उमाकांत त्रिपाठी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 9 जून को भारतीय राजनीति में एक नया इतिहास रचने जा रहे हैं। इसी दिन उनके तीसरे कार्यकाल के दो वर्ष पूरे होंगे और वह देश के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लेंगे। इस उपलब्धि के साथ वह भारत के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड पीछे छोड़ देंगे।
जानकारी के अनुसार, 10 जून को होने वाली एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की बैठक में प्रधानमंत्री मोदी को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई देने के लिए एक विशेष प्रस्ताव पारित किया जाएगा। यह प्रस्ताव आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री और टीडीपी प्रमुख एन. चंद्रबाबू नायडू पेश करेंगे, जबकि एनडीए के अन्य सहयोगी दलों के नेता इसका समर्थन करेंगे। प्रस्ताव में प्रधानमंत्री मोदी के पिछले 12 वर्षों के कार्यकाल और सरकार की प्रमुख उपलब्धियों का भी उल्लेख किया जाएगा।
दरअसल, देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने 13 मई 1952 को पहली बार निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली थी। इसके बाद वे लगातार 4,397 दिनों यानी 12 वर्ष और 14 दिन तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहे। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 9 जून 2026 को लगातार 4,398 दिन यानी 12 वर्ष और 15 दिन पूरे कर लेंगे और यह रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज कर लेंगे।
हालांकि नेहरू 15 अगस्त 1947 से प्रधानमंत्री पद पर थे, लेकिन उस समय वे स्वतंत्र भारत की अंतरिम सरकार के प्रमुख थे। पहले आम चुनाव के बाद 1952 में वे निर्वाचित प्रधानमंत्री बने। नेहरू अपने निधन 27 मई 1964 तक प्रधानमंत्री रहे। यदि उनका पूरा कार्यकाल जोड़ा जाए तो यह 6,130 दिनों का होता है, जिसमें अंतरिम सरकार के प्रमुख के रूप में बिताए गए 1,733 दिन भी शामिल हैं।
प्रधानमंत्री मोदी के नाम पहले से ही कई महत्वपूर्ण राजनीतिक रिकॉर्ड दर्ज हैं। वह देश के सबसे लंबे समय तक पद पर रहने वाले गैर-कांग्रेसी प्रधानमंत्री बन चुके हैं। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के 2,272 दिनों के कार्यकाल को काफी पहले पीछे छोड़ दिया था। इसके अलावा वे लगातार तीन लोकसभा चुनाव जीतकर सरकार बनाने वाले पहले गैर-कांग्रेसी प्रधानमंत्री भी हैं।
मोदी के नाम निर्वाचित सरकारों के प्रमुख के रूप में सबसे लंबे समय तक लगातार पद पर बने रहने का रिकॉर्ड भी दर्ज है। उन्होंने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। इसके बाद 22 मई 2014 तक वे गुजरात के मुख्यमंत्री रहे और 26 मई 2014 से लगातार देश के प्रधानमंत्री के रूप में कार्य कर रहे हैं।
इस तरह नरेंद्र मोदी चुनी हुई सरकारों के प्रमुख के रूप में 9,000 दिनों से अधिक का कार्यकाल पूरा कर चुके हैं, जो भारतीय लोकतांत्रिक इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।














