उमाकांत त्रिपाठी।उत्तर प्रदेश के संभल में कल रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जाहिर किया है। यहां शुक्रवार देर शाम एक भीषण दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें बारात जा रही बोलेरो कार कॉलेज की दीवार से अनियंत्रित होकर टकरा गई। हादसे में दूल्हे समेत 8 लोगों की मौत की खबर है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजन को 2 लाख और घायलों को 50 हजार दिया जाएगा।
पीएमओ के आधिकारिक हैंडल से पोस्ट में बताया गया कि- संभल में हुई दुर्घटना में जान गंवाने की घटना दुख प्रदान करने वाली है। हादसे में मरने वालों के प्रति संवेदना है और घायल जल्द ही स्वस्थ हो जाएं, ऐसी प्रार्थना है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष ( PMNRF ) से मृतकों के परिजन को 2-2 लाख की राशि मिलेगी। वहीं घायलों को 50 हजार रुपये मिलेंगे।
जानकारी मुताबिक, संभल स्थित चंदौसी के गुन्नौर के जुनावई थाना क्षेत्र के गांव हरगोविंदपुर निवासी सूरज की बारात जिला बदायूं के थाना बिल्सी क्षेत्र में जा रही थी इस दौरान जुनावई के जनता इंटर कॉलेज की दीवार से बेकाबू बोलेरो कार जा टकराई, जिसमें दूल्हा सूरज (24), उसकी भाभी आशा (26) और आशा की बेटी ऐश्वर्या (दो), छह वर्षीय बालक विष्णु पुत्र मनोज और एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। 3 ने बाद में दम तोड़ा।
सड़क हादसे को लेकर एसपी संभल दक्षिणी अनुकृति शर्मा ने बताया कि- शाम सवा सात बजे एक तेज रफ्तार नई बोलेरो कार बेकाबू होकर जनता इंटर कॉलेज की दीवार से टकराई गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू सभी को अस्पताल लाया गया, जहां दूल्हा सूरज समेत पांच की मौके पर ही मौत हो गई है। घायलों को रेफर किया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गाड़ी की स्पीड बहुत ज्यादा थी।














