खबर इंडिया की। मध्यप्रदेश के मंदसौर में बुधवार रात एक होटल उस समय अखाड़ा बन गया, जब एक पत्नी ने अपने पति को उसकी प्रेमिका के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया। मामला नाहटा चौराहा स्थित समता पैलेस होटल का बताया जा रहा है, जहां देर रात जमकर हंगामा हुआ। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
View this post on Instagram
जानकारी के मुताबिक, शामगढ़ निवासी 50 वर्षीय जुल्फिकार अली अपनी 38 वर्षीय कथित प्रेमिका के साथ होटल में रुका हुआ था। बताया जा रहा है कि महिला मंदसौर के पास स्थित मुलतानपुरा की रहने वाली है। इसी दौरान जुल्फिकार की पत्नी को उसके होटल में होने की भनक लग गई। इसके बाद पत्नी अपने भाई और भाभी के साथ सीधे होटल पहुंच गई।
रात करीब 11 बजे जैसे ही होटल के कमरे का दरवाजा खुला, पत्नी ने अपने पति को दूसरी महिला के साथ देख आपा खो दिया। गुस्से में पत्नी ने पति पर थप्पड़ों की बारिश शुरू कर दी। वहीं उसके साथ आई भाभी ने कथित प्रेमिका के बाल पकड़ लिए और दोनों के बीच जमकर मारपीट होने लगी।
वीडियो में देखा जा सकता है कि होटल के अंदर काफी देर तक चीख-पुकार और झूमा-झटकी चलती रही। पत्नी का भाई भी जुल्फिकार अली के साथ हाथापाई करता नजर आया। हंगामा इतना बढ़ गया कि पत्नी कथित प्रेमिका को पहली मंजिल से सीढ़ियों पर घसीटते हुए नीचे तक ले आई। होटल में मौजूद लोग यह पूरा घटनाक्रम देखते रह गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद डायल-112 मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस दोनों पक्षों को थाने लेकर गई। इसके बाद जुल्फिकार अली और उसकी प्रेमिका को मेडिकल जांच के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस के मुताबिक, मेडिकल के बाद दोनों को छोड़ दिया गया क्योंकि थाने पहुंचने तक परिजन वहां से जा चुके थे। फिलहाल मामले में किसी भी पक्ष की ओर से औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
बताया जा रहा है कि जुल्फिकार अली पेशे से डॉक्टर है और शामगढ़ में उसका निजी क्लीनिक है। सूत्रों के अनुसार, वह अपनी प्रेमिका का जन्मदिन मनाने मंदसौर आया था और इसी वजह से होटल में कमरा लिया गया था। चर्चा यह भी है कि महिला का करीब छह महीने पहले अपने पति से तलाक हो चुका है और इस पूरे मामले में जुल्फिकार का नाम पहले से जुड़ता रहा है।
फिलहाल यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर लोग अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।














