न्यूज़भारतराजनीतिहेडलाइंस

गुजरात को 6 हजार करोड़ की सौगात देंगे पीएम मोदी, सेमीकंडक्टर से रेलवे तक इन परियोजनाओं की देंगे सौगात

उमाकांत त्रिपाठी।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 31 मार्च को अपने गृह राज्य गुजरात के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वो राज्य को 6,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की विकास परियोजनाओं और रेलवे प्रोजेक्ट्स की सौगात देंगे. पीएम मोदी इस दौरान जैन विरासत के संरक्षण से लेकर एडवांस तकनीक (सेमीकंडक्टर) और बुनियादी ढांचे के विकास पर जोर देंगे.

पीएम मोदी के दौरे की शुरुआत गांधीनगर जिले के कोबा गांव से होगी. वहां वो श्री महावीर जैन आराधना केंद्र में नवनिर्मित ‘सम्राट संप्रति संग्रहालय’ का उद्घाटन करेंगे. ये संग्रहालय सम्राट अशोक के पोते सम्राट संप्रति (224-215 ईसा पूर्व) के नाम पर है, जिन्होंने जैन धर्म और ‘अहिंसा’ के सिद्धांत का प्रचार किया था. ‘सम्राट संप्रति संग्रहालय’ में सात गैलरी हैं जिनमें दुर्लभ कलाकृतियां और प्राचीन पांडुलिपियां रखी गई हैं. यहां सदियों पुरानी जैन कला, पत्थर और धातु की मूर्तियां और ऐतिहासिक सिक्के भी रखे गए हैं.

कोबा के बाद प्रधानमंत्री साणंद जाएंगे जहां वो ‘कायन्स सेमीकॉन’ की आउटसोर्स सेमीकंडक्टर असेंबली एंड टेस्ट (OSAT) सुविधा का उद्घाटन करेंगे. इस प्लांट की लागत 3,300 करोड़ रुपये बताई जा रही है जो भारत के सेमीकंडक्टर मिशन के लिए मील का पत्थर साबित होगा. ये OSAT फसिलिटी रोजाना लगभग 60 लाख चिप्स बनाएगी. इससे गुजरात एक वैश्विक सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में और मजबूती से उभरेगा.

रेलवे और शहरी विकास की बड़ी सौगातें पीएम मोदी नए बने वाव-थराद जिले के लखनी तालुका पहुंचेंगे. यहां वो एक सार्वजनिक सभा को संबोधित करेंगे और 6,000 करोड़ रुपये से ज्यादा के प्रोजेक्ट्स का वर्चुअली लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे. इनमें हिम्मतनगर-खेड़ब्रह्मा नई रेल लाइन शामिल है.482 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस 55 किमी लंबी लाइन से साबरकांठा की कनेक्टिविटी अहमदाबाद और उदयपुर से बेहतर होगी.

शहरी विकास और विरासत संरक्षण पीएम मोदी गुजरात भर में 5,295 करोड़ रुपये के 44 शहरी विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे. इसमें सबसे बड़ा हिस्सा अहमदाबाद (4,640 करोड़ रुपये) का है. इन प्रोजेक्ट्स में बुनियादी ढांचा, जल निकासी प्रणाली और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास शामिल हैं. इसके अलावा, वडनगर में ‘हेरिटेज टाउन और रोड ब्यूटीफिकेशन प्रोजेक्ट’ का उद्घाटन होगा, जिसका उद्देश्य ऐतिहासिक शहर की विरासत को सुरक्षित करना और पर्यटन को बढ़ावा देना है. पाटन में एक रेलवे ओवरब्रिज भी खोला जाएगा, जिससे करीब दो लाख निवासियों को यातायात की भीड़ से राहत मिलेगी.

Related Posts

पत्नी ने मजाक-मजाक में बनाई अश्लील रील, पति ने कर दी वायरल, अब पूरे देश में हो रही इसकी चर्चा

खबर इंडिया की। सोशल मीडिया पर एक पति-पत्नी की रील इन दिनों तेजी से वायरल हो रही…

1 of 818

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *