उमाकांत त्रिपाठी। मध्यप्रदेश में चुनावी शंखनाद हो चुका है, चुनाव में महज 20 दिन का वक्त बचा है। बीजेपी और कांग्रेस दोनों ही पार्टिया फ्रंटफुट पर उतर गई है। हालांकि इस चुनावी समर में बीजेपी, कांग्रेस से कहीं आगे नजर आ रही है। इस बीच केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह मध्यप्रदेश के दौरे पर हैं। छिंदवाड़ा के जुन्नारदेव पहुंचे शाह ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि- मध्यप्रदेश में तीन परिवार की चलती है। गांधी, कमलनाथ और बंटाधार के परिवार की। तीन तिगाड़ा, काम बिगाड़ा। आदेश गांधी परिवार का चलता है, निर्देश कमलनाथ का और गलती होती है तो चांटा दिग्विजय यानी बंटाढार पर पड़ता हैं।’ जहां जाते हैं, वहां दिग्विजय के कपड़े फाड़ते हैं। परिवार की राजनीति करने वाले देश का भला नहीं कर सकते।
इस बार एमपी की जनता को 3 दिवाली मनानी है
शाह ने कहा कि इस बार मध्यप्रदेश में तीन दिवाली मनानी हैं। एक दिवाली के दिन, दूसरी मध्यप्रदेश में भाजपा सरकार बनेगी तब और तीसरी दिवाली तब मनेगी, जब पीएम मोदी के कर कमलों से भगवान श्रीराम लला के मंदिर का उद्घाटन होगा। इस दौरान गृहमंत्री ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि- राहुल बाबा, मंदिर बन गया, तिथि भी बता दी: आजादी के बाद से कांग्रेस राम मंदिर को लटका, भटका, अटका रही थी। जनता ने पीएम मोदी को दूसरी बार चुना। पीएम ने चुपचाप इसका भूमि पूजन कर दिया। 22 जनवरी को उद्घाटन है। राहुल बाबा हर दिन ताने देते थे कि मंदिर वहीं बनाएंगे, तिथि नहीं बताएंगे। राहुल बाबा, मंदिर बन गया, तिथि भी बता दी। जरा दर्शन करने आ जाना, आपको भी संतोष हो जाएगा। भाई-बहन इटली मूल के, पॉजिटिव नहीं दिखेगा: कांग्रेस को कुछ पॉजिटिव नहीं दिखता। भाई-बहन चुनावी राज्यों में घूम-घूमकर पूछते हैं कि क्या हुआ? आपके मूल इटली के हैं, इसलिए आप दोनों को समझ नहीं आएगा। कांग्रेस में एकता नहीं है। जो परिवार के लिए राजनीति में हैं, वो देश का भला नहीं कर सकते हैं। दिग्विजय और कमलनाथ के लोग एक-दूसरे के कपड़े फाड़ने पर उतारू रहते हैं।
तीन दिन के एमपी दौरे पर कमलनाथ से तीखे सवाल
आपको बता दें कि शाह शनिवार से तीन दिन तक मध्यप्रदेश के दौरे पर हैं। इन तीन दिनों में वे विधानसभा चुनाव की समीक्षा करेंगे। अलग-अलग संभागों के बीजेपी पदाधिकारियों की बैठक लेकर जमीनी हालात को समझेंगे।
उन्होंने कमलनाथ से सवाल किया कि- कांग्रेस वाले कहते हैं कि आदिवासियों के लिए क्या किया? अरे भाई कमलनाथ, आपके पास कोई हिसाब-किताब नहीं। कांग्रेस के दूल्हे कमलनाथ बाबू, हिम्मत है तो पीएम मोदी के काम के मुकाबले 10% भी 50 साल में कांग्रेस ने किया है, तो बताना। आप चौराहा तय कर लो, हमारे एमपी के युवा मोर्चा अध्यक्ष चर्चा के लिए तैयार हैं।













