उमाकांत त्रिपाठी। राजस्थान विधानसभा चुनाव का प्रचार अभियान आज थम जाएगा। प्रचार अभियान के आखिरी दिन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज जयपुर में एक प्रेस कान्फ्रेंस की और सीएम गहलोत पर जमकर निशाना साधा। अमित शाह ने कहा कि पूरे राजस्थान का दौरा करने के बाद मैं विश्वास के साथ बताना चाहता हूं कि राजस्थान में अगली सरकार भाजपा की सरकार बन रही है। उन्होंने कहा कि पिछले पांच सालों में सुनियोजित तरीके से दंगे किए गए, लेकिन वोट बैंक की राजनीति के चलते दंगाइयों पर कठोर कार्रवाई नहीं की गई। राजस्थान ने हमेशा मोदी जी के साथ खड़े रहकर भाजपा का स्वागत किया है। परिवारवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की राजनीति का कांग्रेस सरकार ने जो परिचय दिया है उससे जनता बहुत दुखी है।
शाह ने फिर किया लाल डायरी का जिक्र
अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस की लाल डायरी भ्रष्टाचार की प्रतीक है। उन्होंने कहा कि- दिवाली में कब सबसे कम लाल डायरी बिकी है लोगों को डर लग रहा है कि लाल डायरी खरीद कर किसी को भेंट करेंगे तो लोगों को लगेगा कि भ्रष्टाचार की डायरी है। वहीं, दूसरी ओर भाजपा ने राजस्थान में करोड़ों लोगों को केंद्र की योजनाओं का लाभ पहुंचाया है। मैंने कई बार आम सभाओं में कांग्रेस सरकार से पूछा कि जब केंद्र में 10 साल तक (2004 से 2014) आपकी सरकार थी तब आपने राजस्थान के लिए क्या किया लेकिन इसका जवाब राजस्थान की सरकार नहीं देती है। राजस्थान के लोग गहलोत सरकार को विदाई देने वाले हैं। यह राज्य हमेशा मोदी के साथ खड़ा रहा है।
पेपर लीक पर गहलोत सरकार को घेरा
उन्होंने आगे कहा कि- 2004 से 2014 तक दो लाख करोड़ रुपया राजस्थान सरकार ने कांग्रेस को दिया था। मतलब दस साल में दो लाख करोड़ दिया। वहीं, भाजपा ने नौ साल में आठ लाख 70 हजार करोड़ रुपया राजस्थान को दिया है। इसके साथ-साथ 7 लाख करोड़ के काम केंद्रीय प्रोजेक्ट के रूप में किए हैं। राजस्थान की जनता इस बार जादुगर बनकर कांग्रेस को गायब करने वाली है। मोदी जी के नेतृत्व में 11वें नंबर की अर्थव्यवस्था को 5वें नंबर पर लाए हैं, तिरंगे को चंद्रमा पर पहुंचाने का काम किया और जी20 में भारत की कूटनीति का ध्वज पूरी दुनिया में लहाराकर भारत को सम्मान देने का काम मोदी जी ने किया है। पेपरलीक मामले को लेकर अशोक गहलोत सरकार पर निशाना साधते हुए अमित शाह ने कहा, ‘अभी तक 15 पेपरलीक हुए मगर किसी में भी आजतक परिणाम डायरी जांच कर पेश नहीं किया।














