उमाकांत त्रिपाठी।पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार आज राजकीय सम्मान से साथ किया जाएगा. गृह मंत्रालय की तरफ से नई दिल्ली के निगम बोध घाट पर अंतिम संस्कार कराने का फैसला लिया गया है. दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए रवाना हो चुका है. आर्मी ट्रक में राहुल गांधी भी मौजूद हैं. अंतिम संस्कार कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल होंगे.कांग्रेस सहित अन्य राजनीतिक दल उनका स्मारक बनाने की मांग कर रहे हैं, जिस पर सरकार ने सहमति दी है. इसके लिए एक ट्रस्ट बनाने का फैसला लिया गया है. बता दें कि गुरुवार (26 दिसंबर) रात मनमोहन सिंह का दिल्ली के AIIMS अस्पताल में निधन हुआ था. उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें भर्ती कराया गया था.
आर्मी ट्रक में राहुल गांधी भी हैं मौजूद
पूर्व पीएम मनमोहन सिंह का पार्थिव शरीर आर्मी मेमोरियल ट्रक में है. उनकी अंतिम यात्रा निकाली जा रही है, जिसमें लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी बैठे हुए हैं. राहुल के अलावा ट्रक में मनमोहन सिंह का परिवार भी मौजूद है. आर्मी ट्रक के दोनों तरफ कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है. पुलिस और सुरक्षाबल के जवान आर्मी ट्रक के साथ-साथ चल रहे हैं.
मनमोहन सिंह की अंतिम यात्रा, पूर्व PM के परिवार के साथ राहुल गांधी
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की अंतिम यात्रा कांग्रेस दफ्तर से अकबर रोड से इंडिया गेट, इंडिया गेट से तिलक मार्ग, तिलक मार्ग होते हुए जा रही है. डॉ. मनमोहन का अंतिम संस्कार निगम बोध घाट पर होगा. अंतिम यात्रा में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, डॉ. मनमोहन सिंह के परिवार के साथ आर्मी सेरेमोनियल ट्रक पर मौजूद हैं.
राजकीय शोक की वजह से रद्द हुई बीजेपी की 29 दिसंबर की ‘परिवर्तन रैली’
भारत के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन की वजह से देश में सात दिनों के राजकीय शोक का ऐलान किया गया है. ऐसे में भारतीय जनता पार्टी की 29 दिसंबर को होने वाली परिवर्तन रैली रद्द कर दी गई है. दिल्ली विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच दिल्ली में बीजेपी यह रैली करने वाली थी, जिसमें पीएम मोदी भी शामिल होने वाले थे.
PM मोदी भी अंत्येष्टि में होंगे शामिल
दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए रवाना हो चुका है. पूर्व प्रधानमंत्री का अंतिम संस्कार निगम बोध घाट पर किया जाएगा. अंतिम संस्कार कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल होंगे.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी पूर्व पीएम डॉ. मनमोहन सिंह की अंत्येष्टि में शामिल होने के लिए दिल्ली के निगम बोध घाट पहुंचेंगे. बता दें कि मनमोहन सिंह के परिवार के सदस्य पहले ही निगम बोध घाट पर पहुंच गए हैं.
मनमोहन सिंह की अंतिम यात्रा का रूट मैप
मनमोहन सिंह की अंतिम यात्रा 11 किलोमीटर लंबी होगी. पार्थिव शरीर को कांग्रेस दफ्तर से अकबर रोड से इंडिया गेट, इंडिया गेट से तिलक मार्ग, तिलक मार्ग से आईटीओ रेड लाइट से दाहिने मोड़ दिया जाएगा, फिर पुराने पुलिस मुख्यालय के सामने से होते हुए रिंग रोड पर लेफ्ट लिया जाए. इसके बाद अंतिम यात्रा सीधे रास्ते से निगम बोध घाट पहुंचेगी.
कांग्रेस मुख्यालय पहुंची पूर्व PM का पार्थिव शरीर
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का पार्थिव शरीर AICC (कांग्रेस) मुख्यालय लाया गया है. कांग्रेस के दिग्गज नेताओं के साथ मनमोहन सिंह का परिवार भी यहां मौजूद है. पार्टी कार्यकर्ता और आम लोग मनमोहन सिंह के अंतिम दर्शन कर रहे हैं. थोड़ी देर बाद यहां से उनकी अंतिम यात्रा निकाली जाएगी.पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का पार्थिव शरीर उनके आवास से AICC (कांग्रेस) मुख्यालय ले जाया जा रहा है. पार्टी कार्यकर्ताओं के अंतिम दर्शन के लिए पार्थिव शरीर को यहां रखा जाएगा. इससे पहले पार्टी अध्यक्ष सहित कांग्रेस के कई बड़े नेता मुख्यालय पहुंच गए हैं.
कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे सोनिया-राहुल-प्रियंका
कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी कांग्रेस मुख्यालय पहुंच गए हैं. अब कुछ ही देर में मनमोहन सिंह के आवास से उनका पार्थिव शरीर कांग्रेस मुख्यालय लाया जाएगा, जहां करीब एक घंटे तक कांग्रेस कार्यकर्ता और आम लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे सकेंगे.
कांग्रेस मुख्यालय में जुटने लगे दिग्गज नेता
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे. वहीं, पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का पार्थिव शरीर जिस वाहन में रखा जाएगा, वह उनके आवास के बाहर पहुंच गया है.
कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे खड़गे, जयराम और शिंदे
डॉ. मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार से पहले कांग्रेस मुख्यालय में उनका पार्थिव शरीर रखा जाना है. इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस के सीनियर नेता जयराम रमेश और सुशील कुमार शिंदे कांग्रेस मुख्याल पहुंच गए हैं.













