न्यूज़भारतराजनीतिहेडलाइंस

अमित शाह के मिशन पंजाब की शुरुआत? AAP छोड़ BJP में आए सांसद से मुलाकात ने बढ़ाई सियासी हलचल

उमाकांत त्रिपाठी।।पंजाब की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। राज्यसभा सांसद विक्रमजीत सिंह की केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से नई दिल्ली में हुई मुलाकात को लेकर सियासी गलियारों में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। खास बात यह है कि यह मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर राजनीतिक दल अपनी रणनीति बनाने में जुटे हुए हैं।

मुलाकात के बाद विक्रमजीत सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि गृह मंत्री अमित शाह के साथ उनकी सार्थक चर्चा हुई। इस दौरान पंजाब के सामने मौजूद प्रमुख चुनौतियों जैसे नशाखोरी, किसानों का कल्याण, युवाओं के लिए रोजगार, कानून-व्यवस्था और आर्थिक विकास पर विस्तार से बातचीत की गई।

सांसद ने बताया कि बैठक में पंजाब के विकास का रोडमैप, सुशासन, बेहतर कानून-व्यवस्था और समावेशी विकास को लेकर भाजपा के विजन पर भी चर्चा हुई। साथ ही 2027 के विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन को मजबूत करने और पार्टी की पहुंच बढ़ाने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भाजपा पंजाब में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए लगातार सक्रिय हो रही है। हाल ही में स्थानीय निकाय चुनावों के बाद पूर्व क्रिकेटर और राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह की भी अमित शाह से मुलाकात चर्चा में रही थी। अब विक्रमजीत सिंह के साथ हुई बैठक ने इन अटकलों को और हवा दे दी है कि भाजपा पंजाब में बड़े राजनीतिक अभियान की तैयारी कर रही है।

सूत्रों की मानें तो भाजपा नेतृत्व पंजाब की राजनीतिक स्थिति पर लगातार फीडबैक ले रहा है। पार्टी की कोशिश है कि सीमावर्ती राज्य पंजाब में संगठन को मजबूत किया जाए और आगामी चुनावों में मजबूत दावेदारी पेश की जाए। यही वजह है कि केंद्रीय नेतृत्व लगातार प्रदेश से जुड़े नेताओं और सांसदों के साथ बैठकें कर रहा है।

राजनीतिक हलकों में यह चर्चा भी है कि भाजपा आने वाले विधानसभा चुनावों को पूरी ताकत के साथ लड़ने की तैयारी में है। हालांकि पार्टी की ओर से किसी विशेष चुनावी रणनीति की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन लगातार हो रही बैठकों को भविष्य की राजनीतिक तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।

फिलहाल अमित शाह और पंजाब के नेताओं के बीच हो रही इन बैठकों ने राज्य की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है। अब सभी की नजरें भाजपा की आगामी रणनीति और 2027 विधानसभा चुनावों को लेकर होने वाले अगले बड़े फैसलों पर टिकी हुई हैं।

Related Posts

1 of 814

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *