खबर इंडिया की।गाजियाबाद में 24 साल की युवती ने जहर खाकर जान दे दी। युवती को पैसे डबल करने का लालच देकर एक युवक ने उससे 25 लाख रुपये हड़प लिए थे। ये पैसे उसके पिता ने शादी के लिए जुटाए थे।करीब डेढ़ साल बाद जब युवती ने अपने रुपये वापस मांगे, तो युवक मुकर गया। परिजनों के अनुसार, युवक के मुकरने के बाद युवती डिप्रेशन में रहने लगी थी। शनिवार देर रात को गाजियाबाद के वेव सिटी थाना क्षेत्र में यह घटना हुई।
गंभीर हालत में परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान करिश्मा वर्मा के रूप में हुई है। परिजनों ने रुपये हड़पने की साजिश में चार लोगों के शामिल होने का आरोप लगाया है, जिनमें दो महिलाएं भी हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
बचपन की दोस्त ने दिया धोखा
करिश्मा वर्मा के पिता पवन वर्मा गाजियाबाद की एक फैक्ट्री में मैनेजर हैं। करिश्ता दो भाई-बहन हैं। भाई बड़ा है जबकि करिश्मा छोटी थी। पिता ने बताया- करिश्मा ग्रेजुएशन कर चुकी थी। उसकी क्लास 8 से ही साथ पढ़ी लड़की शिवांगी से दोस्ती थी।शिवांगी और करिश्मा बेस्ट फ्रेंड थे। शिवांगी के घर की एक महिला ने करिश्मा को दिल्ली में रहने वाले एक युवक के बारे में बताया। राहुल नाम के उस युवक से उसकी मुलाकात भी कराई। शिवांगी के घर की महिला ने उसको झांसा देते हुए पैसे डबल करने का आइडिया राहुल के माध्यम से दिया।
भरोसे में लेकर उसने करिश्मा को भी पैसे डबल करने का ऑफर दिया। पिता ने बताया- मैंने करिश्मा की शादी के लिए उसके बचपन से ही पैसे जुटाने शुरू कर दिए थे। उसके खाते में करीब 25 लाख रुपए थे।महिला के झांसे में आकर करिश्मा ने घरवालों को बिना बताए ही कई किस्तों में करके पूरे 25 लाख रुपए उनको ट्रांसफर कर दिए। राहुल ने धोखा देकर सारे पैसे हड़प लिए। करिश्मा को डबल करने का झांसा देता रहा।
करीब डेढ़ साल बाद करिश्मा ने अपने पैसे राहुल से मांगे तो वह मुकर गया। करिश्मा परेशान हो गई। उसने घरवालों को बिना बताए पैसे दिए थे इसलिए काफी परेशान रहने लगी।
उसकी हालत देखकर शक हुआ। हम लोगों ने काफी कुरेदा तो उसने पूरी बात बताई। बताया कि मैंने अपनी फ्रेंड शिवांगी के परिवार की महिला और दिल्ली के राहुल खाते में अपने सारे पैसे ट्रांसफर कर दिए हैं। उसने दोगुना करने का लालच दिया था। लेकिन अभी तक कुछ नहीं दिया है।
पिता ने बताया कि- इसके बाद हम शिवांगी के घर गए। पूरी बात जाननी चाही और पैसों के बारे में पूछा। वहां मौजूद महिलाओं और अन्य लोगों ने हमको धमकी देना शुरू कर दिया। कहा- एससी-एसटी केस में फंसा देंगे।














