उमाकांत त्रिपाठी। प्रयागराज महाकुंभ में मची भगदड़ को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। उन्होंने कहा कि जिन श्रद्धालुओं ने अपने परिजनों को खोया है. उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं. इसके साथ ही मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। स्थानीय प्रशासन पीड़ितों की हरसंभव मदद में जुटा हुआ है। इस सिलसिले में मैंने मुख्यमंत्री योगी जी से बातचीत की है और मैं लगातार राज्य सरकार के संपर्क में हूं।
पीएम ने किया सीएम को फोन
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को फोन कर भगदड़ के बारे में जानकारी ली और तत्काल राहत पहुंचाने को कहा। जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को बताया है कि सब कुछ नियंत्रण में हैं।
स्नान के दौरान मची भगदड़
प्रयागराज महाकुंभ में मौनी अमावस्या पर्व के अमृत स्नान के दौरान भगदड़ मचने से कई श्रद्धालु घायल हो गए। सभी को तत्काल केंद्रीय अस्पताल ले जाया गया। उधर महाकुंभ मेला क्षेत्र में भगदड़ की सूचना के बाद अखाड़ों ने शाही स्नान को रोक दिया है। साथ ही लोगों से अपील की है कि पूरा मेला क्षेत्र है संगम है और किसी भी घाट पर स्नान करने से वही पुण्य मिलेगा जो कि संगम नोज पर मिलता है।
ऐसे मची थी भगदड़
बता दें कि महाकुंभ में 44 घाट बनाये गए हैं, लेकिन श्रद्धालु बड़ी संख्या में संगम नोज पहुंच रहे हैं। जिसकी वजह से भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हुई. हालांकि, अब स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया है, और अधिकारी क्राउड मैनेजमेंट में जुटे हुए हैं। अधिक भीड़ की वजह से हुई भगदड़ के बाद 10 जिलों के डीएम को ग्राउंड जीरो पर उतारकर क्राउड मैनेजमेंट किया जा रहा है। फिलहाल शहर के बाहर ही श्रद्धालुओं को रोका गया है। अब जितनी भीड़ स्नान कर के लौट रही है, उतनी ही संख्या में श्रद्धालुओं को मेला क्षेत्र में भेजा जा रहा है।













