मध्य प्रदेशन्यूज़भारतहेडलाइंस

आशिक ने दूल्हे को भेजे दुल्हन के गंदे वीडियो, रास्ते में खड़ी बारात वापस लौटी, शादी वाले दिन थाने पहुंची दुल्हन

खबर इंडिया की। मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवती की शादी उस वक्त टूट गई, जब उसके कथित प्रेमी ने शादी के दिन ही निजी फोटो और वीडियो वायरल कर दिए। वीडियो लड़के पक्ष तक पहुंचते ही शादी रुक गई और खुशियों का माहौल देखते ही देखते मातम में बदल गया।

पूरा मामला छतरपुर जिले के गढ़ीमलहरा थाना क्षेत्र के कुर्राहा गांव का है। युवती की शादी नौगांव थाना क्षेत्र के लुगासी गांव में तय हुई थी। मंगलवार को बारात आने वाली थी। घर में शादी की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं। रिश्तेदार पहुंच चुके थे और मंडप सज चुका था। परिवार बेटी की विदाई की तैयारी में लगा था।

लेकिन इसी बीच एक ऐसा घटनाक्रम हुआ, जिसने सब कुछ बदल दिया। आरोप है कि युवती के प्रेमी ने उसके निजी फोटो और वीडियो लड़के पक्ष को भेज दिए। जैसे ही वीडियो सामने आया, दोनों परिवारों में हड़कंप मच गया।

इसके बाद दोनों पक्षों के बीच पंचायत हुई। काफी देर तक बातचीत चली, लेकिन आखिर में लड़के पक्ष ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। शादी टूटने की खबर मिलते ही परिवार सदमे में आ गया। जिस घर में कुछ देर पहले शहनाई बज रही थी, वहां सन्नाटा छा गया।

घटना के बाद युवती अपने परिजनों के साथ सीधे गढ़ीमलहरा थाने पहुंची और आरोपी युवक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। युवती का आरोप है कि आरोपी ने जानबूझकर उसकी शादी तुड़वाने के लिए वीडियो वायरल किए।

गढ़ीमलहरा थाना प्रभारी रीता सिंह के मुताबिक, युवती की शिकायत पर आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश जारी है।

वहीं, पीड़ित परिवार का कहना है कि शादी की तैयारियों में करीब 10 लाख रुपए खर्च हो चुके थे। मंडप, कैटरिंग, दान-दहेज और अन्य व्यवस्थाओं में परिवार ने अपनी पूरी जमा-पूंजी लगा दी थी। अब शादी टूटने से आर्थिक नुकसान के साथ-साथ सामाजिक प्रतिष्ठा को भी गहरी ठेस पहुंची है।

फिलहाल यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

Related Posts

1 of 842

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *