उमाकांत त्रिपाठी। आरएसएस की समन्वय बैठक में राष्ट्रीय मुद्दों के साथ-साथ पश्चिम बंगाल जैसे कई राज्यों के अहम विषयों पर भी चर्चा शामिल है. मोदी सरकार 3.0 बनने के बाद आरएसएस की अपने सहयोगी संगठनों के साथ यह पहली समन्वय बैठक है। केरल में हो रही RSS की इस 3 दिन की बैठक का आज दूसरा दिन है। इस बड़ी मीटिंग में संघ प्रमुख मोहन भागवत और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा मौजूद है।
खबरों की मानें तो आज इस बैठक में नए BJP अध्यक्ष और 4 राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव पर चर्चा हो सकती है। RSS की बैठक 2 सितंबर तक चलेगी। इसमें सहकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले भी शामिल हुए हैं। केरल के पलक्कड़ में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (RSS) की 3 दिन की वार्षिक समन्वय बैठक रविवार सुबह 9 बजे से जारी है।
300 कार्यकर्ता हुए शामिल
बैठक में RSS के 32 सहयोगी संगठनों के 300 कार्यकर्ता शामिल हुए। इसका उद्देश्य संगठनों के बीच बेहतर तालमेल बनाने पर चर्चा करना है। मीटिंग में वायनाड में आई लैंडस्लाइड में RSS द्वारा पहुंचाई गई मदद के बारे में जानकारी दी गई। इसके अलावा RSS की शाखाओं के विस्तार और सभी संगठनों के कामकाज की भी समीक्षा की गई। संगठनों के लिए अगले एक साल का लक्ष्य भी तय किया जा रहा है।
इन मुद्दों पर हो सकती है चर्चा
लोकसभा चुनाव के नतीजों और भाजपा की सीटें घटने की वजह पर चर्चा हो सकती है।
जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, झारखंड और महाराष्ट्र में होने वाले चुनावों की रणनीति पर चर्चा हो सकती है।
महिला सुरक्षा और पश्चिम बंगाल में रेप-मर्डर केस पर बातचीत हो सकती है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के बाद इस पद के लिए नए नाम की चर्चा हो सकती है।
संघ के सहयोगी संगठन तालमेल को बेहतर कैसे बना सकते हैं, इस पर भी बातचीत होगी।
पर्यावरण संरक्षण , खेती-किसानी और क्लाइमेट चेंज जैसे मुद्दे पर भी प्रतिनिधि मीटिंग करेंगे।
झारखंड-छत्तीसगढ़ और आदिवासी इलाकों में बढ़ रहे धर्मांतरण के मामलों पर भी चर्चा की जाएगी।
वायनाड में लैंडस्लाइड और अन्य प्राकृतिक आपदाओं में RSS की भूमिका पर बातचीत होगी।
हाल में हुई महत्वपूर्ण घटनाओं और योजनाओं के को लेकर भी चर्चा होगी।














