खबर इंडिया की। मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां शादी के महज 25 दिन बाद नई नवेली दुल्हन ने फांसी लगाकर जान दे दी। पत्नी की मौत के दो दिन बाद पति का शव भी घर के बाथरूम में फंदे पर लटका मिला। इस डबल डेथ केस ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
जानकारी के मुताबिक, मुरार थाना क्षेत्र के हुरावली लिंक रोड स्थित गेरू वाले बंगले के पास रहने वाली 23 वर्षीय मेघा उर्फ ज्योति की शादी 25 अप्रैल 2026 को पिंटो पार्क कुंज विहार कॉलोनी फेस-1 निवासी 26 वर्षीय सिद्धार्थ कांदिल से हुई थी। दोनों की अरेंज मैरिज थी।
परिवार के अनुसार, शादी के बाद सबकुछ सामान्य लग रहा था। मेघा 26 अप्रैल को ससुराल पहुंची थी, लेकिन 1 मई को वापस मायके आ गई। बताया जा रहा है कि शादी के 25 दिनों में दोनों सिर्फ 5 दिन ही साथ रह पाए थे।
20 मई की सुबह मेघा के पिता किसी रिश्तेदार के यहां गमी में गए हुए थे। घर में मेघा और उसकी मां मौजूद थीं। इसी दौरान जब मां दूसरी मंजिल पर बने कमरे में पहुंचीं तो बेटी दुपट्टे के फंदे से लटकी मिली। परिवार के होश उड़ गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
मुरार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। हालांकि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ।
इस घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ था, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि दो दिन बाद एक और दर्दनाक खबर सामने आएगी।
22 मई की सुबह मेघा के पति सिद्धार्थ कांदिल का शव भी उसके घर के बाथरूम में फंदे पर लटका मिला। सिद्धार्थ पेशे से ठेकेदार था। परिवार के मुताबिक, पत्नी की मौत के बाद से वह गहरे मानसिक तनाव में था।
बताया गया कि शुक्रवार सुबह जब सिद्धार्थ कमरे में नहीं मिला तो परिजनों ने तलाश शुरू की। बाथरूम अंदर से बंद था। शक होने पर दरवाजा तोड़ा गया, जहां सिद्धार्थ का शव साफी के फंदे से जंगले पर लटका मिला।
सूचना मिलते ही गोला का मंदिर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस को यहां भी कोई सुसाइड नोट नहीं मिला।
22 मई को फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम ने पहले मेघा के घर पहुंचकर जांच की, फिर सिद्धार्थ के घर का भी निरीक्षण किया। फिलहाल दोनों घटनास्थलों को सीज कर दिया गया है।
पुलिस अब इस पूरे मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। दोनों के मोबाइल फोन जब्त किए जाएंगे। साइबर सेल की मदद से कॉल डिटेल, व्हाट्सऐप चैट, सोशल मीडिया एक्टिविटी और डिजिटल रिकॉर्ड खंगाले जाएंगे। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि मौत से पहले दोनों ने आखिरी बार किससे बात की थी।
गोला का मंदिर थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह यादव के मुताबिक, शुरुआती जांच में पति-पत्नी के बीच आपसी विवाद की बात सामने आई है। यह भी देखा जा रहा है कि कहीं मोबाइल फोन में कोई वीडियो, ऑडियो या डिजिटल सुसाइड नोट मौजूद तो नहीं है।
फिलहाल इस रहस्यमयी डबल डेथ केस ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर शादी के कुछ ही दिनों में ऐसा क्या हुआ कि पहले पत्नी और फिर पति ने मौत को गले लगा लिया? इसका जवाब अब पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगा।














