न्यूज़भारतराजनीतिहेडलाइंस

ओडिशा दिवस आज: पीएम मोदी ने दी इस अंदाज में शुभकामनाएं, लिखा- हमें गर्व है.!

उमाकांत त्रिपाठी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज मंगलवार को ओडिशा स्थापना दिवस के अवसर पर राज्य के लोगों को बधाई दी और कहा कि भारत को अपने इतिहास, साहित्य और संगीत पर गर्व है। पीएम मोदी ने कहा कि पिछले एक साल में, केंद्र और ओडिशा सरकार राज्य की प्रगति को आगे बढ़ाने के लिए मिलकर काम कर रही हैं।

पीएम मोदी ने लिखा- हमें गर्व है
लगभग 2000 साल पुरानी ऐतिहासिक और भव्य सांस्कृतिक विरासत अपने हृदय में समेटे ओडिशा, भारत में इतिहास से लेकर वर्तमान तक एक अहम स्थान रखता है। मानवता को प्रेम और शांति का शाश्वत संदेश देने वाली इस भूमि की अद्वितीय सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य, वास्तुकला, हस्त कला तथा नृत्य कला पर देश को गर्व है। ओडिशा अपने दयालु एवं परिश्रमी लोगों के लिए भी जाना जाता है। 1 अप्रैल 1936 को भाषाई आधार पर ‘उड़ीसा’का गठन किया गया था और 2011 में इसका नाम ‘ओडिशा’ कर दिया गया। भगवान जगन्नाथ, लिंगराज, कोणार्क और अन्य समृद्ध धरोहरों की भूमि ओडिशा ने दुनिया को शांति, प्रेम और हिंसा से दूर रहने का संदेश दिया।

पीएम ने एक्स पर किया पोस्ट
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “उत्कल दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। यह दिन ओडिशा की गौरवशाली संस्कृति के लिए एक सच्ची श्रद्धांजलि है। भारत को ओडिशा के इतिहास, साहित्य और संगीत पर गर्व है। ओडिशा के लोग मेहनती हैं और उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। पिछले एक साल में, केंद्र और ओडिशा सरकार राज्य की प्रगति को आगे बढ़ाने के लिए मिलकर काम कर रही हैं।”

क्या है उत्कल दिवस
उत्कल दिवस, जिसे ओडिशा स्थापना दिवस के रूप में भी जाना जाता है, हर साल 1 अप्रैल को मनाया जाता है। यह दिन राज्य के सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और भाषाई महत्व का सम्मान करता है। यह राज्य की समृद्ध विरासत, कला, साहित्य और आध्यात्मिकता में इसके योगदान का भी जश्न मनाता है। इस ऐतिहासिक अवसर के उपलक्ष्य में पूरे राज्य में तमाम कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

Related Posts

1 of 843

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *