न्यूज़भारतराजनीतिहेडलाइंस

PM मोदी के जन्मदिन से BJP चलाएगी एक महीने का ‘सेवा संकल्प अभियान’, जानिए पार्टी का पूरा प्लान

उमाकांत त्रिपाठी।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) इस बार देशभर में एक महीने तक चलने वाला Seva Sankalp Abhiyan शुरू करने जा रही है। बीजेपी ने इस अभियान की रूपरेखा नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में जारी की। पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन ने बताया कि Seva Sankalp Abhiyan की शुरुआत 17 सितंबर से होगी और यह 17 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान देश के अलग-अलग हिस्सों में सेवा, स्वच्छता, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

बीजेपी के मुताबिक, इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 साल की जनसेवा के पड़ाव को लोगों तक पहुंचाना है। नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर जिम्मेदारी संभाली थी। ऐसे में 7 अक्टूबर 2026 को उनके मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालने के 25 साल पूरे हो रहे हैं। इसी उपलब्धि को केंद्र में रखते हुए पार्टी Seva Sankalp Abhiyan के जरिए प्रधानमंत्री के राजनीतिक और जनसेवा के सफर को जनता के बीच ले जाएगी।

17 सितंबर से शुरू होगा Seva Sankalp Abhiyan

Seva Sankalp Abhiyan के पहले दिन यानी 17 सितंबर को देशभर में रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। बीजेपी कार्यकर्ता और आम लोग इन शिविरों में हिस्सा लेंगे। इसी दिन शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

इस कार्यक्रम के तहत केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने वाले परिवार अपने घरों में दीप जलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करेंगे। बीजेपी का मानना है कि इस पहल के जरिए सरकारी योजनाओं से जुड़े लाभार्थियों की भागीदारी को भी अभियान का हिस्सा बनाया जाएगा।

इसके अलावा अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों पर पदयात्रा और बाइक रैली का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के जरिए लोगों के बीच सेवा और राष्ट्र निर्माण का संदेश पहुंचाने के साथ विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने की कोशिश की जाएगी।

2 अक्टूबर को चलेगा स्वच्छता अभियान

Seva Sankalp Abhiyan के दौरान 2 अक्टूबर को विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। महात्मा गांधी जयंती के मौके पर बीजेपी कार्यकर्ता देशभर में स्वच्छता से जुड़े कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।

पार्टी के मुताबिक, अभियान में केवल राजनीतिक कार्यकर्ताओं को ही नहीं, बल्कि आम लोगों को भी जोड़ने की कोशिश की जाएगी। सेवा गतिविधियों के जरिए समाज के अलग-अलग वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर रहेगा।

राहुल गांधी पर नितिन नवीन का हमला

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की अपनी आवाज में कोई दम नहीं है, इसके बावजूद वह युवाओं की आवाज बनने का दावा कर रहे हैं।

नितिन नवीन ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी युवाओं के मुद्दों को सही दिशा देने के बजाय उन्हें भटकाने की कोशिश कर रहे हैं। बीजेपी अध्यक्ष के इस बयान को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज होने की संभावना है।

गुजरात से शुरू हुआ पीएम मोदी का सफर

नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी यात्रा एक सामान्य कार्यकर्ता के तौर पर शुरू हुई थी। उन्होंने गुजरात में नर्मदा परियोजना के जरिए घर-घर पानी पहुंचाने की कोशिश और ‘वाइब्रेंट गुजरात’ के जरिए राज्य में निवेश बढ़ाने का उल्लेख किया।

बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि 2014 से पहले भारत की अर्थव्यवस्था को ‘फ्रैजाइल फाइव’ देशों में गिना जाता था, जबकि आज भारत दुनिया की तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक स्थिति मजबूत होने का भी दावा किया।

महिलाओं और युवाओं पर फोकस

Seva Sankalp Abhiyan के जरिए बीजेपी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में महिलाओं और युवाओं के लिए किए गए कामों को भी जनता तक पहुंचाएगी। नितिन नवीन ने ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ से लेकर ‘लखपति दीदी’ तक की योजनाओं का जिक्र किया।

उन्होंने नारीशक्ति वंदन अधिनियम को भी महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। इसके अलावा स्टार्टअप और यूनिकॉर्न के क्षेत्र में युवाओं की बढ़ती भूमिका का जिक्र करते हुए कहा कि आज युवा केवल नौकरी तलाशने वाले नहीं हैं, बल्कि रोजगार देने वाले भी बन रहे हैं।

विकास के साथ सांस्कृतिक विरासत पर जोर

नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में विकास के साथ देश की सांस्कृतिक विरासत पर दिए गए जोर का भी उल्लेख किया। उन्होंने राम मंदिर, काशी विश्वनाथ, सोमनाथ और महाकाल जैसे धार्मिक स्थलों पर हुए विकास कार्यों को गिनाया।

उन्होंने सीमावर्ती गांवों को लेकर बदली सोच का भी जिक्र किया। उनके मुताबिक, पहले सीमावर्ती इलाकों को ‘भारत का आखिरी गांव’ कहा जाता था, लेकिन अब इन्हें ‘भारत का प्रथम गांव’ कहने पर जोर दिया जा रहा है।

बीजेपी के अनुसार, Seva Sankalp Abhiyan केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 साल के जनसेवा सफर को जनता तक पहुंचाने का अभियान नहीं है, बल्कि इसके जरिए सेवा गतिविधियों में आम लोगों की भागीदारी बढ़ाने और विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने की कोशिश भी की जाएगी।

Related Posts

1 of 889

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *