न्यूज़भारतराजनीतिराज्यहेडलाइंस

हरियाणा को मिलेगी बड़ी सौगात: 14 अप्रैल को हिसार आएंगे पीएम मोदी, हिसार एयरपोर्ट का करेंगे उद्घाटन

उमाकांत त्रिपाठी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल 2025 को हरियाणा दौरे पर रहेंगे. हिसार में वो महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे. इस मौके पर एयरपोर्ट से पहली उड़ान अयोध्या के लिए रवाना होगी, जो राज्य के लोगों के लिए हवाई यात्रा को और सुलभ बनाएगी. इस एयरपोर्ट को हाल ही में लाइसेंस मिला है और इसे परिचालन के लिए पूरी तरह तैयार किया जा चुका है. उद्घाटन के साथ ही नए अंतरराष्ट्रीय टर्मिनल की आधारशिला भी रखी जाएगी, जो हिसार को वैश्विक स्तर पर जोड़ने की दिशा में एक बड़ा कदम होगा.

पहले चरण में कई शहरों के लिए उड़ानें: हिसार एयरपोर्ट से शुरूआती चरण में अयोध्या, जम्मू, जयपुर, दिल्ली, अहमदाबाद और चंडीगढ़ जैसे प्रमुख शहरों के लिए हवाई सेवाएं शुरू की जाएंगी. सरकार ने एलायंस एयर के साथ समझौता किया है, जिसके तहत ये उड़ानें संचालित होंगी. यह सेवा वायबिलिटी गैप फंडिंग (VGF) योजना के तहत शुरू होगी, जिसमें सरकार द्वारा सब्सिडी दी जाएगी ताकि यात्रियों पर किराए का अतिरिक्त बोझ न पड़े. अभी किराया तय नहीं हुआ है, लेकिन इसे किफायती रखने की योजना है. 28 मार्च को दिल्ली से एक परीक्षण उड़ान हिसार पहुंचेगी, जिससे संचालन की तैयारियों का आकलन किया जाएगा.

पहले भी हो चुकी है उड़ान सेवा की शुरुआत: हिसार एयरपोर्ट का इतिहास नया नहीं है. इससे पहले 3 सितंबर 2019 को यहां से स्पाइसजेट के 7 सीटर विमान ने उड़ान भरी थी. उस समय तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर पहले यात्री बने थे और 1674 रुपये के टिकट के साथ चंडीगढ़ के लिए रवाना हुए थे. हालांकि, उस समय किराया 4000 रुपये से अधिक था, लेकिन केंद्र और राज्य सरकार की सब्सिडी के कारण इसे सस्ता किया गया था. अब एक बार फिर यह एयरपोर्ट नई उड़ानों के साथ सक्रिय होने जा रहा है.

आधुनिक सुविधाओं से लैस एयरपोर्ट: हिसार एयरपोर्ट के पहले चरण का निर्माण 50 करोड़ रुपये की लागत से पूरा हो चुका है, जिसमें एक टर्मिनल तैयार है. दूसरे चरण में 3000 मीटर लंबी हवाई पट्टी बनाई गई है, जो 180 यात्रियों की क्षमता वाली एयरबस के संचालन के लिए उपयुक्त है. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि यह एयरपोर्ट 7200 एकड़ क्षेत्र में फैला एकीकृत विमानन हब का हिस्सा है. इसमें 4200 एकड़ में हवाई अड्डा और 3000 एकड़ में मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर विकसित किया जा रहा है. यह परियोजना हिसार को औद्योगिक और हवाई कनेक्टिविटी का प्रमुख केंद्र बनाएगी.

हरियाणा के विकास में मील का पत्थर: सीएम नायब सैनी के मुताबिक इस एयरपोर्ट के शुरू होने से न केवल हिसार बल्कि पूरे हरियाणा में कनेक्टिविटी और आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा. अयोध्या के लिए सीधी उड़ान शुरू होने से धार्मिक पर्यटन को भी प्रोत्साहन मिलेगा. यात्रियों की संख्या के आधार पर भविष्य में उड़ानों की संख्या और गंतव्यों को बढ़ाने की योजना है. यह परियोजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस विजन का हिस्सा है, जिसमें हवाई चप्पल पहनने वाले लोग भी हवाई यात्रा कर सकें.

Related Posts

180 लड़कियां, 350 अश्लील वीडियो… आखिर क्या है अमरावती कांड, जिसकी सैकड़ों नाबालिग हुई शिकार

खबर इंडिया की। महाराष्ट्र के अमरावती जिले के परतवाड़ा से सामने आया वीडियो कांड…

1 of 853

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *