Gwalior Rape Case: खबर इंडिया की।मध्य प्रदेश के ग्वालियर में दिवाली मनाने रिश्तेदार के घर आई 11 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना बहोड़ापुर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। आरोप है कि बच्ची की चाची के मामा ने 9 नवंबर की रात उसके साथ दुष्कर्म किया। बच्ची ने विरोध किया तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। डर के कारण बच्ची ने उस समय किसी को कुछ नहीं बताया।
अगले दिन घर लौटने पर बच्ची ने अपनी मां को पूरी आपबीती सुनाई। इसके बाद परिजन उसे लेकर बहोड़ापुर थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बुधवार को आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
दिवाली मनाने चाची के घर गई थी बच्ची
पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, बच्ची दिवाली का त्योहार मनाने अपनी चाची के घर गई थी। 9 नवंबर को वह चाचा-चाची के परिवार के साथ वहीं रुकी हुई थी। रात में सोने की व्यवस्था अलग-अलग जगह की गई थी। बच्ची अपनी दो चचेरी बहनों और चाची के मामा ब्रजमोहन (50) के साथ एक कमरे में सो रही थी। परिवार के बाकी सदस्य घर के बाहर आंगन में सो रहे थे।
आरोप है कि इसी दौरान रात में ब्रजमोहन ने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। इस घटना में बच्ची के निजी अंगों में गंभीर चोट आने की बात भी सामने आई है।
विरोध करने पर आरोपी ने दी जान से मारने की धमकी
शिकायत के अनुसार, देर रात बच्ची की नींद खुली तो उसे महसूस हुआ कि कोई उसके शरीर को छू रहा है। जब उसने देखा तो वहां ब्रजमोहन मौजूद था। बच्ची ने इसका विरोध किया, लेकिन आरोपी ने उसका हाथ पकड़ लिया।
आरोप है कि ब्रजमोहन ने बच्ची को धमकाया कि अगर उसने इस घटना के बारे में किसी को बताया तो उसे जान से खत्म कर देगा। आरोपी की धमकी से बच्ची डर गई और उस समय उसने किसी को कुछ नहीं बताया।
घर लौटने पर मां को बताई पूरी बात
10 नवंबर को बच्ची का पिता उसे वापस घर ले आया। शाम के समय बच्ची के निजी अंगों से खून आने लगा। यह देखकर उसकी मां ने उससे परेशानी का कारण पूछा।
इसके बाद बच्ची ने मां को अपने साथ हुई घटना के बारे में बताया। बच्ची की बात सुनकर मां ने पिता को जानकारी दी। परिवार के लोग बच्ची को लेकर बहोड़ापुर थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपी की तलाश जारी
बहोड़ापुर थाना प्रभारी आलोक सिंह परिहार के मुताबिक, बच्ची की शिकायत के आधार पर आरोपी ब्रजमोहन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। बच्ची के साथ हुई घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।















