न्यूज़भारतहेडलाइंस

मंत्री विजयवर्गीय के करीबी बीजेपी नेता की हत्या, आपसी विवाद में मारी गोली, थाने पहुंचे बीजेपी के कई नेता

उमाकांत त्रिपाठी।इंदौर में शनिवार-रविवार के दरमियान रात करीब 3 बजे भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना एमजी रोड इलाके की है। सूचना के बाद पुलिस और भाजपा के कई नेता मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली है। इस आधार पर देर रात से ही कई जगह दबिश देकर हत्यारों की तलाश की जा रही है। मामला आपसी विवाद का बताया जा रहा है।पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक चिमनबाग चौराहे के यहां मोनू पुत्र राजेन्द्र कल्याणे की गोली मार कर हत्या कर दी गई। इसमें पीयूष और अर्जुन का नाम सामने आ रहा है। बताया जाता है कि आरोपियों ने एक से ज्यादा फायर किये थे। घटना के बाद मोनू को अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

डीसीपी राम स्नेही मिश्रा बोले
एडिशनल डीसीपी राम स्नेही मिश्रा ने बताया कि मृतक मोनू कल्याण आज ही शाम करीब 5 बजे भगवा रैली निकालने वाला था। इसके लिए इलाके में बैनर-पोस्टर लगाए गए थे। देर रात को भी मोनू अपनी टीम के साथ बैनर पोस्टर लगा रहा था।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों की मोनू से रंजिश चली आ रही है। मोनू और दोनों आरोपी उषा फाटक पर नजदीक ही रहते थे। घटना की सूचना मिलने के बाद पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय और अन्य भाजपा नेता रात में ही परिवार के पास पहुंचे।

युवा मोर्चा नगर उपाध्यक्ष थे मोनू
जानकारी के मुताबिक मोनू युवा मोर्चा में नगर उपाध्यक्ष की पोस्ट पर थे। मोनू की पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय और विधायक गोलू शुक्ला के चुनाव में अहम भूमिका बताई जा रही थी।
मोनू की हत्या के बाद आरोपियों के घर पर समर्थकों ने तोड़फोड़ की।

भगवा यात्रा का पूछने आए और मार दी गोली
मोनू हर साल इलाके में भगवा यात्रा निकालते हैं। वह शनिवार रात को इसी की तैयारी में लगे थे। तभी पीयूष और अर्जुन बाइक से वहां पहुंचे। उन्होंने बातचीत में मोनू से पूछा कि रैली का समय क्या है। कितने लड़के लेकर आना है। इसके बाद पीछे बैठे अर्जुन ने पिस्टल निकाली और मोनू पर दो फायर कर दिए। एक फायर नजदीक खड़े दोस्तों पर हवा में किया गया। मोनू गोली लगने के बाद मौके पर ही गिर गए। दोस्त अस्पताल लेकर पहुंचे। लेकिन कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई।आरोपी पीयूष और अर्जुन, जिन्होंने भाजपा नेता मोनू को गोली मारी। पुलिस इनकी तलाश कर रही है।

 

उषा फाटक के रहने वाले है पीयूष और अर्जुन
पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी पीयूष और अर्जुन उषा फाटक के रहने वाले हैं। मोनू भी इनके पड़ोस में ही रहता था। वे भाजपा में मोनू के बढ़ते कद से खुन्नस रखते थे। दोनों पर पहले से थानो में अपराध भी दर्ज हैं। मोनू के परिवार में बड़े भाई सोनू माता-पिता और पत्नी व दो बच्चे हैं। सूत्रों के मुताबिक इंदौर पुलिस के अफसरों ने दोनों आरोपियों को लेकर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। अलग-अलग थानों के साथ क्राइम ब्रांच की टीमें उन्हें पकड़ने के लिये लगाई गई हैं।

 

Related Posts

1 of 843

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *