न्यूज़भारतहेडलाइंस

झारखंड के कोडरमा में पीएम मोदी की जनसभा, जनता से कहा- आपका एक वोट आपका बदल देगा भविष्य

उमाकांत त्रिपाठी।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारखंड के कोडरमा में मंगलवार को एक चुनावी रैली को संबोधित किया। यहां पीएम मोदी ने नक्सलवाद पर जमकर प्रहार किया। इसके साथ ही झामुमो, कांग्रेस, लेफ्ट और इंडी गठबंधन पर भी निशाना साधा। पीएम मोदी ने यहां पर मंत्री के घर पर मिले नोटों की बात करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा।

आइए, जानते हैं कोडरमा में पीएम मोदी के भाषण की 10 बड़ी बातें क्या रहीं-
1.वाराणसी सीट से नामांकन करने के बाद पीएम मोदी सीधे कोडरमा पहुंचे। यहां जाकर उन्होंने कहा कि ‘काशी के लिए मैं पीएम नहीं, एमपी हूं।

2.पीएम ने कांग्रेस की सरकार को कमजोर बताते हुए कहा कि ‘आपका एक-एक वोट देश में तीसरी बार मोदी की मजबूत सरकार बनाएगा। जब एक मजबूत सरकार होती है तो वो सबसे पहले देश का हित देखती है, देश के लोगों का हित देखती है, लेकिन जब देश में कांग्रेस जैसी कमजोर सरकार होती है तो वो देश को भी कमजोर कर देती है। ऐसी कमजोर सरकार कभी भी देशवासियों का भला नहीं कर सकती है।

3.कांग्रेस और वामदलों पर नक्सलवाद का आरोप लगाते हुए पीएम ने कहा कि ‘कांग्रेस की कमजोर सरकारों ने देश को नक्सलवाद की आग में झोंक दिया और नक्सलवाद ने देश का बहुत नुकसान तो किया ही किया, लेकिन मेरे देश की अनेक माताओं को उनकी सपनों को कुचल डाला। जो बेटे नक्सलवाद की राह पर जाकर बंदूक उठा रहे थे उन्होंने खुद को बर्बाद कर दिया, उस परिवार को बर्बाद कर दिया और उस मां को भी रोने के लिए मजबूर कर दिया। इसमें वादपंथियों ने भी अपनी रोटियां सेकी हैं। ये भाजपा की सरकार है जिसने नक्सली हिंसा पर लगाम लगाई है।

4.नक्सलवाद को खत्म करने की गारंटी देते हुए पीएम मोदी ने कहा कि ‘मोदी को चुनौतियों को टालना नहीं, मोदी को टकराना आता है और जब फौलादी हौसला हो तो बड़ी से बड़ी चुनौती भी चरण चूमने लग जाती है। आज पूरे देश में नक्सलवाद का दायरा बहुत सिकुड़ गया है और मैं कोडरमा की इस धरती से सभी देशवासियों को एक गारंटी दे रहा हूं। आतंक हो या नक्सलवाद मोदी अपने तीसरे कार्यकाल में इन पर बहुत बड़ा प्रहार करने के संकल्प ले चुका है। मोदी झारखंड को फिर से नक्सलवाद का गढ़ नहीं बनने देगा। मैं फिर से नौजवानों की जिंदगी तबाह नहीं होने दूंगा। वो दिन दूर नहीं जब पूरी आदिवासी बेल्ट खूनखराबे से मुक्त होगी और ये मोदी की गारंटी है।

5.श्रीनगर में बढ़े मतदान प्रतिशत पर पीएम मोदी ने कहा कि ‘श्रीनगर में जो मतदान हुआ है, लोकतंत्र के प्रति जो श्रद्धा व्यक्त की गई है, संविधान के प्रति जो मोहर लगाई गई है। दशकों बाद श्रीनगर में चुनाव का उत्सव था, दशकों बाद श्रीनगर के चुनाव में इतना भारी मतदान हुआ और लोग उमंग और उत्साह से भरे हुए थे, लोग कह रहे थे कि 370 जाने के कारण ये संभव हुआ है, मोदी के आने के बाद से ये संभव हुआ है। इस एक घटना से ये बात साफ हो जाती है कि मोदी के काम की दिशा सही है और मोदी के प्रयास सही परिणाम लाती है। ये श्रीनगर का मतदान पूरे देश के लिए संतोष, उमंग और उत्साह का अवसर है। मेरे लिए और जो लोग धारा 370 को लेकर मोदी को गालियां दे रहे थे, कान खोल के सुन लो ये धारा 370 की दीवार हटी है, हमारे दिलों को जोड़ दिया है। हमारे सपने हमारे अरमान एक साथ आगे बढ़ रहे हैं। भारत के लोकतंत्र के जीवन में इससे बड़ी कोई घटना नहीं हो सकती है।

