उमाकांत त्रिपाठी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार को कोलकाता में भाजपा विधायकों के साथ अहम बैठक कर सकते हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक इस बैठक में पश्चिम बंगाल की नई सरकार, संगठन की रणनीति और अगले पांच वर्षों की प्राथमिकताओं पर विस्तार से चर्चा होगी। माना जा रहा है कि बैठक में सरकार और संगठन दोनों के लिए बड़ा रोडमैप तैयार किया जाएगा।
भाजपा के एक वरिष्ठ नेता के अनुसार अमित शाह शुक्रवार रात कोलकाता पहुंच सकते हैं। इसके बाद शनिवार को विधायक दल और वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक होने की संभावना है। हालांकि बैठक का समय और स्थान अभी अंतिम रूप से तय नहीं किया गया है।
सूत्रों के मुताबिक इस बैठक में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी समेत भाजपा के सभी 207 विधायक और प्रदेश के वरिष्ठ नेता शामिल हो सकते हैं। बैठक में सरकार के कामकाज, संगठन विस्तार और प्रशासनिक प्राथमिकताओं पर चर्चा होने की संभावना है।
भाजपा नेतृत्व जल्द ही मंत्रिमंडल विस्तार और विभागों के बंटवारे को अंतिम रूप देना चाहता है। अभी तक केवल पांच मंत्रियों को विभाग आवंटित किए गए हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि अमित शाह संभावित मंत्रियों के नाम और उनके विभागों को लेकर भी चर्चा कर सकते हैं।
राजनीतिक गलियारों में संभावित मंत्रियों को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। रासबिहारी से विधायक स्वपन दासगुप्ता को हाल ही में शिक्षा विभाग के विकास भवन में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक करते देखा गया। इसके बाद उनके शिक्षा मंत्री बनने की चर्चा तेज हो गई है।
इसके अलावा सिलीगुड़ी के विधायक शंकर घोष और सूरी के विधायक जगन्नाथ चट्टोपाध्याय के नाम भी संभावित मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की चर्चाओं में हैं। भाजपा नेतृत्व सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन को ध्यान में रखते हुए नई टीम तैयार करने की कोशिश में है।
भाजपा नेताओं ने तृणमूल कांग्रेस पर भी निशाना साधा है। पार्टी के एक राष्ट्रीय नेता ने कहा कि जनता ने कथित भ्रष्टाचार, अनियमितताओं और पुरानी नीतियों से नाराज होकर भाजपा को समर्थन दिया है।
उन्होंने कहा कि अमित शाह पार्टी विधायकों को साफ संदेश देंगे कि भाजपा सरकार को तृणमूल कांग्रेस और पूर्व वाम मोर्चा सरकार की कार्यशैली से अलग पारदर्शी और जवाबदेह शासन मॉडल अपनाना होगा।
इस बीच राज्य सरकार ने अवैध टोल गेट और अनधिकृत पार्किंग व्यवस्थाओं को हटाने के निर्देश जारी किए हैं। शहरी विकास एवं नगर मामलों की मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने राज्य की 128 नगर निकायों को लंबित भुगतान रोकने और पहले कार्यों की गुणवत्ता जांचने के आदेश दिए हैं।
भाजपा की यह बैठक ऐसे समय में हो रही है जब बंगाल में नई सरकार के गठन और प्रशासनिक ढांचे को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं। माना जा रहा है कि अमित शाह की बैठक के बाद सरकार और संगठन दोनों की रणनीति और स्पष्ट हो सकती है।














