न्यूज़भारतहेडलाइंस

पीएम मोदी ने टटोली देवगढ़ की नब्ज, गहलोत सरकार पर बोले- इससे बड़ी महिला विरोधी सरकार नहीं देखी

उमाकांत त्रिपाठी। आने वाली 25 नवंबर को राजस्थान की 200 सीटों पर चुनाव होने हैं। ऐसे में कांग्रेस और भाजपा चुनावी प्रचार प्रसार में कोई कसर छोड़ती नजर नहीं आ रही है। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजस्थान के देवगढ़ पहुंचे।
उन्होंने कहा कि- मैंने आज तक इससे बड़ी महिला विरोधी सरकार नहीं देखी, इसलिए राज्य के जन जन ने कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प ले लिया है। जल हो, नभ हो, थल हो… कांग्रेस का पंजा एक ही काम करता है…, लूटो। पीएम मोदी ने आगे कहा कि- आज राजस्थान में बहुत सारी शादियां हैं और इन शादियों के कारण इलेक्शन कमीशन ने चुनाव की तिथि बदल दी, ताकि शादियों में रुकावट न आए। ऐसे में राजस्थान की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है कि पूरी जिम्मेदारी के साथ आप मतदान करेंगे, पिछले चुनाव के मतदान से ज्यादा वोटिंग होनी चाहिए। राजस्थान के इस चुनाव में हमारी माताओं, बहनों और बेटियों ने जिस प्रकार से भाजपा का झंडा उठा लिया है, वो काबिले-तारीफ है।

डंके की चोट पर कहता हूं, अब कांग्रेस नहीं आएगी

देवगढ़ की सभा में पीएम मोदी के निशाने पर गहलोत सरकार ही रही। उन्होंने कहा कि- आज राजस्थान में हर तरफ से एक ही बात सुनाई देती है-गहलोत जी, कोनी मिलै वोट जी। मैं डंके की चोट पर कहा है कि राजस्थान में अब कभी भी गहलोत सरकार की वापसी नहीं होगी। बहुत ऐसे लोग हैं, जो बीजेपी की ताकत को जानते ही नहीं हैं, उनको लगता है कि मोदी को गाली दे दोगे तो उनकी गाड़ी चल जाएगी। लेकिन उनको पता नहीं है कि ये ऐसी पार्टी है जिसे कार्यकर्ताओं ने अपने खून-पसीने से बनाया है। ये पार्टी ऐसी है, जिसमें चार-चार पीढ़ियां खप गई हैं। ये चुनाव सिर्फ विधायक, मंत्री और मुख्यमंत्री बनाने का नहीं है। ये चुनाव विकसित भारत के लिए, विकसित राजस्थान की आधारशिला रखने का चुनाव है। इसलिए राजस्थान से कॉन्ग्रेस का सफाया होना जरूरी है।

मंच से सभी देशवासियों को दी शुभकामनाएं

पीएम मोदी ने आगे कहा कि- 5 साल पहले जब यहां कांग्रेस की सरकार बनी थी तो उसने भाजपा सरकार की सारी अच्छी योजनाओं पर ताला लगा दिया था. 3 दिसंबर को जो भाजपा सरकार यहां बनेगी वो कांग्रेस जैसा जन विरोधी काम नहीं करेगी। मेरा सौभाग्य है कि आज चुनाव अभियान की आखिरी सभा यहां देवगढ़ में हो रही है। आज देवोत्थान एकादशी भी है, आज तुलसी विवाह का पर्व है, आज श्री खाटू श्याम जी की जन्मोत्सव का पावन पर्व है। मैं देश के लोगों को, राजस्थान के लोगों को, 140 करोड़ देशवासियों की तरफ से बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूं। आपको बता दें कि राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 के लिए शनिवार 25 नवंबर को मतदान सुबह 7 बजे से शुरू होकर शाम 6 बजे खत्म हो जाएगा। एक चरण में ही पूरे प्रदेश में चुनाव होगा और आज यानी 23 नवंबर को शाम पांच बजे के बाद प्रत्याशियों का चुनाव प्रचार भी थम जाएगा।

Related Posts

1 of 806

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *