उमाकांत त्रिपाठी।नरेंद्र मोदी 9 जून 2024 की शाम 7:15 बजे लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। मोदी के साथ NDA के 14 सहयोगी दलों के 18 सांसद भी मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। इनमें 7 कैबिनेट और बाकी 11 स्वतंत्र प्रभार और राज्यमंत्री के रूप में शपथ ले सकते हैं। हालांकि इसकी आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।माना जा रहा है 3 दर्जन से अधिक सांसद मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। TDP और JDU से 2-2 और शिवसेना से एक कैबिनेट मंत्री बन सकते हैं। सूत्रों का कहना है कि इसके अलावा NCP, LJP और JDS के कोटे से कैबिनेट मंत्री शपथ ले सकते हैं।जेडीयू नेता केसी त्यागी ने दावा किया कि नीतीश कुमार को I.N.D.I.A ब्लॉक से पीएम बनाने का ऑफर मिला था, मगर उन्होंने ठुकरा दिया क्योंकि अब पीछे देखने का सवाल ही नहीं है।
उधर अमित शाह और जेपी नड्डा मोदी आवास पहुंचे। यहां मंत्रिमंडल को लेकर चर्चा हो सकती है। TDP के एक सांसद ने बताया कि किस दल से कितने मंत्री बनाए जाएंगे, इसका फॉर्मूला पहले ही तय किया जा चुका है। इसको लेकर सार्वजनिक रूप से किसी तरह की चर्चा करने की कोई जरूरत नहीं है। सभी इस बात पर सहमत हैं कि PM जिसे जो जिम्मेदारी देंगे, वे उसे निभाएंगे।JDU सांसद लवली आनंद ने रेलवे मंत्रालय के सवाल पर कहा, बिल्कुल (जदयू को) मिलना चाहिए। पहले भी ऐसा ही था। जदयू सांसदों ने बिहार के लिए विशेष राज्य के दर्जे की भी बात फिर दोहराई है।
राष्ट्रपति ने मोदी को तीसरी बार सरकार बनाने का न्योता दिया
मोदी NDA संसदीय दल की बैठक के लिए शुक्रवार को संसद पहुंचे। उन्होंने संविधान को नमन किया। फिर सिर झुकाकर इसे प्रणाम किया।
इससे पहले नरेंद्र मोदी को शुक्रवार 7 जून को लगातार तीसरी बार NDA का नेता चुना गया। पुराने संसद भवन के सेंट्रल हॉल में NDA संसदीय दल की बैठक हुई। इसमें NDA के सभी 293 लोकसभा सांसदों, राज्यसभा सांसद और सभी राज्यों के मुख्यमंत्री और डिप्टी CM की मौजूदगी में सुबह 11 बजे इस पर मुहर लगाई गई।
इसके बाद NDA ने दोपहर 3 बजे सरकार बनाने का दावा पेश किया। गठबंधन के नेताओं ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को समर्थन का पत्र सौंपा। फिर शाम 6 बजे मोदी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिले। राष्ट्रपति ने उन्हें सरकार बनाने का न्योता दिया। बैठक के बाद मोदी ने भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी और पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से उनके घर जाकर भेंट की।
14 सहयोगी दलों के 53 सांसदों का समर्थन
लोकसभा चुनाव में भाजपा को 240 सीटें मिली हैं। यह बहुमत के आंकड़े (272) से 32 सीटें कम हैं। हालांकि NDA ने 293 सीटों के साथ बहुमत के आंकड़े को पार कर लिया। NDA में भाजपा के अलावा 14 सहयोगी दलों के 53 सांसद हैं।
गठबंधन में चंद्रबाबू की TDP 16 सीटों के साथ दूसरी और नीतीश की JDU 12 सीटों के साथ तीसरी सबसे बड़ी पार्टी है। दोनों ही पार्टियां इस वक्त भाजपा के लिए जरूरी हैं। इनके बिना भाजपा का सरकार बनाना मुश्किल है।
छिंदवाड़ा सीट से कमलनाथ के बेटे को हराने वाले बंटी साहू से बातचीत
मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की परंपरागत सीट छिन्दवाड़ा से उनके बेटे नकुलनाथ को हराकर एमपी में क्लीन स्वीप कराने वाले बीजेपी के नवनिर्वाचित सांसद विवेक बंटी साहू से ख़ास बातचीत
जीतन राम मांझी बोले
हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) के अध्यक्ष जीनत राम मांझी ने बिहार सीएम नीतीश कुमार से मुलाकात की। उन्होंने कहा- कल पीएम मोदी तीसरी बार शपथ ले रहे हैं, ये बहुत बड़ी जीत है। मैं उन्हें शुभकामनाएं देता हूं।
उनसे पूछा गया क्या वे कल मंत्रीपद की शपथ लेंगे, इस पर उन्होंने कहा कि इस बारे में कोई चर्चा नहीं हुई है लेकिन अगर मुझे जिम्मेदारी दी गई तो मैं उसे निभाऊंगा।
जम्मू-कश्मीर बीजेपी अध्यक्ष रविंदर रैना बोले- पूरा भारत मोदीमय है
असम CM सरमा बोले- मोदी का लगातार तीसरी बार PM पद बनना ऐतिहासिक है
लोजपा सांसद बोलीं
समस्तीपुर से लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की सांसद शांभवी चौधरी ने कहा, हमारे नेता चिराग पासवान की कोई मांग नहीं है। लेकिन अगर उन्हें कोई जिम्मेदारी दी जाती है, तो वे पूरी निष्ठा से अपना कर्तव्य निभाएंगे।
इलॉन मस्क ने मोदी को जीत की बधाई दी
टेस्ला के मालिक इलॉन मस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट शेयर कर लिखा, ‘दुनिया के सबसे बड़े लोकतांत्रिक चुनावों में जीत के लिए नरेंद्र मोदी को बधाई। मैं अपनी कंपनियों के जरिए भारत में ‘एक्साइटिंग वर्क’ (रोमांचक काम) करने की उम्मीद करता हूं।’
अयोध्या पहुंचे असम CM बोले
अयोध्या पहुंचने पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा, 542 सीटें हैं, कुछ जीतेंगे, कुछ हारेंगे, तो क्या दिक्कत है? नरेंद्र मोदी भगवान राम के आशीर्वाद से तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं।
जितिन प्रसाद बोले
पीलीभीत से चुनाव जीतकर आए भाजपा सांसद जितिन प्रसाद ने कहा, यह ऐतिहासिक दिन है क्योंकि नरेंद्र मोदी तीसरी बार भारत के प्रधानमंत्री बनेंगे। एनडीए सरकार कल शपथ लेगी। यह हमारे लिए गर्व की बात है।
JDU नेता केसी त्यागी ने किया दावा
पीएम मोदी कल यानी रविवार को तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने वाले हैं। इससे पहले जदयू ने बड़ा दावा किया है। जेडीयू के महासचिव केसी त्यागी ने कहा है कि इंडिया ब्लॉक की तरफ से नीतीश कुमार को पीएम पद का ऑफर दिया गया था।
PM शपथ ग्रहण समारोह
नरेंद्र मोदी रविवार को तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। यह शपथ ग्रहण समारोह राष्ट्रपति भवन में होगा। दिल्ली पुलिस इसकी तैयारियों में जुटी है। दोपहर 2 बजे के बाद राष्ट्रपति भवन और उसके आसपास कंट्रोल एरिया बनाया जाएगा। पुलिस अधिकारियों की मानें तो इस दौरान कई लेयर की सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी।
सूत्रों के मुताबिक राष्ट्रपति भवन की सुरक्षा में पैरामिलिट्री फोर्स की पांच कंपनियां तैनात की जाएंगी। इसके अलावा ऊंची इमारतों पर NSG कमांडो, ड्रोन और स्नाइपर्स भी तैनात किए जाएंगे। शपथ ग्रहण समारोह में कई विदेशी मेहमान भी शामिल होंगे। ऐसे में पूरी राजधानी हाई अलर्ट पर रहेगी। विदेशी मेहमानों की सुरक्षा की जिम्मेदारी भी खुफिया एजेंसियों के कंधों पर होगी। हर राष्ट्राध्यक्ष के प्रोटोकॉल के मुताबिक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।इसके अलावा जिन होटलों में विदेशी मेहमान रुकेंगे, उनकी सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक राष्ट्रपति भवन के आसपास संसद मार्ग, रफी मार्ग, रायसीना रोड, राजेंद्र प्रसाद रोड, मदर टेरेसा क्रिसेंट, सरदार पटेल मार्ग पर कार्यक्रम के दौरान सिर्फ उन्हीं वाहनों को प्रवेश की अनुमति होगी जिनके पास पास होंगे। पुलिस के मुताबिक इस कार्यक्रम की निगरानी 500 से ज्यादा सीसीटीवी से की जाएगी।
पूरे नई दिल्ली इलाके में धारा 144 लागू्
