Meerut Wife Bonnet Case मेरठ में पति को दूसरी महिला के साथ कार में देख एक महिला ने जमकर हंगामा किया। आरोप है कि पति कार लेकर भागने लगा तो पत्नी कार के बोनट पर लेट गई। इसके बावजूद उसने कार नहीं रोकी और करीब 100 मीटर तक पत्नी को बोनट पर लेकर कार दौड़ाता रहा। महिला इस दौरान मदद के लिए चिल्लाती रही।
View this post on Instagram
राहगीरों ने कार का पीछा कर उसे रोकने की कोशिश की। करीब 100 मीटर बाद कार रुकने पर महिला ने पति के साथ मारपीट की और उसके कपड़े तक फाड़ दिए। वहीं कार में मौजूद दूसरी महिला मौके से फरार हो गई। पुलिस ने बाद में पति और कथित प्रेमिका दोनों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजे जाने की जानकारी सामने आई है।
घटना शनिवार देर शाम लोहियानगर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है।
पत्नी को बोनट पर लेकर करीब 100 मीटर दौड़ाई कार
पुलिस के मुताबिक, किठौर के हसनपुर कला निवासी मयंक एक महिला के साथ कार से जा रहा था। हापुड़ रोड स्थित एल-ब्लॉक चौकी के पास उसकी पत्नी की नजर कार पर पड़ गई। वह कार की तरफ दौड़ी तो आरोप है कि मयंक ने कार तेज कर दी।
महिला कार के बोनट पर चढ़ गई, लेकिन आरोप है कि मयंक ने गाड़ी नहीं रोकी। वह करीब 100 मीटर तक पत्नी को बोनट पर लेकर कार चलाता रहा। पीछे बाइक से आ रहे कुछ लोगों ने शोर मचाकर कार रोकने की कोशिश की। इसके बाद मयंक ने कार रोक दी।
कार रुकते ही महिला ने पति की पिटाई शुरू कर दी। इस दौरान मौके पर काफी हंगामा हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले गई।
पत्नी ने पति और दूसरी महिला के खिलाफ दर्ज कराया केस
महिला ने पुलिस को दी शिकायत में पति और उसके साथ मौजूद महिला पर गंभीर आरोप लगाए। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
घटना का वीडियो भी किसी राहगीर ने बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में महिला को कार के बोनट पर देखा जा सकता है।
12 साल पहले हुई थी शादी, 3 साल से अलग रह रहे थे
जानकारी के मुताबिक, मयंक की शादी साल 2014 में हुई थी। दंपती के दो बेटे हैं। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच पिछले करीब तीन साल से विवाद चल रहा था और दोनों अलग रह रहे थे।
मयंक सेंट्रल मार्केट में दुकान चलाता था। इसी दौरान उसकी मुलाकात एक महिला से हुई, जो एक इंश्योरेंस कंपनी में काम करती है। महिला का करीब छह साल पहले तलाक हो चुका है और उसका एक बच्चा भी है।
बताया गया है कि मयंक और उसकी पत्नी के अलग रहने के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। हालांकि, इस संबंध में सामने आई जानकारी की पुलिस जांच कर रही है।
पेट्रोल पंप पर भी हुआ था विवाद
बोनट वाली घटना से पहले पेट्रोल पंप पर भी विवाद होने का वीडियो सामने आया है। वीडियो में मयंक कार में पेट्रोल भरवाता दिखाई दे रहा है और कार में एक महिला बैठी हुई है।
इसी दौरान मयंक की पत्नी एक युवक के साथ स्कूटी से वहां पहुंचती है। वह कार के आगे स्कूटी खड़ी कर पति और कार में मौजूद महिला से मारपीट करती दिखाई दे रही है।
पुलिस ने कार भी सीज की
सीओ कोतवाली संग्राम सिंह के मुताबिक, पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर आरोपी पति और उसकी कथित प्रेमिका को गिरफ्तार किया है। घटना में इस्तेमाल कार को भी सीज कर दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना से जुड़े वीडियो और अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।














