खबर इंडिया की।अजय देवगन की मोस्ट अवेटेड फिल्म Drishyam 3 Trailer बुधवार को रिलीज हो गया है। ‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी के इस तीसरे और आखिरी चैप्टर में एक बार फिर अजय देवगन विजय सालगांवकर के किरदार में नजर आ रहे हैं। करीब 2 मिनट 52 सेकंड लंबे ट्रेलर में विजय के सामने इस बार पहले से कहीं बड़ी चुनौती दिखाई गई है। परिवार के डार्क सीक्रेट को कानून से बचाने की उसकी कोशिश अब सिर्फ दिमागी खेल तक सीमित नहीं रही, बल्कि यह उसके और पुलिस के बीच अस्तित्व की लड़ाई बन गई है।
फिल्म में अजय देवगन के साथ तब्बू IG मीरा देशमुख और श्रिया सरन नंदिनी के किरदार में वापसी कर रही हैं। वहीं इस बार जयदीप अहलावत और प्रकाश राज की एंट्री कहानी को नया मोड़ देती है। दोनों किरदार विजय सालगांवकर के लिए मुश्किलें बढ़ाते नजर आ रहे हैं।
Drishyam 3 Trailer में विजय के सामने सबसे बड़ी चुनौती
Drishyam 3 Trailer की शुरुआत से ही साफ हो जाता है कि विजय सालगांवकर के सामने इस बार मामला बेहद गंभीर है। पिछली फिल्मों की तरह वह अपनी समझदारी और प्लानिंग से पुलिस को चकमा देने की कोशिश करता दिखाई देता है, लेकिन इस बार जांच करने वाले अधिकारी भी विजय की चालाकी को अच्छी तरह समझते हैं।
ट्रेलर में अजय देवगन कहते हैं, “उनके बहुत ही मजबूत सबूत हैं।” इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि इस बार पुलिस के पास विजय के खिलाफ पहले से ज्यादा ठोस सुराग हैं।
जयदीप अहलावत फिल्म में क्राइम ब्रांच के SP की भूमिका निभा रहे हैं। उनका किरदार विजय को सिर्फ एक साधारण अपराधी नहीं समझता, बल्कि उसकी सोच और चालों को पहचानता है। ट्रेलर में प्रकाश राज का किरदार विजय के बारे में कहता है, “अनपढ़ है, बेवकूफ नहीं। इसे मैं हल्के में लेने की कोशिश नहीं करूंगा।”
विजय और पुलिस के बीच होगा दिमाग का खतरनाक खेल
‘दृश्यम’ की सबसे बड़ी खासियत हमेशा से इसकी कहानी और दिमागी खेल रहा है। Drishyam 3 Trailer में भी इसी रोमांच को आगे बढ़ाया गया है, लेकिन इस बार कहानी में किस्मत का एंगल भी दिखाई दे रहा है।
ट्रेलर में एक डायलॉग सुनाई देता है, “अब ये खेल दिमाग का नहीं नसीब का बन चुका है।” यह लाइन फिल्म की कहानी में आने वाले बड़े बदलाव की ओर इशारा करती है।
विजय का परिवार अभी भी उसकी सबसे बड़ी ताकत और कमजोरी है। अपने परिवार को बचाने के लिए वह किसी भी हद तक जाने को तैयार नजर आता है। ट्रेलर में उसका डायलॉग है, “फैमिली के लिए आदमी खुद को हर कदम पर तोड़ता है।”
इसके साथ ही ट्रेलर के आखिर में विजय को लेकर कहा जाता है, “तुम सोच भी नहीं सकते कि वो साधारण आदमी क्या से क्या बन सकता है।” यह लाइन फिल्म के क्लाइमैक्स को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा देती है।
Drishyam 3 को बताया गया फ्रेंचाइजी का आखिरी चैप्टर
Drishyam 3 को इस फ्रेंचाइजी का आखिरी चैप्टर बताया जा रहा है। फिल्म का निर्देशन अभिषेक पाठक ने किया है, जबकि इसे स्टार स्टूडियोज और पैनोरमा स्टूडियोज ने मिलकर प्रोड्यूस किया है।
गोवा में ट्रेलर लॉन्च के दौरान अजय देवगन ने बताया कि ‘दृश्यम 2’ के बाद उन्हें खुद नहीं पता था कि फिल्म का तीसरा पार्ट बनेगा या नहीं। उनके मुताबिक, कहानी को आगे बढ़ाना आसान काम नहीं था, क्योंकि इसे वहीं से आगे ले जाना था जहां पिछली फिल्म खत्म हुई थी और साथ ही दर्शकों के लिए नए ट्विस्ट और टर्न भी लाने थे।
अजय ने बताया कि निर्देशक अभिषेक पाठक एक आइडिया लेकर उनके पास आए थे। यह आइडिया सभी को पसंद आया। इसके बाद अभिषेक ने करीब ढाई साल तक राइटर्स के साथ मिलकर कहानी पर काम किया। अजय ने स्क्रिप्ट को शानदार बताया।
अजय देवगन चाहते हैं मोहनलाल जरूर देखें फिल्म
अजय देवगन ने यह भी स्पष्ट किया कि हिंदी Drishyam 3 की कहानी मलयालम ‘दृश्यम 3’ से पूरी तरह अलग है। उन्होंने इच्छा जताई कि ओरिजिनल फिल्म के स्टार मोहनलाल और उनकी टीम हिंदी फिल्म जरूर देखें।
अजय के मुताबिक, अगर मोहनलाल और ओरिजिनल टीम को फिल्म पसंद आती है तो यह उनके लिए बेहद खुशी की बात होगी। उनका मानना है कि ‘दृश्यम’ की कहानी को उसकी ऊंचाई पर खत्म करना ही बेहतर है।
जयदीप अहलावत ने अक्षय खन्ना से तुलना पर क्या कहा?
फिल्म में जयदीप अहलावत की एंट्री भी काफी चर्चा में है। पिछली फिल्म में अक्षय खन्ना ने पुलिस अधिकारी का किरदार निभाया था। ऐसे में जयदीप की तुलना अक्षय से किए जाने की संभावना थी।
हालांकि जयदीप अहलावत ने कहा कि उन्होंने इस भूमिका को कभी अक्षय खन्ना की जगह लेने के तौर पर नहीं देखा। उनके मुताबिक, पिछली फिल्म में एक किरदार की कहानी खत्म हुई और इस फिल्म में एक नया किरदार पेश किया गया है।
जयदीप ने कहा कि दोनों किरदारों की पहचान और कहानी अलग है, इसलिए बतौर अभिनेता तुलना के बारे में सोचना उचित नहीं है। फिल्म में उनके किरदार के जरिए मीरा देशमुख और सालगांवकर परिवार के साथ एक नई तरह की कहानी और रिश्ते देखने को मिलेंगे।
कुल मिलाकर Drishyam 3 Trailer ने फिल्म को लेकर दर्शकों की उम्मीदें काफी बढ़ा दी हैं। विजय सालगांवकर के सामने इस बार मजबूत सबूत, नई जांच और पहले से ज्यादा चालाक पुलिस अधिकारी हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि परिवार को बचाने के लिए विजय इस बार कौन-सी नई चाल चलता है और क्या वह एक बार फिर कानून को मात दे पाएगा।