6.उन्हें गोली मारने वाले इंडी गठबंधन के नेता पर निशाना साधते हुए पीएम ने कहा कि ‘मैं जब देश हित में इतने सारे काम कर रहा हूं तो झामुमो, कांग्रेस और आरजेडी वाले बौखलाए हुए हैं। संतुलन खो चुके हैं। यहीं कोडरमा में इंडी गठबंधन के नेता ने मुझे गोली मारने की बात कही थी।

7.गरीबी से मुक्ति के बारे में बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा कि ‘मैं किसी राजघराने में पैदा नहीं हुआ हूं, मैं किसी शाही परिवार में पैदा नहीं हुआ हूं और ना ही मेरे पिता किसी गांव के चुनाव में प्रधान तक बने हैं। मैं गरीब मां का बेटा हूं, चाय बेचते-बेचते यहां पहुंचा हूं और आपने मुझे पहुंचाया है और इसलिए किसी को अच्छा लगे किसी को बुरा लगे मैंने गरीबी देखी है, मैं गरीबी को जीया हूं और जो मुसीबतें मैंने झेली हैं मैं मेरे देश के गरीबों को उससे मुक्ति दिलाना चाहता हूं। इसलिए मोदी का मंत्र है वंचितों को वरीयता।

8.गरीब के इलाज के बारे में बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा कि ‘हमारे परिवारों में अगर कोई मां बीमार हो जाती वो कभी घर में किसी को बताती नहीं है। वो दर्द सहती है, पीड़ा सहती है लेकिन अपने परिवार में किसी को अपनी बीमारी के विषय में बताती नहीं है। उसके मन में यही भाव रहता है कि किसी को पता चल जाएगा तो खर्चा कहां से लाएंगे। मेरे देश के हर मां की यही सोच है। माताएं-बहनें अब आपको दर्द छिपाना नहीं है। अब आपको पीड़ा नहीं सहनी है। अब दिल्ली में आपका बेटा बैठा है। अब आपके इलाज की चिंता आपका ये बेटा करेगा। आपको एक पाई का खर्चा नहीं होगा, इलाज मैं कराउंगा।

9.अगले पांच सालों तक मुफ्त राशन देने की घोषणा करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि ‘भूख क्या होती है ये मैं जानता हूं और जब बच्चे भूखे होते हैं तो मां रात भर आंसू पीती है ये मैंने देखा है। इसलिए मैंने ये तय किया कि मैं गरीब के बच्चों को भूखे सोने नहीं दूंगा, इसलिए 80 करोड़ लोगों को मुफ्त इलाज पहुंच रहा है। लिखकर रखिए तीसरी बार आने के बाद अगले 5 साल भी मुफ्त राशन भी मिलता रहेगा।

10.वोट जिहाद और राम मंदिर पर ताला लगाने की बात करते हुए पीएम मोदी ने विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ‘इनका तुष्टिकरण का खेल अब चरम पर पहुंच गया है। ये लोग अब तक जो पर्दे के पीछे करते थे ये अब खुलेआम कह रहे हैं कि मोदी के खिलाफ वोट जिहाद करेंगे। 500 साल के बाद अयोध्या में हमारे राम जी भव्य मंदिर में विराजमान हुए। पूरा देश खुश हुआ, लेकिन इंडी वाले राम मंदिर को लेकर भद्दी-भद्दी बातें करते हैं। कुछ लोग तो ये भी कह रहे हैं कि कांग्रेस सुप्रीम कोर्ट के फैसले को बदलने की साजिश कर रही है। कांग्रेस के एक पुराने नेता आजकल कह रहे हैं कि कांग्रेस ने तय कर लिया है कि वो रामलला को फिर से टेंट में भेजेंगे। क्या आप ऐसा होने देंगे। ये कहते हैं राम मंदिर पर ताला लगा देंगे।

Related Posts

180 लड़कियां, 350 अश्लील वीडियो… आखिर क्या है अमरावती कांड, जिसकी सैकड़ों नाबालिग हुई शिकार

खबर इंडिया की। महाराष्ट्र के अमरावती जिले के परतवाड़ा से सामने आया वीडियो कांड…

हनीमून पर जा रहे कपल ने ट्रेन में की गंदी हरकतें, भड़के यात्रियों ने कहा- ये सब घर पर करो

खबर इंडिया की। सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें…

1 of 769

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *