PM Modi Seychelles Visit:उमाकांत त्रिपाठी।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को रविवार को सेशेल्स के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘गार्जियन ऑफ ब्लू होराइजन’ से सम्मानित किया गया। इस सम्मान के साथ ही प्रधानमंत्री मोदी अब तक दुनिया के 34 देशों के सर्वोच्च नागरिक सम्मान प्राप्त करने वाले नेताओं की सूची में शामिल हो गए हैं। सम्मान मिलने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सेशेल्स की जनता, सरकार और राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी का आभार व्यक्त किया।प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि भारत के 140 करोड़ नागरिकों का सम्मान है। उन्होंने इसे भारत और सेशेल्स के बीच मजबूत और ऐतिहासिक संबंधों का प्रतीक बताया।
नेशनल असेंबली को संबोधित करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बने मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने तीन दिवसीय सेशेल्स दौरे के दौरान देश की नेशनल असेंबली को भी संबोधित किया। वह ऐसा करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बन गए हैं। अपने संबोधन में उन्होंने भारत और सेशेल्स के ऐतिहासिक संबंधों का जिक्र करते हुए कहा कि दोनों देशों के रिश्ते सिर्फ पिछले 50 वर्षों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनकी शुरुआत अगस्त 1770 में हुई थी, जब ‘थेलेमाक’ जहाज से पांच भारतीय पहली बार सेशेल्स पहुंचे थे।
उन्होंने कहा कि दुनिया के नक्शे में भले ही सेशेल्स हिंद महासागर में स्थित छोटे-छोटे द्वीपों का समूह दिखाई देता हो, लेकिन भारत के लिए सेशेल्स एक महत्वपूर्ण रणनीतिक और सांस्कृतिक साझेदार है।
भारत ने सेशेल्स को सौंपा स्वदेशी फास्ट पेट्रोल वेसल
अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को सेशेल्स के राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी को भारत में निर्मित फास्ट पेट्रोल वेसल ‘पीएस लेस्पवार’ सौंपा। इस पोत के जरिए सेशेल्स की समुद्री निगरानी क्षमता और उसके विशेष आर्थिक क्षेत्र (EEZ) में गश्त की क्षमता को मजबूती मिलेगी।यह कदम हिंद महासागर क्षेत्र में भारत और सेशेल्स के बीच रक्षा एवं समुद्री सुरक्षा सहयोग को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
पर्यावरण संरक्षण के लिए मिल चुके हैं कई अंतरराष्ट्रीय सम्मान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सेशेल्स का यह सर्वोच्च नागरिक सम्मान पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन से मुकाबला करने और सतत विकास के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए प्रदान किया गया है।
इससे पहले मई 2026 में संयुक्त राष्ट्र की खाद्य एवं कृषि संगठन (FAO) ने प्रधानमंत्री मोदी को एग्रीकोला मेडल से सम्मानित किया था। वहीं, वर्ष 2018 में संयुक्त राष्ट्र ने उन्हें अपने प्रतिष्ठित पर्यावरण सम्मान ‘चैंपियंस ऑफ द अर्थ अवॉर्ड’ से सम्मानित किया था।
क्यों खास है यह सम्मान?
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मिला 34वां अंतरराष्ट्रीय सर्वोच्च नागरिक सम्मान।
- सेशेल्स की नेशनल असेंबली को संबोधित करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बने।
- भारत ने सेशेल्स को स्वदेशी फास्ट पेट्रोल वेसल ‘पीएस लेस्पवार’ सौंपा।
- पर्यावरण संरक्षण और जलवायु नेतृत्व के लिए मिला सम्मान।
- भारत-सेशेल्स रणनीतिक और समुद्री सहयोग को मिली नई मजबूती।















