उमाकांत त्रिपाठी। पीएम नरेंद्र मोदी दो दिवसीय यात्रा पर सऊदी अरब पहुंच गए हैं. वहां सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस और पीएम मोहम्मद बिन सलमान से उनकी मुलाकात होगी. भारत और सऊदी अरब के बीच सामरिक साझेदारी की वजह से ये दौरा महत्वपूर्ण है. रक्षा साझेदारी और आर्थिक साझेदारी के मसले पर पीएम मोदी के दौरे के दौरान बातचीत होगी. इस दौरे के दौरान दोनों देशों के बीच कई समझौते पर हस्ताक्षर होंगे. पीएम मोदी भारतीय समुदाय के लोगों से मिलने के अलावा सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान से द्विपक्षीय बैठक भी करेंगे.
सऊदी पहुंचकर क्या बोले पीएम मोदी
दोनों नेता SPC यानी स्ट्रेटजिक पार्टनरशिप काउंसिल की बैठक की अध्यक्षता भी करेंगे. पीएम मोदी के दौरे के दौरान सऊदी अरब में बंद भारतीय कैदियों का मसला भी चर्चा के एजेंडे में शामिल होगा. इसके अलावा प्राइवेट हज कोटे के मसले पर भी दौरे के दौरान चर्चा होने की संभावना है. पीएम मोदी सऊदी विजिट के दौरान एक फैक्ट्री का दौरा करेंगे और भारतीय कामगारों से मिलेंगे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सऊदी अरब पहुंचते ही संदेश दिया. उन्होंने एक्स पर लिखा, सऊदी अरब के जेद्दाह में उतरा. इस यात्रा से भारत और सऊदी अरब के बीच मित्रता और मजबूत होगी. आज और कल विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए उत्सुक हूं.
तीसरी बार सऊदी पहुंचे पीएम मोदी
आपको बता दें की भारत की ऊर्जा सुरक्षा, सऊदी अरब में भारतीय समुदाय की संख्या और इस्लामिक दुनिया में सऊदी अरब के महत्व की वजह से सऊदी अरब भारत के लिए अहम है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह तीसरा सऊदी अरब दौरा है. इससे भारत और सऊदी के बीच मजबूत होते रिश्ते को दिखाता है. बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खाड़ी देशों के साथ द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊंचाई देने में जुटे हैं. पीएम मोदी की सऊदी यात्रा के महत्व को इससे ही समझा जा सकता है, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के टैरिफ वॉर से पूरी दुनिया में खलबली मची हुई है.
इन समझौतों पर लगेगी मुहर
भारत और सऊदी अरब मंगलवार को मोदी की जेद्दा यात्रा के दौरान कम से कम छह समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर करेंगे. सूत्रों ने बताया कि मोदी शाम को सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस और प्रधानमंत्री मोहम्मद बिन सलमान अल सऊद के साथ अपनी बैठक के दौरान भारतीय तीर्थयात्रियों के लिए हज कोटा सहित संबंधित मुद्दों पर भी चर्चा करेंगे. साथ ही दोनों पक्षों द्वारा अंतरिक्ष, ऊर्जा, स्वास्थ्य, विज्ञान एवं वैज्ञानिक अनुसंधान, संस्कृति और उन्नत प्रौद्योगिकी के क्षेत्रों में समझौतों पर हस्ताक्षर किए जाने की उम्मीद है. इसके साथ ही पीएम मोदी बुधवार को प्रधानमंत्री भारतीय श्रमिकों को रोजगार देने वाली एक फैक्टरी का भी दौरा करेंगे. आपको बता दें कि पीएम मोदी को 2016 में सऊदी अरब का सर्वोच्च नागरिक सम्मान मिला था.














