उमाकांत त्रिपाठी।अजमेर में महिला से रेप और अबॉर्शन कराने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उसके सीनियर ने कई बार जबरदस्ती शराब पिलाकर रेप किया और दो बार अबॉर्शन भी करवाया। जब शारीरिक संबंध बनाने से इनकार किया तो मारपीट की, जिससे उसके कान का पर्दा फट गया।आरोपी अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहा था, जिससे परेशान होकर पीड़िता ने एसपी से शिकायत की। एसपी पर दरगाह थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू की है।
पढ़िए- पूरा मामला
दरगाह थाना पुलिस के मुताबिक, पीड़िता ने रिपोर्ट में बताया कि- मैं जुलाई 2024 से अपने सीनियर के पास कार्य कर रही थी। कुछ महीनों सीनियर का मेरे प्रति व्यवहार ठीक रहा, लेकिन धीरे-धीरे व्यवहार में बदलाव आने लगा। सीनियर मेरे मोबाइल पर अभद्र और अश्लील मैसेज भेजने लगा। रिप्लाई नहीं देने पर किसी के पास काम नहीं करने देने की धमकी दी।
क्लाइंट से मिलवाने का झांसा देकर ले गया होटल
पीड़िता ने बताया कि- कुछ समय बाद दफ्तर ले जाने के नाम पर मेरे साथ अश्लील हरकत की गई। विरोध करने पर धमकी तक दी गई। मेरा सीनियर एक दिन मुझे महिला क्लाइंट से मिलने के लिए बोलकर दरगाह एरिया के होटल में ले गया। वहां कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर मेरे साथ रेप किया. इस दौरान अश्लील वीडियो भी बना लिए।बाद में वीडियो वायरल करने और बदनाम करने की धमकी दी गई। जब मैं प्रेग्नेंट हो गई तो आरोपी सीनियर ने मुझसे शादी करने का आश्वासन देकर बच्चा गिराने के लिए कहा। अक्टूबर 2024 में मुझे एक पंडित के घर ले जाकर मुझे मंगलसूत्र पहनाकर शादी की।
शराब पिलाकर रेप किया, मारपीट का भी आरोप
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि- शादी के कुछ दिनों बाद ही आरोपी मुझे अजमेर के होटल में ले गया और फिर जबरदस्ती शराब पिलाकर रेप किया। विरोध करने पर मारपीट की और वीडियो वायरल करने की धमकी देता रहा।पीड़िता ने आरोप लगाया कि- जनवरी 2025 में जब मैंने फिजिकल रिलेशन बनाने से इनकार किया तो आरोपी ने मुझे थप्पड़ मारा, जिससे मेरे कान का पर्दा फट गया। एक दिन आरोपी मेरे घर आया और पति के घर पर नहीं होने पर मेरी बेटी के कान पर भी थप्पड़ मारा। बाद में ब्लैकमेल कर मुझसे पैसों की डिमांड की गई।
पति से संबंध नहीं बनाने के लिए दी धमकी
पीड़िता ने बताया कि- आरोपी के लगातार रेप करने से वह दूसरी बार प्रेग्नेंट हो गई, लेकिन दूसरी बार उसने अबॉर्शन कराने से मना कर दिया। आरोपी ने बच्चा गिराने के लिए उसे वापस शादी का झांसा दिया और पति को तलाक देकर समाज में पत्नी का दर्जा देने के लिए विश्वास दिलाया।पीड़िता ने आरोप लगाया कि- आरोपी सीनियर की ओर से उसके साथ कई बार मारपीट तक की गई। इतना ही नहीं गुस्से में उसका गला दबाने की भी कोशिश की गई। पति के साथ संबंध नहीं बनाने के लिए बेटी और उसे अपहरण कर जान से मारने की धमकी देता था। एक दिन उसे वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लाखों रुपए भी हड़प लिए।
धमकी देकर पति के खिलाफ लिखवाई झूठी रिपोर्ट
पीड़िता ने आरोप लगाया कि- वह दिसंबर 2025 में अपने पति के साथ घूमने के लिए बाहर गई थी। इसके बावजूद आरोपी सीनियर पीछे-पीछे उसके पास पहुंच गया। ब्लैकमेल कर फ्लाइट का टिकट भी उसी से करवाया। वहां आकर भी उसके और उसके पति के बीच झगड़ा करवा दिया। धमकी देकर पति और बेटी को वहां से भेज दिया। बाद में वही के होटल में वापस उसके साथ रेप किया गया।
पीड़िता ने अपने पिता और पति को बताया पूरा घटनाक्रम
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि- जनवरी 2026 में वापस घर पहुंची और अपने पिता और पति को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी थी। इसके बाद वह अपने परिवार सहित आरोपी के परिवार के पास पहुंचे और घटना की जानकारी दी। लेकिन, आरोपी के परिवार ने उसे धमकी देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया. उसके जेवरात भी हड़प लिए गए।













