अमित शाह और राजनाथ सिंह समेत कई केंद्रीय मंत्री और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे। पार्टी सूत्रों का कहना है कि इस दौरान सैनी मंत्रिमंडल को लेकर चर्चा करेंगे।
परेड ग्राउंड में होगा सीएम का शपथ ग्रहण
पंचकूला के सेक्टर 5 स्थित परेड ग्राउंड को शपथ ग्रहण के लिए चुना गया है। यहां मंच बनाया जा रहा है। कार्यक्रम में 50 हजार लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। शुक्रवार को पूर्व सांसद संजय भाटिया और एडीजीपी आलोक मित्तल ने परेड ग्राउंड में तैयारियों का जायजा लिया गया।
हरियाणा रवाना होने से पहले सैनी पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के नए आवास पर पहुंचे। मनोहर लाल का नया आवास अब गृह मंत्री अमित शाह के पास है। नायब सिंह सैनी आज दिल्ली से कुरुक्षेत्र जाएंगे।वहां वे शाम 4 बजे लाडवा विधानसभा में दशहरा कार्यक्रम में शामिल होंगे। शाम करीब 6 बजे पंचकूला आएंगे। जहां वे शालीमार गार्डन में दशहरा कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे।
जानिए चुनाव रिजल्ट आने से लेकर अब तक क्या हुआ…
8 अक्टूबर को भाजपा को पूर्ण बहुमत मिला
हरियाणा विधानसभा चुनाव के रिजल्ट 8 अक्टूबर (मंगलवार) को आए, जिसमें भाजपा को पूर्ण बहुमत मिला है। भाजपा के खाते में 48 सीटें आईं। 3 निर्दलीय विधायकों ने भी भाजपा को समर्थन दे दिया। ऐसे में भाजपा के पास कुल 51 विधायक हो गए हैं। भाजपा को समर्थन देने वाले विधायकों में बहादुरगढ़ से राजेश जून, गन्नौर से देवेंद्र कादियान और हिसार से सावित्री जिंदल शामिल हैं।
दिल्ली दौरे के दौरान कार्यवाहक मुख्यमंत्री नायब सैनी ने सबसे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की।
नायब सैनी दिल्ली में PM समेत अन्य नेताओं से मिले।
भाजपा को बहुमत मिलने के बाद CM नायब सैनी बुधवार को दिल्ली पहुंचे। यहां उन्होंने सबसे पहले PM नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इसके बाद वह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के अलावा प्रदेश चुनाव प्रभारी केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी मिले।इसके बाद चर्चा शुरू हुई कि मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह 12 अक्टूबर को होगा। हालांकि PM मोदी के विदेश दौरे के कारण इसे टाल दिया गया। इसके बाद 15 अक्टूबर को शपथ ग्रहण समारोह की बात सामने आई। शपथ से पहले चंडीगढ़ में BJP विधायक दल की मीटिंग होगी। इस बैठक में 2 केंद्रीय पर्यवेक्षक शामिल होंगे।
10 अक्टूबर को दिल्ली से लौटे सैनी
2 दिन दिल्ली में गुजारने के बाद नायब सैनी गुरुवार शाम को चंडीगढ़ पहुंचे। 11 अक्टूबर को उन्होंने सभी भाजपा विधायकों को अपने-अपने हलकों की अनाज मंडी पहुंचकर धान की खरीद का जायजा लेने के निर्देश दिए। नायब सैनी खुद भी कुरुक्षेत्र जिले की विभिन्न अनाज मंडियों में पहुंचे।














