उमाकांत त्रिपाठी। दिल्ली विधानसभा चुनाव के रण में बीजेपी ने पूरी ताकत झोंक दी है। दिल्ली में आज भी दर्जनों रैली और जनसभाएं होने जा रहे हैं हैं। सभी सियासी दल अब सड़क से लेकर सोशल मीडिया तक खुलकर लड़ाई लड़ रहे हैं। सियासत के इस मेगा शो में रैलियों, जनसभाओं और डोर-टू-डोर कैंपेन के साथ ही रोड शो तक सब शामिल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज आरके पुरम विधानसभा में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी दो जनसभाएं करेंगे। इनके अलावा भाजपा शासित 5 राज्यों के मुख्यमंत्री भी आज दिल्ली में रैली और रोड शो करते नजर आएंगे।
आरकेपुरम विधानसभा में होगी जनसभा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दोपहर 1 बजे आरके पुरम विधानसभा इलाके में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शाम 5 बजे चांदनी चौक और शाम 7 बजे लक्ष्मी नगर में जनसभाएं करेंगे। इनके अलावा भाजपा शाषित 5 राज्यों के मुख्यमंत्री भी आज दिल्ली में रैली और रोड शो करते नजर आएंगे। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सर्मा आज दिल्ली में गोकलपुर से पीरागढ़ी तक 4 जगहों पर जनसभा करेंगे। वहीं, उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी का भी आज 4 विधानसभा क्षेत्रों में जनसभाओं का कार्यक्रम निर्धारित है। राजस्थान के सीएम भजन लाल शर्मा 3 जगह, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 2 जगह और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव की 5 जगहों पर जनसभा और रैलियां होनी हैं।
बीजेपी ने जारी किया कैंपेन सॉन्ग
बीजेपी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए आज अपना नया कैंपेन सॉन्ग ‘दिल वालों की दिल्ली को अब भाजपा सरकार चाहिए’ लॉन्च किया। इस अवसर पर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि यह हमारा चौथा कैंपेन सॉन्ग है जिसे हमारे पूर्व सांसद दिनेश लाल यादव ने गाया है। यह बहुत बेहतरीन गाना है। कल जो बजट पेश किया गया, वह अमृत काल का स्वर्णिम बजट था। निम्न वर्ग और खास तौर पर मध्यम वर्ग के लिए जिस तरह की सौगात दी गई है 12 लाख की सालाना आय तक कोई टैक्स नहीं, सब प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री को बधाई दे रहे हैं।













