उमाकांत त्रिपाठी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी दो दिवसीय यात्रा पर सऊदी अरब पहुंच गए हैं. पीएम मोदी का जेद्दा एयरपोर्ट पर पहुंचने पर शानदार स्वागत किया गया. मोदी की यह यात्रा 40 वर्षों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली जेद्दा यात्रा है. पीएम मोदी आज ही सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान से मुलाकात करेंगे. क्राउन प्रिंस के निमंत्रण पर हो रही इस यात्रा से भारत और सऊदी अरब के बीच रणनीतिक साझेदारी में एक नया अध्याय जुड़ने की उम्मीद की जा रही है.
21 तोपों की दी गई सलामी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के साथ देश की अपनी यात्रा के दौरान भारत-सऊदी अरब रणनीतिक साझेदारी परिषद की दूसरी बैठक की सह-अध्यक्षता करेंगे. पीएम मोदी के जेद्दा पहुंचने पर उन्हें 21 तोपों की सलामी दी गई. वहीं भारतीय समुदाय के लोगों ने मोदी-मोदी के नारे लगाए और गर्मजोशी से स्वागत किया.
रक्षा सहयोग होंगे मजबूत
सऊदी अरब के एफ-15 लड़ाकू विमानों ने एक विशेष सम्मान के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विमान को सुरक्षा प्रदान की. विदेश मंत्रालय ने मोदी के विमान को सुरक्षा प्रदान करते सऊदी जेट विमानों का एक वीडियो भी जारी किया है. इस कदम को दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग को मजबूत करने के रूप में देखा जा रहा है.
पीएम मोदी ने सऊदी अरब पर क्या कहा.?
मोदी सऊदी अरब में भारतीय समुदाय के साथ भी बातचीत करेंगे, जो दोनों देशों के बीच जीवंत सेतु का काम करता है और सांस्कृतिक तथा मानवीय संबंधों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान देता है. सऊदी अरब में 27 लाख भारतीय रहते हैं और वहां काम करते हैं. जेद्दा पहुंचने से पहले अरब न्यूज को दिए साक्षात्कार में मोदी ने सऊदी अरब को ‘‘भारत के सबसे मूल्यवान साझेदारों में से एक, समुद्री पड़ोसी, विश्वसनीय मित्र और रणनीतिक सहयोगी” बताया. उन्होंने कहा, ‘‘हम सऊदी अरब को क्षेत्र में सकारात्मकता और स्थिरता की शक्ति मानते हैं. समुद्री पड़ोसी होने के नाते, भारत और सऊदी अरब क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखने में स्वाभाविक रुचि रखते हैं.”














