अपराधन्यूज़भारतराज्यहेडलाइंस

कॉन्स्टेबल बेटी ने की पुलिसवाले पिता की हत्या, मिल्कशेक में जहर दिया, 3 साल बाद बॉयफ्रेंड ने खोला राज, कहानी सुन सिहर जाएंगे

खबर इंडिया की।महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने रिश्तों और भरोसे की नींव को झकझोर कर रख दिया है. यहां एक बेटी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पिता की हत्या की साजिश रची और उसे अंजाम भी दे दिया. यह खौफनाक राज पूरे तीन साल तक छिपा रहा. आखिरकार उसी प्रेमी ने इसे उजागर किया, जिसने इस साजिश में साथ दिया था.

यह मामला भद्रावती क्षेत्र का है, जहां मृतक जयंत बल्लावार हेड कॉन्स्टेबल के पद पर तैनात थे. उनकी बेटी आर्या भी पुलिस विभाग से जुड़ी हुई है. पुलिस जांच में सामने आया है कि आर्या का अपने प्रेमी आशीष महेश शेडमाके के साथ लंबे समय से प्रेम संबंध था. जब इस रिश्ते की जानकारी उसके पिता को हुई, तो उन्होंने इसका विरोध किया. इसी बात को लेकर घर में अक्सर झगड़े और तनाव की स्थिति बनी रहती थी.

धीरे-धीरे यह विवाद इतना बढ़ गया कि आर्या और उसके प्रेमी ने मिलकर जयंत बल्लावार को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली. प्लानिंग के तहत जहर की व्यवस्था की गई. इसके लिए आशीष ने अपने रिश्तेदार के एक नाबालिग बेटे की मदद ली और चैतन्य उर्फ मोंटी सचिन गेडाम से संपर्क किया. 24 अप्रैल 2023 को चैतन्य ने कांच की बोतल में जहर उपलब्ध कराया, जिसके बदले उसे 5,000 रुपये दिए गए.

इसके अगले दिन यानी 25 अप्रैल 2023 को आर्या ने अपने पिता को मिल्कशेक में जहर मिलाकर पिला दिया. जहर पीने के बाद जयंत बल्लावार अपनी ड्यूटी पर गए, लेकिन कुछ ही समय में उनकी तबीयत बिगड़ने लगी. उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.उस समय इस मामले को आकस्मिक मृत्यु मानकर दर्ज किया गया. जांच के दौरान आर्या ने पुलिस को गुमराह करने वाला बयान दिया, जिससे मामला धीरे-धीरे ठंडे बस्ते में चला गया. आरोपी खुद पुलिस विभाग से जुड़ी थी, जिससे शुरुआती जांच में अपेक्षित सख्ती नहीं बरती गई.

पुलिस के अनुसार, 2022 से दोनों के बीच प्रेम संबंध थे और 2023 में हत्या को अंजाम दिया गया. इसके बाद करीब दो साल तक दोनों साथ रहे, लेकिन समय के साथ उनके बीच विवाद बढ़ने लगा. इसी विवाद के चलते आशीष ने 23 मार्च को रामनगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई और पूरे मामले का खुलासा कर दिया.

शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की. जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने आशीष महेश शेडमाके, आर्या जयंत बल्लावार, चैतन्य उर्फ मोंटी और एक नाबालिग के खिलाफ मामला दर्ज किया. पुलिस ने सभी आरोपियों को पकड़ लिया है और कार्रवाई शुरू कर दी है. फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क और साजिश के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है.

इस मामले में आरोपी और पीड़ित दोनों ही पुलिस विभाग से जुड़े हुए हैं. ऐसे में विभागीय स्तर पर इस मामले को लेकर सतर्कता बरती जा रही है. एक बेटी द्वारा अपने ही पिता की हत्या का यह मामला झकझोर देने वाला है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस साजिश में और कौन-कौन शामिल था.

 

Related Posts

65 हजार की बाइक के दीवाने हुए लोग… 31 दिनों में दो लाख से ज्यादा लोगों ने खरीदी ये गाड़ी

खबर इंडिया की।दोपहिया वाहन बाजार में अगस्त 2026 का महीना होंडा टू-व्हीलर इंडिया…

Jio-Airtel-Vi को लाना होगा बिना डेटा वाला रिचार्ज, अब सस्ता हो जाएगा हर महीने का प्लान

खबर इंडिया की।अगर आप मोबाइल में इंटरनेट का इस्तेमाल नहीं करते या बहुत कम डेटा…

1 of 978

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *