न्यूज़भारतहेडलाइंस

फिर लोकसभा स्पीकर बनेंगे ओम बिड़ला, बीजेपी की बैठक में लगी मुहर

उमाकांत त्रिपाठी।राजस्थान की कोटा-बूंदी सीट से लगातार तीसरी बार जीतने वाले ओम बिड़ला को फिर लोकसभा अध्यक्ष बनाया जा सकता है। सूत्रों के मुताबिक, भाजपा की बैठक में उनके नाम पर मुहर लग गई है। BJP बिड़ला का नाम फाइनल करने के लिए अब NDA के सहयोगी दलों के साथ मीटिंग करेगी।
माना जा रहा है कि लोकसभा स्पीकर की रेस में शामिल भाजपा की आंध्र प्रदेश अध्यक्ष डी. पुरंदेश्वरी को लोकसभा उपाध्यक्ष बनाया जा सकता है। पुरंदेश्वरी चंद्रबाबू नायडू की पत्नी नारा भुवनेश्वरी की बहन हैं। उन्होंने नायडू का उस वक्त समर्थन किया था, जब उनकी अपने ससुर एनटी रामाराव का तख्तापलट करने पर आलोचना हो रही थी। ऐसे में उन्हें डिप्टी स्पीकर बनाया जाता है तो नायडू पर सॉफ्ट प्रेशर रहेगा। उनकी पार्टी पुरंदेश्वरी का विरोध नहीं कर पाएगी।

बिड़ला के लिए अभी कौन-कौन सी संभावनाएं हैं, पढ़िए-
मोदी मंत्रिमंडल के गठन के बाद अब यह संभावना बनी है कि ओम बिड़ला एक बार फिर लोकसभा अध्यक्ष बनेंगे। बिड़ला मोदी और शाह के नजदीकी माने जाते हैं और स्पीकर के संवैधानिक पद पर रहते हुए उन्होंने कई ऐसे फैसले लिए, जो अपने आप में रिकॉर्ड हैं।

अपनी कार्यशैली के कारण भाजपा सहित विरोधी दलों में भी उनकी अच्छी पैठ है। भाजपा इस बार पूर्ण बहुमत में नहीं है, इसलिए मोदी-शाह भी अपने विश्वासपात्र को ही लोकसभा अध्यक्ष बनाना चाहेंगे। इस चॉइस में भी बिड़ला खरे उतरते हैं।

हालांकि, भाजपा का पूर्ण बहुमत में न आना ही उनके अध्यक्ष बनने में रोड़ा भी साबित हो सकता है, क्योंकि सहयोगी दल स्पीकर पद की मांग कर रहे हैं।

एक नया रिकॉर्ड बना सकते हैं बिड़ला
बिड़ला यदि दूसरी बार फिर लोकसभा अध्यक्ष बनाए जाते हैं और वे इस पद पर अपना दूसरा कार्यकाल भी पूरा कर लेते हैं, तो उनके नाम एक रिकॉर्ड और दर्ज हो सकता है। साढ़े तीन दशक पहले लगातार दो बार चुने जाने और कार्यकाल पूरा करने वाले बलराम जाखड़ एकमात्र लोकसभा अध्यक्ष रहे हैं। जीएमसी बालयोगी, पीए संगमा जैसे नेता दो बार लोकसभा अध्यक्ष तो बने, लेकिन पूरे 5-5 साल के कार्यकाल पूरे नहीं किए। बलराम जाखड़ ने साल 1980 से 1985 और 1985 से 1989 तक अपने दोनों कार्यकाल पूरे किए।

गठबंधन की मजबूरियों के कारण यदि लोकसभा अध्यक्ष का पद सहयोगी दलों के पास जाता है तो इस स्थिति में ओम बिड़ला का नाम राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए भी दौड़ में है। इस पद के लिए राजस्थान से ही भूपेंद्र यादव का नाम भी चला था, लेकिन उन्हें मंत्रिमंडल में जगह दे दी गई है। अब माना जा रहा है कि यदि बिड़ला लोकसभा अध्यक्ष नहीं बन सके, तो मोदी-शाह के नजदीकी होने के कारण उन्हें BJP का राष्ट्रीय अध्यक्ष पद दिया जा सकता है।

BJP सूत्रों के अनुसार राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के संभावित नामों में बिड़ला का भी नाम है, लेकिन इस मामले में एक अड़चन भी है। वह यह कि महाराष्ट्र, बिहार, हरियाणा, दिल्ली जैसे राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं। BJP चुनावी फायदा लेने के लिए इन राज्यों में से किसी एक राज्य के नेता का नाम अध्यक्ष पद के लिए चुन सकती है।
हालांकि अब तक लोकसभा अध्यक्ष का कार्यकाल खत्म होने के तत्काल बाद पार्टी अध्यक्ष का पद किसी को नहीं दिया गया है।

सीपी जोशी दूसरी बार चित्तौड़गढ़ के सांसद बने
राजस्थान में प्रदेश अध्यक्ष पद पर नए नाम को लेकर भी चर्चा तेज है। जब पिछले साल विधानसभा चुनाव जीतने के बाद बीजेपी ने भजनलाल शर्मा का नाम मुख्यमंत्री पद के लिए घोषित किया था, तभी से प्रदेश अध्यक्ष बदलने की चर्चाएं शुरू हो गई थीं। कारण केवल एक ही है कि CM और प्रदेश अध्यक्ष दोनों ही ब्राह्मण हैं। वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी को इस पद पर एक वर्ष होने वाला है और वे दूसरी बार चित्तौड़गढ़ से सांसद बने हैं।

बिड़ला के प्रदेश अध्यक्ष बनने में भी एक अड़चन है। राजस्थान में जाट और राजपूत समाज एक बड़ा वोट बैंक है, जो वोटिंग के दौरान एक तरफा तौर पर एकजुट हो जाता है। इस लोकसभा चुनाव के दौरान प्रतिनिधित्व और टिकट कटने सहित अन्य कारणों के कारण जाट समाज BJP से नाराज रहा। जाट समाज को साधने के लिए भागीरथ चौधरी को केंद्र में मंत्री बना दिया गया है।

इधर, राजपूत समाज के लिए कहा जा रहा है कि वह नाराजगी के कारण उतनी तादाद में वोट डालने के लिए निकला ही नहीं, जैसे पहले निकला करता था। इसका नुकसान BJP को 11 सीट गंवा कर भुगतना पड़ा।
ऐसे में माना जा रहा है कि राजनीतिक फायदा उठाने के लिए BJP जाट समाज या राजपूत समाज से प्रदेश अध्यक्ष चुन सकती है। बिरला वैश्य समाज से आते हैं। लोकसभा अध्यक्ष बनने के बाद कोई नेता पार्टी का प्रदेशाध्यक्ष बना हाे, ऐसा भी कभी नहीं हुआ।

संगठन में जाते हैं तो माइक्रो मैनेजमेंट का मिल सकता है फायदा
बिरला की खासियतों में से एक है माइक्रो मैनेजमेंट, जो संगठन को फायदा पहुंचा सकती हैं। चाहे उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया जाए या प्रदेश अध्यक्ष। कई बार वे भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं को अपने माइक्रो मैनेजमेंट के फंडे समझाते भी आए हैं। कई बार पार्टी ने उनके लिए विशेष सत्र भी रखे हैं।
राजस्थान में फिलहाल नेतृत्व परिवर्तन की संभावना लगभग नगण्य है, लेकिन यदि ऐसा होता है तो ओम बिड़ला इस पद के लिए सबसे बड़े दावेदार होंगे। विधानसभा चुनाव के बाद भी इस पद के लिए उनका नाम तेजी से उछला था।

बिरला ने बड़ी संख्या में सांसद किए थे निलंबित
संसद में पिछले साल 13 दिसंबर को युवाओं के अचानक घुसने से हंगामा मच गया था। इन युवाओं की घुसपैठ के चलते विपक्षी दलों ने लोकसभा की सुरक्षा में चूक के आरोप लगाए थे। बिरला का तर्क था कि इसे सुरक्षा में चूक नहीं माना जाए। खराब व्यवहार के कारण बिरला ने पूरे सत्र के लिए 13 विपक्षी सांसदों के निलंबन कर दिया था। उन्होंने कहा था कि इस कार्यवाही को 13 दिसंबर की घुसपैठ की घटना से जोड़कर नहीं देखा जाए।

बिरला की कर्मभूमि हमेशा कोटा ही रही है। बिरला का जन्म 23 नवंबर 1962 को हुआ। उनके पिता उस समय श्रीकृष्ण सरकारी सेवा में थे, वहीं मां शकुंतला घर संभालती थीं। उन्होंने स्कूली शिक्षा कोटा के गुमानपुरा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय से की और उसके बाद बाद राजस्थान विश्वविद्यालय से BCom और MCom पूरी की। उनकी शादी अमिता से हुई और उनके दो बेटियां अंजली और आकांक्षा हैं। अमिता पेशे से सरकारी डॉक्टर हैं।

कांग्रेस के कोडिकुन्निल सुरेश बन सकते हैं प्रोटेम स्पीकर
नई सरकार बनने पर सबसे पहले सदन के सबसे वरिष्ठ सदस्य को लोकसभा का प्रोटेम स्पीकर बनाया जाता है। इस बार भाजपा के वीरेंद्र कुमार और कांग्रेस के कोडिकुन्निल सुरेश ऐसे दो सदस्य हैं, जो सबसे ज्यादा सातवीं बार चुने गए हैं। वीरेंद्र कुमार कैबिनेट में शामिल हैं। लिहाजा कांग्रेस के सुरेश प्रोटेम स्पीकर हो सकते हैं।प्रोटेम स्पीकर सांसदों की शपथ करवाने के साथ ही स्पीकर का चुनाव करवाते हैं। स्पीकर का चुनाव साधारण बहुमत से होता है। पिछली लोकसभा में लोकसभा उपाध्यक्ष का पद खाली ही रहा था। इस बार यह पद भी NDA के किसी घटक दल को दिया जा सकता है।

 

Related Posts

हनीमून पर जा रहे कपल ने ट्रेन में की गंदी हरकतें, भड़के यात्रियों ने कहा- ये सब घर पर करो

खबर इंडिया की। सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें…

180 लड़कियां, 350 अश्लील वीडियो… आखिर क्या है अमरावती कांड, जिसकी सैकड़ों नाबालिग हुई शिकार

खबर इंडिया की। महाराष्ट्र के अमरावती जिले के परतवाड़ा से सामने आया वीडियो कांड…

1 of 769

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *