उमाकांत त्रिपाठी। जम्मू कश्मीर के पहलगाम में आज आतंकी हमला हो गया। इस हमले में एक पर्यटक की मौत हो गई है। घटना के तुरंत बाद सुरक्षाबल पहुंच चुके हैं और पहाड़ी इलाकों में तलाशी अभियान तेज कर दिया है। घायल पर्यटकों को इलाज के लिए भेजा गया है। वहीं हमले के बाद गृह मंत्री अमित शाह ने बड़ी बैठक बुलाई। इस बैठक में गृह सचिव और IB के अधिकारी शामिल हुए।
पीएम ने किया गृहमंत्री को फोन
पीएम मोदी ने अमित शाह से फोन पर बातचीत की। उन्होंने इस घटना पर कड़ी कार्रवाई करने के आदेश दिए। वहीं, पीएम ने अमित शाह को घटनास्थल पर जाने का आदेश भी दिया है। न्यूज रिपोर्ट्स के मुताबिक एक महिला ने बताया, मेरे पति के सिर में गोली लगी है, जबकि सात अन्य भी इस हमले में घायल हुए हैं। महिला ने अपनी पहचान नहीं बताई है। लेकिन महिला ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की गुहार लगाई है।
3 जुलाई से शुरू होगी अमरनाथ यात्रा
आपको बता दें कि 3 जुलाई से अमरनाथ यात्रा शुरू हो रही है। ऐसे में पर्यटकों को निशाना बनाना आतंकियों की नई चाल की ओर इशारा करता है। हमले से ऐसे लग रहा है कि आतंकी अमरनाथ यात्रा को प्रभावित करना चाहते हैं। सीएम उमर अब्दुल्ला ने इस घटना पर चिंता जाहिर करते हुए कहा,”मैं विश्वास से परे सदमे में हूं।
पर्यटकों पर यह हमला एक घृणित घटना है। इस हमले के अपराधी जानवर, अमानवीय और घृणा के पात्र हैं। निंदा के लिए कोई भी शब्द पर्याप्त नहीं है। मैं मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। उन्होंने आगे कहा कि घायलों के लिए अस्पताल में व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने कहा, “मैंने अपनी सहकर्मी सकीना इटू से बात की है और वह घायलों के लिए व्यवस्थाओं की देखरेख करने के लिए अस्पताल चली गई हैं। मैं तुरंत श्रीनगर वापस आ जाऊंगा।”