शपथ ग्रहण समारोह को देखते हुए दिल्ली पुलिस की ओर से 9 और 10 जून के लिए कई पाबंदियां भी लगाई गई हैं। दिल्ली को नो फ्लाइंग जोन घोषित कर दिया गया है। इस दौरान पूरी दिल्ली में पैराग्लाइडर, पैरा-मोटर्स, हैंग ग्लाइडर, यूएवी, यूएएस, माइक्रोलाइट एयरक्राफ्ट, रिमोट कंट्रोल्ड एयरक्राफ्ट जैसे सब-कन्वेंशनल एरियल प्लेटफॉर्म की उड़ान पर रोक लगा दी गई है।
आरजेडी नेता मनोज झा बोले
आरजेडी नेता मनोज झा ने कहा, नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव बहुत लंबे समय से बिहार के लिए विशेष दर्जे की मांग कर रहे हैं। अब उस मांग को आगे बढ़ाने का सही समय है। आरक्षण की बढ़ी हुई सीमा को संविधान की 9वीं अनुसूची में डाला जाना चाहिए। पूरे देश में जातिगत जनगणना होनी चाहिए।
विपक्ष की ताकत बढ़ने पर सम्राट बोले
एनडीए सरकार पर बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी कहते हैं, जनता ने बहुत स्पष्ट जनादेश दिया है। हमारा गठबंधन चुनाव से पहले का है। इसका उद्देश्य सबका साथ, सबका विकास है। प्रधानमंत्री मोदी देश की समृद्धि के लिए काम करेंगे। इस कार्यकाल में विपक्ष की ताकत बढ़ने पर सम्राट ने कहा- इससे क्या फर्क पड़ता है? चुनाव परिणाम आने के बाद जनता सरकार के प्रधानमंत्री को जानती है।
भाजपा सांसद बालयोगी बोले
राज्यसभा में भाजपा सांसद बालयोगी उमेश नाथ ने कहा, एनडीए कोई नया समूह नहीं है, यह अटल बिहारी वाजपेयी के समय से अस्तित्व में है। आज भी एनडीए के सहयोगियों ने देश के कल्याण के लिए पीएम नरेंद्र मोदी के हर काम में उनका समर्थन करने का संकल्प लिया है। हम सभी देश के सर्वोत्तम हित में पीएम नरेंद्र मोदी के साथ खड़े हैं।
जेडीयू नेता रंजन सिंह बोले
एनडीए पर कांग्रेस की टिप्पणी पर जेडीयू नेता राजीव रंजन सिंह ने कहा, पहले सरकार बनाने का दावा कर रहे थे और देश का संविधान खतरे में था। लेकिन कल आपने देखा कि जब प्रधानमंत्री संविधान सदन (पुरानी संसद) के सेंट्रल हॉल में पहुंचे तो उन्होंने भारत के संविधान के सामने सिर झुकाया। जिनको अंगूर नहीं मिलता, उन्हें अंगूर खट्टे लगते हैं।
बिहार के डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा बोले
छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल के मिड टर्म इलेक्शन वाले बयान पर बिहार के डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने कहा, जो लोग भ्रष्टाचार करके जेल जाने से डर रहे हैं, वे नए सपने और परिदृश्य बना रहे हैं। वे डरे हुए थे। उनका एकमात्र मुद्दा पीएम मोदी को रोकना था। ताकि वे लोगों को लूटते रहें। लेकिन यह सशक्त, मजबूत और विकसित भारत आगे बढ़ेगा। और देश इन भ्रष्ट लोगों से मुक्त होगा।
अमित शाह के घर हुई बैठक
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भाजपा सांसद अमित शाह के आवास पर पहुंचे। यहां राष्ट्रीय महासचिव बीएल संतोष के नेतृत्व में बैठक होगी।
भाजपा दफ्तर में प्रदेश अध्यक्षों की बैठक शुरू
BJP प्रदेश अध्यक्षों की बैठक बीजेपी दफ्तर में शुरू हो गई है। इसकी अध्यक्षता बीएल संतोष कर रहे हैं। प्रदेश अध्यक्षों के अलावा इसमें पार्टी के तमाम मोर्चों के अध्यक्ष भी मौजूद हैं। इसमें लोकसभा चुनाव में पार्टी के प्रदर्शन की भी समीक्षा हो रही है।
शपथ समारोह के बाद वाराणसी जा सकते हैं मोदी
भाजपा सूत्रों के अनुसार 9 जून को शपथ समारोह के बाद पीएम मोदी 10 और 11 जून को वाराणसी जाएंगे। वह यहां गंगा आरती करेंगे। उनके जनसभा की भी तैयारियां चल रही हैं। हालांकि, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है। पीएम मोदी वाराणसी से ही लगातार तीसरी बार लोकसभा सदस्य चुने गए हैं।














