उमाकांत त्रिपाठी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार सुबह पंजाब के आदमपुर एयरबेस पहुंचे। यहां उन्होंने एयरफोर्स के जवानों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने एयरबेस पर ही जवानों को संबोधित भी किया। पीएम मोदी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर का एक-एक क्षण भारत की सेनाओं के सामर्थ्य की गवाही देता है। इस दौरान हमारी सेनाओं का कॉर्डिनेशन वाकई शानदार था। आर्मी हो, नेवी हो या एयरफोर्स सबका टाइमिंग जबरदस्त था। नेवी ने समुद्र पर दबदबा बनाया, सेना ने बॉर्डर पर मजबूती दी, एयरफोर्स ने अटैक और डिफेंस दोनों किया। बीएसएफ और दूसरे बलों ने अद्भुत क्षमताओं का प्रदर्शन किया।
ऑपरेशन सिंदूर से बौखलाए दुश्मन
पीएम मोदी ने कहा कि- ‘ऑपरेशन सिंदूर से बौखलाए दुश्मन ने इस एयरबेस के साथ-साथ हमारे अनेक एयरबेस पर हमला करने की कई बार कोशिश की, बार-बार टारगेट किया, लेकिन पाक नाकाम-नापाक इरादे हर बार नाकाम हुए। पीएम ने बताया कि हमारा लक्ष्य पाकिस्तान के भीतर टेरर और टेररिस्ट को हिट करने का था, लेकिन पाकिस्तान ने अपने यात्री विमानों को सामने करके जो साजिश रची, मैं कल्पना कर सकता हूं कि वो पल कितना कठिन होगा, जब सिविलयन एयरक्राफ्ट दिख रहा है। उन्होंने कहा कि गर्व है कि आपने बहुत सावधानी और सतर्कता से सिविलियन एयरक्राफ्ट को नुकसान पहुंचाए बिना कमाल करके दिखाया और उसका जवाब दे दिया। मैं गर्व के साथ कह सकता हूं कि आप सभी अपने लक्ष्यों पर बिल्कुल खरे उतरे हैं। पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों और उनके एयरबेस ही तबाह नहीं हुए, बल्कि उनके नापाक इरादे और उनके दुस्साहस दोनों की हार हुई।
आतंकियों को कुचल दिया- मोदी
पीएम ने कहा, ‘महाराणा प्रताप के घोड़े चेतक पर लिखी गईं, ये पंक्तियां आज के आधुनिक हथियारों पर भी फिट बैठती हैं। ऑपरेशन सिंदूर से आपने देश का आत्मबल बढ़ाया है। देश को एकता के सूत्र में बांधा है। आपने भारत के सिंदूर की रक्षा की है। भारत के सम्मान को नई ऊंचाई दी है। आपने वो किया जो अभूतपूर्व है। अकल्पनीय है। अद्भुत है। उन्होंने कहा, ‘हमारी एयरफोर्स ने पाकिस्तान में इतना डीप आतंक के अड्डों को टारगेट किया, सिर्फ 20-25 मिनट के भीतर सीमा पार लक्ष्यों को भेदना, पिन पॉइंट टारगेट हिट करना सिर्फ मॉडर्न टेक्नोलॉजी से लैस प्रोफेशनल फोर्स ही कर सकती है। आपकी स्पीड और डिसीजन इस लेवल की थी कि दुश्मन हक्का-बक्का रह गया। उसे पता ही नहीं चला कि कब उसका सीना छलनी हो गया।’ पीएम ने कहा, ऑपरेशन सिंदूर कोई सामान्य सैन्य अभियान नहीं, ये भारत की नीति-नीयत और निर्णायक क्षमता की त्रिवेणी है। भारत बुद्ध की भी धरती है और गुरु गोविंद की भी धरती है।














