उमाकांत त्रिपाठी। PM Modi Diwali Milan: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में आयोजित दीपावली मिलन कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों को संबोधित करते हुए मीडिया की भूमिका, पत्रकारिता में बदलती तकनीक और देश के विकास से जुड़े कई मुद्दों पर बात की। मोदी ने कहा कि न्यूजरूम में कुछ भी असंभव नहीं माना जाता। पत्रकार भूकंप और बाढ़ जैसी आपदाओं के दौरान भी अपनी जान जोखिम में डालकर खबरों की कवरेज करते हैं।
प्रधानमंत्री ने पत्रकारिता में डेडलाइन के महत्व को बताते हुए कहा कि न्यूज की दुनिया में समय सबसे अहम होता है। इसी तरह जिंदगी में भी डेडलाइन जरूरी है। उन्होंने देश के सामने 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने का लक्ष्य रखा और कहा कि इसे हासिल करने के लिए अभी से छोटे-बड़े स्तर पर काम करना होगा।
इस दौरान पीएम मोदी ने अपने राजनीतिक जीवन से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा भी सुनाया। उन्होंने बताया कि जब वे 11 अशोका रोड पर रहते थे, तब पत्रकारों को उनके गुजरात का मुख्यमंत्री बनने की खबर उनसे पहले मिल गई थी।
मोदी ने सुनाया गुजरात का मुख्यमंत्री बनने का किस्सा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पत्रकारों के साथ अपने पुराने संबंधों को याद करते हुए बताया कि एक दिन कुछ पत्रकार अचानक उनके कमरे में पहुंच गए। उन्होंने मजाकिया अंदाज में उनका गला पकड़ते हुए मिठाई खिलाने की मांग की।
मोदी ने बताया कि जब उन्होंने पत्रकारों से पूछा कि किस खुशी में मिठाई खिलाऊं, तो उन्होंने कहा कि आप गुजरात के मुख्यमंत्री बन गए हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्हें खुद इस बात की जानकारी नहीं थी, लेकिन पत्रकारों को पहले ही इसकी खबर मिल गई थी।
उन्होंने यह भी बताया कि कई पत्रकार अपने खर्चे पर उनके शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने पहुंचे थे।
पत्रकारिता में डेडलाइन जरूरी, 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य
पीएम मोदी ने पत्रकारिता में डेडलाइन की अहमियत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि डेडलाइन से काम की प्राथमिकताएं तय होती हैं और काम करने की रफ्तार बढ़ती है।
प्रधानमंत्री ने इसी उदाहरण के जरिए विकसित भारत के लक्ष्य का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारत ने 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने का संकल्प लिया है। इसके लिए देश को अभी से चरणबद्ध तरीके से काम करना होगा। 2047 तक इंतजार करने के बजाय हर साल और हर स्तर पर लक्ष्य हासिल करने की दिशा में प्रयास जरूरी हैं।
फैक्स से इंस्टाग्राम रील तक बदल गई मीडिया की दुनिया
प्रधानमंत्री ने मीडिया में आए तकनीकी बदलावों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पहले पत्रकार फैक्स के जरिए खबरें भेजते थे और कवरेज के लिए ओबी वैन का इस्तेमाल होता था। अब मोबाइल फोन ही ओबी वैन बन गया है।
उन्होंने कहा कि मीडिया का स्वरूप तेजी से बदला है। आज सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म ने खबरों की पहुंच और रफ्तार दोनों बढ़ा दी हैं। इसके साथ ही पत्रकारों की जिम्मेदारियां भी बढ़ी हैं।
भारत की उपलब्धियों को दुनिया तक पहुंचाए मीडिया
पीएम मोदी ने भारत की तकनीकी और आर्थिक उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि देश मोबाइल फोन निर्माण, रेलवे, स्टार्टअप और डिजिटल पेमेंट के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ा है।
उन्होंने चिनाब नदी पर बने दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे पुल, भारत के बड़े स्टार्टअप इकोसिस्टम और UPI की सफलता का उदाहरण दिया।
प्रधानमंत्री ने आवास, महिला सशक्तिकरण, स्वच्छता और रेलवे विद्युतीकरण से जुड़ी उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि करोड़ों परिवारों को पक्के मकान मिले हैं, लखपति दीदियों की संख्या बढ़ी है और बड़ी संख्या में घरों तक शौचालय की सुविधा पहुंचाई गई है।
उन्होंने मीडिया से अपील की कि भारतीय प्रतिभाओं, नवाचारों और सफलता की कहानियों को ज्यादा जगह दी जाए। देश में सस्ता डेटा उपलब्ध है और दुनिया को सुनाने के लिए भारत के पास उपलब्धियों की कई कहानियां हैं।
नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने में मीडिया निभाए भूमिका
प्रधानमंत्री ने युवाओं में बढ़ती नशे की समस्या पर चिंता जताते हुए मीडिया से इसके खिलाफ जागरूकता फैलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता केवल खबरें दिखाने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज को सही दिशा देने में भी इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने स्वच्छता, डीपफेक, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव जैसे विषयों को भी मीडिया की बहस का हिस्सा बनाने पर जोर दिया।
पीएम मोदी के मुताबिक, 21वीं सदी में कम्युनिकेशन सबसे बड़ी ताकत बन चुका है। ऐसे में मीडिया देश की सकारात्मक उपलब्धियों को सामने लाने के साथ सामाजिक चुनौतियों पर भी लोगों को जागरूक कर सकता है।
मोदी की स्पीच की 5 बड़ी बातें
-
पुराने रिश्ते: पीएम मोदी ने गुजरात का मुख्यमंत्री बनने की खबर पत्रकारों को उनसे पहले मिलने का किस्सा सुनाया।
-
डेडलाइन का महत्व: पत्रकारिता की डेडलाइन को 2047 तक विकसित भारत बनने के लक्ष्य से जोड़ा।
-
भारत की उपलब्धियां: मोबाइल निर्माण, UPI, स्टार्टअप और रेलवे की प्रगति का जिक्र किया।
-
सफलता की कहानियां: भारतीय प्रतिभाओं और उपलब्धियों को दुनिया तक पहुंचाने की अपील की।
-
सामाजिक जिम्मेदारी: नशामुक्ति, स्वच्छता, डीपफेक और सामाजिक सद्भाव पर जागरूकता फैलाने को कहा।















