उमाकांत त्रिपाठी। PM Modi Live डिजिटल डेस्क, मनीला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फिलीपींस दौरे का मंगलवार (17 नवंबर) को दूसरा दिन है। प्रधानमंत्री मनीला में आयोजित 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में शामिल हुए और बैठक को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने भारत और आसियान देशों के बीच सहयोग, क्षेत्रीय शांति और स्थिरता को मजबूत करने पर जोर दिया। PM Modi Philippines Visit Live के बीच आज दुनिया की निगाहें क्वाड बैठक पर भी टिकी हैं, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी की अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात होने वाली है।
#WATCH | Manila, Philippines | PM Narendra Modi meets Prime Minister of Singapore, Lawrence Wong, on the sidelines of the ASEAN-India Summit and East Asia Summit. NSA Ajit Doval and Foreign Secretary Vikram Misri are also present. https://t.co/JmMG0jojTM
— ANI (@ANI) November 17, 2026
मनीला में भारतीय समयानुसार शाम करीब 3 बजकर 45 मिनट पर क्वाड नेताओं की बैठक प्रस्तावित है। इसमें पीएम मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के अलावा जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज शामिल होंगे।
बैठक में समुद्री सुरक्षा, क्रिटिकल मिनरल्स, सेमीकंडक्टर की सप्लाई चेन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में बुनियादी ढांचे के विकास जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।
प्रधानमंत्री मोदी आज 21वें ईस्ट एशिया समिट में भी शामिल हो रहे हैं। इसके अलावा उनकी फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी निर्धारित है।
आसियान सम्मेलन में पीएम मोदी बोले- भविष्य कंपटीशन से नहीं, कोऑपरेशन से तय हो
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए भारत और आसियान देशों के बीच सहयोग की आवश्यकता पर जोर दिया।
#WATCH | Manila, Philippines: Prime Minister Narendra Modi participates in the 23rd ASEAN-India Summit
(Source: Host broadcaster via Reuters) https://t.co/jucGfOGD2E
— ANI (@ANI) November 17, 2026
पीएम मोदी ने कहा कि भारत और आसियान मिलकर दुनिया की लगभग एक चौथाई आबादी का प्रतिनिधित्व करते हैं। इसलिए हमारा भविष्य प्रतिस्पर्धा से नहीं, बल्कि सहयोग से तय होना चाहिए।
उन्होंने कहा, “हमारे पास सामर्थ्य भी है और संकल्प भी है। हम मिलकर इस क्षेत्र को शांति और स्थिरता का प्रतीक बना सकते हैं।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले वर्षों में भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिसी ने आसियान के साथ संबंधों को नई गति और गहराई दी है। अब यह साझेदारी साझा संस्कृति और विरासत से आगे बढ़कर डिजिटल, रक्षा और अंतरिक्ष जैसे क्षेत्रों तक पहुंच गई है।
उन्होंने भरोसा जताया कि सम्मेलन की बैठक भारत और आसियान की व्यापक रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी। इससे सुरक्षित, समावेशी और समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र के निर्माण में मदद मिलेगी।
भारत की प्रतिबद्धता अटल है और अटल रहेगी: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने आसियान देशों के साथ भारत के संबंधों को लेकर कहा कि भारत का विकास और आसियान की समृद्धि एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हुए हैं।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में आसियान कम्युनिटी विजन 2045 और विकसित भारत 2047 दोनों पक्षों की साझा आकांक्षाओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
पीएम मोदी के मुताबिक, पिछले 12 वर्षों में भारत ने आसियान के साथ अपनी साझेदारी को नई गति दी है। अब दोनों पक्षों को मिलकर क्षेत्र के भविष्य को नई दिशा देनी है।
उन्होंने कहा कि आसियान की एकता और केंद्रीय भूमिका के प्रति भारत की प्रतिबद्धता अटल है और अटल रहेगी।
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि पिछले कुछ वर्षों में दुनिया ने लगातार कई संकटों का सामना किया है। ऐसे समय में दुनिया को सबसे ज्यादा शांति, स्थिरता और पूर्वानुमान-योग्यता की जरूरत है।
लोगों के बीच रिश्ते मजबूत करने के लिए 100 से ज्यादा पहल
