खबर इंडिया की। ओवल के ऐतिहासिक मैदान पर टीम इंडिया ने अपनी एक और जीत की यादगार कहानी जोड़ ली. मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा की घातक गेंदबाजी के दम पर टीम इंडिया ने रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड के मुंह से जीत छीनकर ओवल टेस्ट 6 रन से अपने नाम कर लिया. सिराज ने दूसरी पारी में 5 विकेट समेत मैच में 9 विकेट अपने नाम किये और टीम इंडिया की जीत के स्टार बने. इसके साथ ही शुभमन गिल की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने 5 टेस्ट मैच की सीरीज में पिछड़ने के बाद 2-2 की बराबरी के साथ इसका अंत किया.
The comm box erupted, and so did a billion hearts. India felt every moment of the Oval triumph 🇮🇳👏#ENGvIND #INDvENG pic.twitter.com/CfJxiiqmqZ
— Star Sports (@StarSportsIndia) August 4, 2025
गिल ने जीत लिया सभी का दिल
भारतीय टेस्ट क्रिकेट टीम के युवा कप्तान शुभमन गिल ने इंग्लैंड दौरे पर अपनी कप्तानी और बल्लेबाजी से क्रिकेट फैंस का दिल जीत लिया. इस दौरे से पहले ही उन्हें टेस्ट टीम की कमान सौंपी गई थी, और अपने पहले ही असाइनमेंट में गिल ने साबित कर दिया कि वे इस जिम्मेदारी के लिए पूरी तरह तैयार हैं. इस दौरान गिल ने न केवल कप्तानी में बल्कि बल्लेबाजी में भी शानदार प्रदर्शन कर इतिहास रच दिया.
https://twitter.com/StarSportsIndia/status/1952354392889262352
इतिहास में अमर हुए कप्तान गिल
इस सीरीज में गिल की कप्तानी में भारतीय टीम ने दो टेस्ट मैच जीते. इस उपलब्धि के साथ वे कपिल देव, सौरव गांगुली और सुनील गावस्कर जैसे दिग्गज कप्तानों की बराबरी पर आ गए, जिन्होंने SENA (साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया) देशों में भारत के लिए दो-दो टेस्ट जीत दर्ज की थीं. गिल ने अपने पहले ही कप्तानी असाइनमेंट में यह मुकाम हासिल कर लिया, जो उनकी के लिए एक बड़ी उपलब्धि है. वहीं, SENA देशों में भारत के लिए सबसे ज्यादा टेस्ट मैच जीतने वाले कप्तान विराट कोहली हैं, उनकी कप्तानी में भारत ने 7 टेस्ट मैच जीते हैं.
गिल ने की विराट कोहली की बराबरी
बतौर बल्लेबाज भी गिल ने इंग्लैंड की मुश्किल परिस्थितियों में कमाल का प्रदर्शन किया. उन्होंने पांच टेस्ट मैचों में 75.40 की शानदार औसत से 754 रन बनाए, जिसमें चार शतक शामिल रहे. उनकी बल्लेबाजी ने न केवल टीम को मजबूती दी, बल्कि उन्हें व्यक्तिगत रूप से भी कई सम्मान दिलाए. गिल ने इस दौरे पर ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ और ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ का खिताब अपने नाम किया. इसी के साथ वह भारत के केवल दूसरे कप्तान बने, जिन्होंने इंग्लैंड में ये दोनों अवॉर्ड जीते. उनसे पहले यह कारनामा केवल विराट कोहली ही कर सके थे.
शांत रहकर लिए मैदान पर अहम फैसले
गिल की इस उपलब्धि ने भारतीय क्रिकेट में एक नया अध्याय जोड़ा है. उनकी कप्तानी में युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का शानदार तालमेल देखने को मिला. दबाव में शांत रहकर सटीक रणनीति बनाना और मैदान पर बल्ले से रन बटोरना, गिल ने हर मोर्चे पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया. यह दौरा न केवल गिल के करियर का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, बल्कि भारतीय क्रिकेट के भविष्य को देखते हुए भी अच्छे संकेत हैं. शुभमन गिल ने इस दौरे से साबित कर दिया कि वे न केवल एक शानदार बल्लेबाज हैं, बल्कि एक शानदार कप्तान भी हैं.














