खबर इंडिया की।असम के गुवाहाटी से एक दिल दहला देने वाला Guwahati Murder मामला सामने आया है। हाटीगांव इलाके में एक युवक ने कथित तौर पर अपनी 25 वर्षीय पत्नी रिया तालुकदार की हत्या कर दी। आरोप है कि हत्या के बाद आरोपी पति ने पत्नी के शव के साथ बेहद क्रूरता की। उसने महिला के सिर को धड़ से अलग कर दिया और उसे ब्लैक पॉलिथीन में लपेटकर फ्रिज में रख दिया। वहीं, महिला के दोनों हाथों की उंगलियां भी काट दी गईं।
मामले का खुलासा रविवार को उस वक्त हुआ, जब फ्लैट से तेज बदबू आने लगी। पड़ोसियों को शक हुआ तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और फ्लैट का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुई। तलाशी के दौरान पुलिस को महिला का धड़ बरामद हुआ। इसके बाद जांच आगे बढ़ी तो फ्रिज से महिला का कटा हुआ सिर भी मिला।
पुलिस ने इस मामले में रिया के पति रामानुजन गोस्वामी को सोमवार सुबह गिरफ्तार कर लिया। हत्या के बाद से ही वह फरार था। पुलिस अब उससे पूछताछ कर हत्या की वजह और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं का पता लगाने में जुटी है।
हत्या के बाद कमरे में ही खाना बनाया और खाया
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि कथित तौर पर पत्नी की हत्या करने के बाद आरोपी उसी कमरे में मौजूद रहा। बताया जा रहा है कि उसने वारदात के बाद कमरे में खाना बनाया और खाया भी था।
जांच के मुताबिक, आरोपी ने शव को ठिकाने लगाने के लिए उसे काटने की कोशिश की। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि उसका कथित तौर पर शव को कुत्तों को खिलाने का प्लान था। हालांकि, खाना खाने के बाद वह फ्लैट से फरार हो गया।
पड़ोसियों को जब घर से लगातार तेज बदबू आने लगी तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर फ्लैट खोला और अंदर की स्थिति देखकर मामले की गंभीरता का पता चला।
6 महीने पहले हुई थी रिया और रामानुजन की शादी
जानकारी के मुताबिक, रिया तालुकदार और रामानुजन गोस्वामी की शादी करीब छह महीने पहले ही हुई थी। शादी के बाद दोनों गुवाहाटी के हाटीगांव इलाके में किराए के फ्लैट में रह रहे थे।
रिया फैंसी बाजार के एसी मार्केट इलाके में स्थित एक बुटीक में काम करती थी। बताया गया है कि उसके परिवार में उसका एक भाई है। वहीं, आरोपी रामानुजन कैब चलाने का काम करता था।
इतने कम समय पहले शादी होने के बावजूद यह घटना सामने आने से इलाके के लोग भी हैरान हैं। फिलहाल पुलिस दंपती के बीच संबंधों और हत्या से पहले की परिस्थितियों की जांच कर रही है।
धुबरी में आरोपी के खिलाफ पहले से केस दर्ज
पुलिस जांच में यह जानकारी भी सामने आई है कि रामानुजन गोस्वामी का पैतृक घर असम के धुबरी जिले के गौरीपुर में है। उसके माता-पिता वहीं रहते हैं।
आरोपी के खिलाफ धुबरी थाने में एटीएम चोरी से संबंधित मामला दर्ज होने की जानकारी मिली है। पुलिस अब उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और इस वारदात के बीच किसी संभावित संबंध की भी जांच कर रही है।
पुलिस ने आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। दोनों मोबाइल की जांच की जा रही है। पुलिस कॉल डिटेल, चैट और अन्य डिजिटल जानकारी के जरिए यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या से पहले और बाद में आरोपी किन लोगों के संपर्क में था।
पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस ने शव के हिस्सों को बरामद करने के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से मौत की सही वजह, हत्या का संभावित समय और शरीर पर किए गए वार की जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
फिलहाल Guwahati Murder मामले में हत्या की स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और घटनाक्रम को जोड़ने के लिए सबूत जुटा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या आरोपी ने अकेले ही पूरी वारदात को अंजाम दिया।














