सोशल मीडियान्यूज़भारतहेडलाइंस

बिना इंटरनेट भी फोनपे के जरिए कर सकेंगे UPI पेमेंट, 20 करोड़ से ज्यादा यूजर्स को होगा फायदा, जानिए प्रोसेस

खबर इंडिया की।फिनटेक कंपनी PhonePe ने फीचर फोन यानी कीपैड मोबाइल इस्तेमाल करने वाले करोड़ों यूजर्स के लिए नई पेमेंट सर्विस शुरू की है। कंपनी ने PhonePe UPI 123Pay लॉन्च किया है। इसकी मदद से यूजर्स बिना इंटरनेट कनेक्शन के भी UPI के जरिए पैसे भेज और प्राप्त कर सकेंगे।

इस सर्विस की खास बात यह है कि इसके लिए स्मार्टफोन या मोबाइल इंटरनेट की जरूरत नहीं होगी। साथ ही, यूजर्स को लेनदेन और सर्विस से जुड़ी जानकारी देने के लिए AI Voice Assistance की सुविधा भी मिलेगी, जो अंग्रेजी के अलावा 12 भारतीय भाषाओं में मदद करेगी।

PhonePe के मुताबिक, इस पहल से देश के 20 करोड़ से ज्यादा फीचर फोन यूजर्स डिजिटल पेमेंट सिस्टम से जुड़ सकेंगे। कंपनी का दावा है कि वह फीचर फोन यूजर्स के लिए UPI 123Pay लॉन्च करने वाला देश का पहला बड़ा थर्ड-पार्टी ऐप प्रोवाइडर है। अब तक यह सुविधा सरकारी BHIM UPI ऐप के जरिए उपलब्ध थी।

आइए सवाल-जवाब के जरिए समझते हैं कि PhonePe UPI 123Pay कैसे काम करता है और इससे आम यूजर्स को क्या फायदा मिलेगा।

बिना इंटरनेट कैसे होगा UPI पेमेंट?

PhonePe UPI 123Pay को खास तौर पर ऐसे यूजर्स के लिए तैयार किया गया है, जिनके पास स्मार्टफोन या तेज इंटरनेट कनेक्शन उपलब्ध नहीं है। यह सर्विस SMS आधारित तकनीक का इस्तेमाल करती है, इसलिए इंटरनेट कनेक्शन के बिना भी डिजिटल पेमेंट किया जा सकता है।

इसका सबसे बड़ा फायदा ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों में रहने वाले लोगों को मिल सकता है, जहां अभी भी कई जगहों पर इंटरनेट कनेक्टिविटी सीमित है और लोग 2G नेटवर्क वाले फीचर फोन का इस्तेमाल करते हैं।

सवाल 1: नई सर्विस का उद्देश्य क्या है और कितने लोगों को फायदा मिलेगा?

जवाब: PhonePe UPI 123Pay का मुख्य उद्देश्य उन लोगों तक डिजिटल पेमेंट की सुविधा पहुंचाना है, जिनके पास स्मार्टफोन या इंटरनेट की सुविधा नहीं है।

देश के गांवों, कस्बों और दूरदराज के इलाकों में बड़ी संख्या में लोग अभी भी कीपैड फोन इस्तेमाल करते हैं। इस सर्विस के जरिए 20 करोड़ से ज्यादा फीचर फोन यूजर्स डिजिटल भुगतान से जुड़ सकते हैं।

इससे उन्हें हर छोटे-बड़े भुगतान के लिए नकद पैसे रखने की जरूरत कम हो सकती है।

सवाल 2: बिना इंटरनेट यह सर्विस कैसे काम करती है?

जवाब: PhonePe UPI 123Pay को बिना इंटरनेट कनेक्शन के डिजिटल ट्रांजैक्शन के लिए तैयार किया गया है। यह SMS आधारित तकनीक का इस्तेमाल करती है।

इसका मतलब है कि फीचर फोन यूजर इंटरनेट डेटा के बिना भी UPI ट्रांजैक्शन कर सकता है। खासकर उन इलाकों में जहां केवल सीमित मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध है, वहां यह सुविधा उपयोगी साबित हो सकती है।

हालांकि, ट्रांजैक्शन के दौरान बैंक और UPI से जुड़े सुरक्षा नियम लागू रहेंगे।

सवाल 3: क्या इसके लिए कोई ऐप डाउनलोड करना होगा?

जवाब: नहीं। फीचर फोन यूजर्स को इसके लिए स्मार्टफोन ऐप डाउनलोड करने की जरूरत नहीं होगी।

PhonePe ने Nokia, Lava, HMD और itel जैसी मोबाइल कंपनियों के साथ साझेदारी की है। इन कंपनियों के कुछ नए फीचर फोन में यह सुविधा इन-बिल्ट उपलब्ध कराई जा रही है।

आने वाले समय में कंपनी इस सुविधा को दूसरे फीचर फोन मॉडल्स तक भी पहुंचाने की योजना पर काम कर रही है।

सवाल 4: फीचर फोन यूजर्स इससे कौन-कौन से काम कर सकेंगे?

जवाब: PhonePe UPI 123Pay के जरिए फीचर फोन यूजर्स कई तरह के डिजिटल वित्तीय लेनदेन कर सकेंगे।

P2P ट्रांसफर: मोबाइल नंबर या UPI ID का इस्तेमाल करके किसी दूसरे व्यक्ति को पैसे भेजे जा सकेंगे।

P2M पेमेंट: दुकानदार या मर्चेंट को उसकी UPI ID के जरिए भुगतान किया जा सकेगा।

बैंक अकाउंट मैनेजमेंट: यूजर अपने बैंक खाते से जुड़ी जरूरी जानकारी हासिल कर सकेंगे। इसमें अकाउंट बैलेंस चेक करना और ट्रांजैक्शन हिस्ट्री देखना जैसी सुविधाएं शामिल हैं।

इस तरह फीचर फोन रखने वाले लोगों को छोटी-छोटी जरूरतों के लिए स्मार्टफोन पर निर्भर रहने की जरूरत कम होगी।

सवाल 5: क्या फीचर फोन से QR कोड स्कैन किया जा सकेगा?

जवाब: हां। जिन फीचर फोन में कैमरा सपोर्ट उपलब्ध है, उनके जरिए यूजर्स दुकानों पर लगे UPI QR कोड को स्कैन करके पेमेंट कर सकेंगे।

इस सुविधा से फीचर फोन रखने वाले ग्राहक दुकानदारों को सीधे डिजिटल भुगतान कर पाएंगे। यानी सिर्फ स्मार्टफोन यूजर्स तक सीमित QR पेमेंट का इस्तेमाल फीचर फोन यूजर्स भी कर सकेंगे।

सवाल 6: पहली बार डिजिटल पेमेंट करने वालों के लिए क्या मदद मिलेगी?

जवाब: डिजिटल पेमेंट की शुरुआत करने वाले यूजर्स के लिए PhonePe ने AI Voice Assistance की सुविधा दी है।

यह वॉयस असिस्टेंस अंग्रेजी के अलावा 12 भारतीय भाषाओं में यूजर्स की मदद करेगी। इसका उद्देश्य उन लोगों के लिए डिजिटल पेमेंट को आसान बनाना है, जो पहली बार UPI का इस्तेमाल कर रहे हैं।

यूजर्स को अकाउंट एक्टिवेशन, पेमेंट प्रक्रिया और दूसरे जरूरी सवालों के जवाब वॉयस के जरिए मिल सकेंगे।

सवाल 7: आगे कौन-कौन से फीचर्स जुड़ेंगे?

जवाब: PhonePe UPI 123Pay को भविष्य में और ज्यादा सुविधाओं से लैस करने की तैयारी है।

आने वाले समय में फीचर फोन से मोबाइल रिचार्ज, बिजली-पानी के बिल का भुगतान और आधार कार्ड के जरिए UPI रजिस्ट्रेशन जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा सकती हैं।

इसका मकसद फीचर फोन यूजर्स को ज्यादा से ज्यादा डिजिटल वित्तीय सेवाओं से जोड़ना है, ताकि इंटरनेट और स्मार्टफोन की अनुपलब्धता डिजिटल पेमेंट के रास्ते में बाधा न बने।

PhonePe UPI 123Pay से क्या बदलेगा?

भारत में डिजिटल पेमेंट तेजी से बढ़ा है, लेकिन स्मार्टफोन और इंटरनेट की कमी अभी भी बड़ी आबादी के लिए चुनौती है। PhonePe UPI 123Pay इसी अंतर को कम करने की कोशिश है।

अगर यह सुविधा बड़े पैमाने पर फीचर फोन में उपलब्ध होती है, तो ग्रामीण क्षेत्रों और छोटे कस्बों में रहने वाले करोड़ों लोग बिना स्मार्टफोन के भी डिजिटल पेमेंट का इस्तेमाल कर सकेंगे। इससे कैश पर निर्भरता कम करने और डिजिटल भुगतान को ज्यादा लोगों तक पहुंचाने में मदद मिल सकती है।

Related Posts

होटल में 3 लड़कियों के साथ पकड़े गए MP के कांग्रेस नेता… जीतू पटवारी ने लिया सख्त एक्शन

उमाकांत त्रिपाठी।असम में हाल ही में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद राहत और पुनर्वास को…

1 of 877

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *