उमाकांत त्रिपाठी। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने पश्चिम बंगाल में हुए एक महिला डॉक्टर के यौन उत्पीड़न और हत्या को राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। तृणमूल सरकार की तीखी आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि यह चिंताजनक है कि महिला मुख्यमंत्री होने के बावजूद राज्य में महिलाओं के खिलाफ अत्याचार बढ़ रहे हैं।
सीबीआई जांच का किया स्वागत
नड्डा ने मामले की सीबीआई जांच के आदेश देने को लेकर कलकत्ता हाईकोर्ट के फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि- “पश्चिम बंगाल में एक युवा पीजी छात्र से जुड़ी घटना बेहद दुखद है और इसने पूरे देश को झकझोर दिया है। मैं इसकी निंदा करता हूं और इस तरह के अमानवीय कृत्य पर गहरा दुख व्यक्त करता हूं। जिस तरह से इस घटना को संभाला गया और सरकार ने इसे छिपाने की कोशिश की, वह शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि- बंगाल एक ऐसा राज्य बन गया है, जहां कानून-व्यवस्था नहीं है। सबसे ज्यादा तो ये है कि महिला मुख्यमंत्री होने के बावजूद महिलाओं के खिलाफ अत्याचार लगातार बढ़ रहे हैं।
ममता सरकार ने मामले को दबाया
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने मामले को दबाने की कथित कोशिश के लिए पश्चिम बंगाल सरकार की भी निंदा की। उन्होंने कहा, “मुझे विश्वास है कि इससे सच्चाई सामने आएगी। पिछले दो दिनों में डॉक्टरों के संघ के कई प्रतिनिधिमंडल हमसे मिल चुके हैं और मैंने उन्हें आश्वासन दिया है कि केंद्र सरकार इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई करेगी। हम इस मुद्दे को सुलझाने के लिए सभी जरुरी कदम उठाएंगे। इससे पहले नड्डा ने इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) के एक प्रतिनिधिमंडल से भी मुलाकात की। आईएमए ने महिलाओं की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की थी।














