पूर्व मुख्यमंत्रियों पर दांव लगाकर होगा 400 पार, कर्नाटक के चुनावी मैदान में जगदीश शेट्टार-बसवराज बोम्मई को उतार सकती है बीजेपी

पूर्व मुख्यमंत्रियों पर दांव लगाकर होगा 400 पार, कर्नाटक के चुनावी मैदान में  जगदीश शेट्टार-बसवराज बोम्मई को उतार सकती है बीजेपी

उमाकांत त्रिपाठी।भारतीय जनता पार्टी लोकसभा चुनावों में कर्नाटक में बड़ी जीत हासिल करने की प्लानिंग कर रही है। इसके लिए BJP दो पूर्व मुख्यमंत्रियों बसवराज बोम्मई और जगदीश शेट्टार को मैदान में उतारने की चर्चा कर रही है।
ये दोनों ही कर्नाटक के लिंगायत समुदाय से जुड़े हैं, जो BJP के लिए बड़ा वोट बेस माना जा रहा है। आबादी के लिहाज से लिंगायत 17% और वोक्कालिगा 15% हैं लेकिन ये सरकार बनाने या फिर उसे गिराने की भी ताकत रखते हैं।

पार्टी के सीनियर नेता येदियुरप्पा बोले
पार्टी के सीनियर नेता BS येदियुरप्पा ने गुरुवार को कहा कि बोम्मई और शेट्टार समेत राज्य की सभी 28 लोकसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों को लेकर गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा से चर्चा हुई है, लेकिन अभी अंतिम फैसला नहीं लिया गया है।येदियुरप्पा ने यह भी संकेत दिया कि भाजपा कर्नाटक में गठबंधन सहयोगी JDS को दो-तीन सीटें दे सकती है। लेकिन इस पर भी मोदी ही आखिरी फैसला लेंगे।

 

195 सीटों का ऐलान कर चुकी है BJP
भारतीय जनता पार्टी ने वर्किंग कमेटी की बैठक के बाद 2 मार्च को 16 राज्य और 2 केंद्र शासित प्रदेशों में 195 कैंडिडेट के नाम का ऐलान किया था। इस लिस्ट में 34 केंद्रीय मंत्रियों को टिकट मिला है। वहीं, सूची में 28 महिलाएं, 27 एससी, 18 एसटी, 57 ओबीसी नाम हैं। 50 साल से कम उम्र के 47 कैंडिडेट हैं, जिन्हें पार्टी ने युवा कहा है।

बोम्मई-शेट्‌टार पर चर्चा
बीएस येदियुरप्पा ने कहा कि 6 मार्च को सभी 28 लोकसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों पर चर्चा की गई है। किसे टिकट दिया जाना चाहिए, यह अभी तक तय नहीं हुआ है। इस सब पर प्रधानमंत्री के साथ चर्चा की जाएगी। उसके बाद 2-3 दिन में स्थिति साफ होगी। येदियुरप्पा बोले कि बोम्मई और जगदीश शेट्टार को लेकर चर्चा हुई है, लेकिन किसे कहां से टिकट दिया जाएगा, यह अभी तय नहीं हुआ है।

शिवकुमार उदासी ने राजनीति से लिया संन्यास
येदियुरप्पा के मुताबिक गुरुवार (7 मार्च) को बीजेपी के सीनियर लीडर्स के साथ चर्चा का एक दौर और होगा। जिसमें कुछ फैसले लिए जा सकते हैं। उन्होंने 25 सीटें जीतने का भी भरोसा जताया और कहा कि इस दिशा में प्रयास जारी हैं।
हालांकि बैठक के बाद से ही राज्य में चर्चाएं शुरू हो गई हैं कि बोम्मई, जो शिगगांव से विधायक हैं। उन्हें हावेरी से मैदान में उतारा जा सकता है, क्योंकि यहां से पार्टी के मौजूदा सांसद शिवकुमार उदासी ने कार्यकाल खत्म होने के बाद राजनीति से संन्यास लेने की घोषणा की है।

कांग्रेस से लौटे शेट्‌टार
ये अटकलें भी लगाई जा रही हैं कि शेट्टार को बेलगाम (बेलगावी) से मैदान में उतारा जा सकता है। फिलहाल इस सीट पर पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री सुरेश अंगड़ी की पत्नी मंगला अंगड़ी सांसद हैं। उन्होंने 2021 के उपचुनाव में कांग्रेस के सतीश जारकीहोली को 5 हजार वोटों से जीत हासिल की थी।
भाजपा इस सीट को बरकरार रखने के लिए मंगला की जगह एक मजबूत उम्मीदवार लाना चाहती है। इसलिए शेट्टार का नाम चर्चा में है क्योंकि वह अंगड़ी परिवार के रिश्तेदार भी हैं। उपचुनाव के दौरान शेट्‌टार इस सीट के चुनाव प्रभारी थे।