उमाकांत त्रिपाठी। वाराणसी में भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला का शुभारंभ रविवार को हुआ। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का भाजपाइयों ने भव्य स्वागत किया। वाराणसी में टीएफसी में आयोजित भाजपा की कार्यशाला का शुभारंभ रविवार को हुआ। इस दौरान भाजपाइयों ने भारत माता की जय के नारे लगाए। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ और कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह भी मौके पर पहुंचे। भाजपाइयों ने उनका भव्य स्वागत किया।
सुशासन पर ये बोले योगी
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कार्यशाला में शामिल सभी कार्यकर्ताओं का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि बाबा विश्वनाथ की इस पावन धरा पर एकत्र होकर इस कार्यशाला में सहभागी बन रहे हैं। प्रदेश के अलग- अलग जनपदों से लंबी दूरी तय करके आए हैं। दूर- दूर से जो कार्यकर्ता आए हैं आप सबका स्वगत करता हूं। आपका उत्साह एक नई ऊर्जा का कारण बनता है और यह ऊर्जा सकारात्मक ऊर्जा है। इसी के दम पर तो हम इस राज्य को सुशासन दे पा रहे हैं।
नकाब पहनकर गुमराह करने वाले आ गए
भाजयुमो की कार्यशाला में उन्होंने कहा- कोई जाति या धर्म से देश से बड़ा नहीं है। लेकिन, आप देख रहे हैं कि कैसे-कैसे षड्यंत्र हो रहे हैं। जिन्होंने सामाजिक ताने बाने को छिन्न-भिन्न किया, वो आज फिर से नकाब पहनकर गुमराह करने की मुद्रा में आ गए हैं। जो लोग सामाजिक न्याय के लिए समर्पित महापुरुषों का अपमान करते थे, वे आज वोट के लिए उनकी आरती उतार रहे हैं। कांग्रेस हो या समाजवादी पार्टी, जब भी इन्हें मौका मिला, उन्होंने देश की कीमत पर राजनीति की। यही फर्क है, वे देश की कीमत पर राजनीति करते हैं और हम देश के लिए राजनीति करते हैं।
सभी जिलों को मिल रही बिजली
सीएम ने कहा कि जिनकी उम्र 25 से 30 साल है या जिनकी उम्र इससे कम है उन्हें अहसास तक नहीं होगा कि उनके सामने प्रदेश पहचान को मोहताज था। यहां कोई निवेश नहीं करना चाहता था। हर चीज में भेदभाव रही, नौजवान के लिए रोजगार नहीं था। तीर्थस्थल नहीं थे। प्रदेश में पलायन हो रहा था किसान आत्महत्या कर रहे थे। उद्योग पलायन कर रहे थे। इन स्थितियों में पीएम के नेतृत्व में सरकार बनी। पीएम के आह्वान पर जनता ने पूर्ण बहुमत से सरकार बनाई। इन साढ़े सात वर्षों में एक नया उत्तर प्रदेश बना है। सीएम ने कहा कि आज आज सड़क बनाने में भेदभाव नहीं है। सभी जिलों में बिजली मिल रही है। 2017 में जनसंख्या नंबर एक पर थे, अर्थव्यवस्था में 7वें नंबर पर थे और अब 2 नंबर पर ले आए हैं।