प्रधानमंत्री मोदी ने भारत और आसियान देशों के बीच जनता के स्तर पर मजबूत होते संबंधों का भी जिक्र किया।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 से अब तक लोगों के बीच संपर्क और रिश्तों को मजबूत करने के लिए 100 से अधिक पहल की गई हैं। इसके अलावा करीब 250 क्विक इम्पैक्ट प्रोजेक्ट शुरू किए गए और क्षमता निर्माण के लिए 10 हजार स्कॉलरशिप दी गई हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि भारत और आसियान देशों के बीच सीधी उड़ानों की बढ़ती संख्या और पर्यटन में विस्तार भी दोनों पक्षों की बढ़ती नजदीकी का प्रमाण है।
भारत और आसियान इस वर्ष को आसियान-भारत समुद्री सहयोग वर्ष के रूप में मना रहे हैं। वर्ष 2027 में भारत और आसियान के संबंधों के 35 वर्ष पूरे होंगे। इसी साल व्यापक रणनीतिक साझेदारी के पांच वर्ष भी पूरे होंगे।
क्वाड बैठक में चीन पर निर्भरता कम करने समेत इन मुद्दों पर होगी चर्चा
मनीला में मंगलवार शाम होने वाली क्वाड बैठक को लेकर भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दिलचस्पी है। इसमें भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के नेता शामिल होंगे।
बैठक के एजेंडे में कई महत्वपूर्ण मुद्दे शामिल हैं।
1. समुद्री सुरक्षा: हिंद-प्रशांत क्षेत्र को मुक्त, खुला और सुरक्षित बनाए रखने पर चर्चा होगी। इसके साथ समुद्री निगरानी और मैरीटाइम डोमेन अवेयरनेस को मजबूत करने पर भी जोर रहेगा।
2. क्रिटिकल मिनरल्स और सेमीकंडक्टर: महत्वपूर्ण खनिजों और सेमीकंडक्टर की सप्लाई चेन को मजबूत बनाने पर चर्चा होगी। इसके तहत किसी एक देश, खासकर चीन पर निर्भरता कम करने और वैकल्पिक आपूर्ति व्यवस्था विकसित करने पर जोर दिया जा सकता है।
3. आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और नई तकनीक: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सिक्योरिटी और डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में चारों देशों के बीच सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होगी।
4. विकास और कनेक्टिविटी: हिंद-प्रशांत क्षेत्र के देशों में बुनियादी ढांचे, जलवायु परिवर्तन और स्वास्थ्य सुरक्षा से जुड़ी परियोजनाओं को आगे बढ़ाने पर विचार किया जाएगा।
कब होगी पीएम मोदी और डोनाल्ड ट्रंप की मुलाकात?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुलाकात इस दौरे के सबसे महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में से एक है। दोनों नेता मनीला में होने वाली क्वाड बैठक में शामिल होंगे।
भारतीय समय के मुताबिक, यह बैठक शाम करीब 3 बजकर 45 मिनट पर निर्धारित है। पिछले कुछ महीनों में भारत और अमेरिका के संबंधों में टैरिफ और विभिन्न रणनीतिक मुद्दों को लेकर उतार-चढ़ाव देखने को मिला है।
ऐसे में दोनों नेताओं की मुलाकात को द्विपक्षीय संवाद और आपसी सहयोग के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, बैठक के नतीजों और बातचीत के आधिकारिक विवरण का इंतजार रहेगा।
सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग से मिले पीएम मोदी
आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और ईस्ट एशिया समिट से इतर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग से भी मुलाकात की।
इस दौरान भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और विदेश सचिव विक्रम मिसरी भी मौजूद रहे।
दोनों नेताओं की मुलाकात भारत और सिंगापुर के बीच द्विपक्षीय संबंधों तथा क्षेत्रीय सहयोग के संदर्भ में महत्वपूर्ण रही।
आज पीएम मोदी का पूरा कार्यक्रम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 नवंबर के कार्यक्रम में कई महत्वपूर्ण बैठकें शामिल हैं।
- सुबह 11:48 बजे: 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में शामिल हुए।
- सुबह 11:50 बजे: सम्मेलन को संबोधित किया।
- दोपहर 12 बजे: 21वें ईस्ट एशिया समिट में शामिल होने का कार्यक्रम।
- दोपहर 2 बजे: फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर के साथ द्विपक्षीय वार्ता निर्धारित।
- शाम 3:45 बजे: क्वाड नेताओं की बैठक निर्धारित, जिसमें डोनाल्ड ट्रंप भी शामिल होंगे।
प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा भारत के हिंद-प्रशांत क्षेत्र में रणनीतिक और कूटनीतिक संबंधों को मजबूत करने के लिहाज से महत्वपूर्ण है। आसियान सम्मेलन से लेकर क्वाड बैठक तक, भारत क्षेत्रीय शांति, आर्थिक सहयोग और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर अपनी भूमिका को आगे बढ़ा रहा है।















