उमाकांत त्रिपाठी।हरियाणा के कुख्यात गैंगस्टर काला जठेड़ी और लेडी डॉन अनुराधा चौधरी मंगलवार को शादी के बंधन में बंध गए। दोनों की शादी दिल्ली के द्वारका इलाके के एक बैंक्वेट हॉल में संपन्न हुई। यह हॉल तिहाड़ जेल से करीब 12 किमी दूर है। काला जठेड़ी ने अनुराधा चौधरी की मांग भर कर उसे अपना जीवनसाथी बना लिया है।
6 घंटे की कस्टडी पैरोल मिलने के बाद दूल्हे काला जठेड़ी की बारात में पुलिसकर्मी भी बैंक्वेट हॉल पहुंचे थे। उसके पास शादी संपन्न करने के लिए सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक का समय था। दोनों ने इसी समय-सीमा के बीच शादी की तमाम रस्में पूरी कीं और विधिवत पति-पत्नी बने। इसके बाद काला जठेड़ी वापस तिहाड़ जेल चला गया।
सोमवार को हुई मेहंदी की रस्म
लेडी डॉन अनुराधा चौधरी ने सोमवार को अपने पति संदीप उर्फ काला जठेड़ी के नाम की मेहंदी लगाई थी। उसने हाथों पर मेहंदी की डिजाइन में अपना और संदीप का नाम भी लिखवाया। मेहंदी की यह रस्म पूरी विधिपूर्वक अदा की गई थी। इसके बाद मंगलवार को अनुराधा सुर्ख लाल साड़ी में तैयार होकर दिल्ली पहुंची थी।
पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था की पुख्ता
काला जठेड़ी और अनुराधा चौधरी के दुश्मनों की फेहरिस्त को देखते हुए पुलिस की तरफ से सुरक्षा पुख्ता की गई थी। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और क्राइम ब्रांच की टीमों के अलावा 150 से ज्यादा पुलिसकर्मी मॉडर्न हथियारों से लैस होकर दोनों के बीच बने रहे। इसके अलावा करीब एक हजार पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी।
कल होगा गृह प्रवेश
गैंगस्टर संदीप उर्फ काला जठेड़ी और लेडी डॉन अनुराधा चौधरी की शादी के बाद 13 मार्च को हरियाणा के सोनीपत स्थित जठेड़ी गांव में गृह प्रवेश का कार्यक्रम है। जठेड़ी के वकील के मुताबिक 13 मार्च को 3 घंटे की पैरोल मिली है।
मध्यप्रदेश के इंदौर में हुई थी दोनों की मुलाकात
संदीप उर्फ काला जठेड़ी और अनुराधा चौधरी की पहली मुलाकात मध्यप्रदेश के इंदौर में हुई थी। इसका खुलासा खुद अनुराधा चौधरी ने किया। उस वक्त दोनों कई मुकदमों में फरारी काट रहे थे। दोनों की ये मुलाकात पहले दोस्ती और फिर प्यार में बदल गई। इसके बाद फरारी के दौरान ही दोनों लिव-इन-रिलेशनशिप में 9 माह तक रहे। हालांकि जुलाई 2021 में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने दोनों को यूपी के सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया था।














