खबर टीम इंडिया की। आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2023 (CWC 2023) के पहले 25 मैचों में शायद ही कोई मुकाबला करीबी रहा और इसी वजह फैंस को निराशा हो रही थी लेकिन उनका इंतजार खत्म हुआ और टूर्नामेंट में दो लगातार रोमांचक मैच देखने को मिले। बीते शुक्रवार को दक्षिण अफ्रीका और पाकिस्तान के बीच मुकाबले का करीब अंत हुआ, वहीं आज धर्मशाला में 27वें मैच में ऑस्ट्रेलिया को न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 रन से रोमांचक जीत हासिल हुई। पहले खेलते हुए ऑस्ट्रेलिया ने 49.2 ओवर में सभी विकेट खोकर 388 रन बनाये, जवाब में न्यूजीलैंड टीम पूरे ओवर खेलकर 383/9 का ही स्कोर बना पाई। ऑस्ट्रेलिया के ट्रैविस हेड को 67 गेंदों में 109 रनों की पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया ने लगातार चौथी जीत दर्ज की, जबकि न्यूजीलैंड को लगातार दूसरे मुकाबले में हार मिली।
आखिरी ओवर रहा बेहद रोमांचक
मैच में सबसे रोमांच आखिरी ओवर में रहा, जिसमें न्यूजीलैंड को जीत के लिए 19 रन चाहिए थे। पहली चार गेंदों पर आसानी से 12 रन आ गए थे और लग रहा था कि न्यूजीलैंड वर्ल्ड कप में सबसे बड़े रन चेज का रिकॉर्ड बनाएगी लेकिन ऐसा नहीं हुआ। पांचवीं गेंद पर जेम्स नीशाम (58) रन आउट हो गए और आखिरी गेंद पर कोई रन नहीं आया। इस तरह ऑस्ट्रेलिया ने 5 रन से जीत दर्ज की। वहीं, न्यूजीलैंड को निराशा हाथ लगी। न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया लेकिन ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत बेहद जबरदस्त रही। डेविड वॉर्नर और ट्रैविस हेड की जोड़ी ने पावरप्ले में ही 118 रन जड़ दिए, जो वर्ल्ड कप के मुकाबले में किसी भी टीम द्वारा शुरूआती 10 ओवरों में दूसरा सर्वश्रेष्ठ स्कोर भी है। इन दोनों ने क्रमशः 28 और 25 गेंदों में अपना-अपना अर्धशतक पूरा किया। ऑस्ट्रेलिया ने 15वें ओवर में 150 रन पूरे किये।
बड़ी साझेदारियों ने बनाया मैच
20वें ओवर में ग्लेन फिलिप्स ने न्यूजीलैंड को पहली सफलता दिलाई और 175 के स्कोर पर डेविड वॉर्नर 65 गेंदों में 81 रन बनाकर आउट हुए। ट्रैविस हेड ने 59 गेंदों में ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे तेज चौथा वनडे शतक जड़ा और 24वें ओवर में 200 के स्कोर पर आउट होने से पहले 67 गेंदों में 109 रनों की पारी खेली। उनकी पारी में 10 चौके और सात छक्के शामिल रहे। न्यूजीलैंड ने वापसी की और अगले 74 रनों में तीन बड़े विकेट लिए। 30वें ओवर में 228 के स्कोर पर स्टीव स्मिथ (18), 264 के स्कोर पर 37वें ओवर में मिचेल मार्श (36) और 39वें ओवर में 274 के स्कोर पर मार्नस लैबुशेन (18) पांचवें विकेट के रूप में आउट हुए। यहाँ से ग्लेन मैक्सवेल (41) और जोश इंग्लिस (38) 51 रनों की साझेदारी करते हुए टीम के स्कोर को 325 तक ले गए।













