उमाकांत त्रिपाठी।कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने शायद पहली बार गृहमंत्री अमित शाह की तारीफ की है. इतना ही नहीं, सिर्फ 25 दिन में वादा पूरा करने पर खुशी भी जताई है. प्रियंका गांधी 4 दिसंबर को संसद सत्र के दौरान शाह से मिली थीं और वायनाड में विनाशकारी लैंडस्लाड से हुए नुकसान को गंभीर प्राकृतिक आपदा घोषित करने की मांग की थी. सोमवार को गृहमंत्री ने उनकी मांग को मानते हुए वायनाड लैंड्सलाइड को गंभीर प्राकृतिक आपदा घोषित कर दिया.
इस आपदा में 200 से अधिक लोगों की मौत हुई
केरल के वायनाड में 30 जुलाई को मूसलाधार बारिश की वजह से चूरलमाला और मुंडक्कई क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर भूस्खलन हुआ. इस आपदा में 200 से अधिक लोगों की मौत हो गई. कई लोग घायल हो गए. हजारों लोगों के घर उजड़ गए. खेत-खलिहान बह गए. इसे केरल के इतिहास में सबसे भयानक प्राकृतिक आपदाओं में से एक माना गया. वहां हालात इतने खराब थे कि लोगों को मदद नहीं मिल पा रही थी. वायनाड से सांसद प्रियंका गांधी जब इन लोगों के बीच गईं, तो उन्होंने मुद्दा उठाया और मदद की गुहार लगाई.
प्रियंका गांधी ने गृहमंत्री से मिलकर बताया था पीड़ितों का दर्द
प्रियंका गांधी जब दिल्ली पहुंचीं तो उन्होंने गृहमंत्री से मुलाकात कर पीड़ितों का दर्द बयां किया. इसके बाद गृहमंत्रालय के एक आधिकारिक सूत्र ने बताया कि सरकार ने लैंडस्लाइड की तीव्रता और असर को देखते हुए इसे गंभीर प्राकृतिक आपदा घोषित कर दिया है. इस बारे में केरल सरकार को एक पत्र भी भेजा गया है. ऐसी आपदाओं में शुरू में राज्य सरकार लोगों की मदद करती है और बाद में मंत्रियों की एक टीम इसका अध्ययन करती है और राज्य सरकार को नेशनल डिजास्टर मैनेजमेंट फंड से पैसा लौटा दिया जाता है.
जानिए- प्रियंका गांधी ने क्या कहा
केंद्र के इस फैसले के बाद कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने खुशी जताई. उन्होंने गृृहमंत्री को टैग करते हुए एक्स पर लिखा,कि-मुझे खुशी है कि गृहमंत्री अमित शाह ने अंततः वायनाड त्रासदी को गंभीर प्रकृति की आपदा घोषित करने का निर्णय लिया है. इससे पुनर्वास की आवश्यकता वाले लोगों को काफी मदद मिलेगी और यह निश्चित रूप से सही दिशा में एक कदम है. यदि इसके लिए पर्याप्त धनराशि भी सरकार जल्द से जल्द आवंटित कर दे तो हम आभारी रहेंगे.















