उमाकांत त्रिपाठी।जम्मू-कश्मीर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सोमवार यानी आज आ रहे हैं। वह सोनमर्ग में जेड मोड़ सुरंग का उद्घाटन करेंगे। जम्मू-कश्मीर में वर्ष 2025 में उनका यह पहला और वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद 12वां दौरा होगा। 26 मई 2014 को पहली बार प्रधानमंत्री बने नरेन्द्र मोदी ने गत नौ जून 2024 को प्रधानमंत्री के रूप में अपना लगातार तीसरा कार्यकाल शुरू किया
11 यात्राओं के दौरान कई परियोजनाओं का किया उद्घाटन
जम्मू-कश्मीर की पिछली 11 यात्राओं के दौरान प्रधानमंत्री ने कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया और हजारों करोड़ रुपये के वित्तीय पैकेजों की घोषणा की।
चार जुलाई, 2014 को प्रधानमंत्री ने वैष्णो देवी मंदिर के प्रमुख आधार शिविर कटड़ा तक कनेक्टिविटी को बढ़ाते हुए ऊधमपुर-कटड़ा रेलवे लाइन का उद्घाटन किया था।उसी वर्ष सितंबर में विनाशकारी बाढ़ के दौरान उन्होंने नुकसान का आकलन करने के लिए दौरा किया और बचाव और पुनर्वास के लिए 1,000 करोड़ रुपये के राहत पैकेज की घोषणा की।
इन विकास कार्यों की भी की थी शुरुआत
2015 में मोदी ने रामबन में बगलिहार हाइड्रो इलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट (450 मेगावाट) के दूसरे चरण का उद्घाटन किया और सात नवंबर को जम्मू और कश्मीर के लिए 80 हजार करोड़ के आर्थिक पैकेज की शुरुआत की।
उन्होंने एनएच-44 के उधमपुर-रामबन और रामबन-बनिहाल खंडों सहित राजमार्ग परियोजनाओं की नींव भी रखी। 2020 व 2021 में कोविड काल में उन्होंने दौरे स्थगित रखे।
जून 2021 में जम्मू-कश्मीर के नेताओं के साथ सर्वदलीय बैठक की अध्यक्षता की। छह जनवरी, 2025 को, मोदी ने वर्चुअल रूप से नए जम्मू रेलवे डिवीजन का उद्घाटन किया।
जानिए- पीएम मोदी ने कितने दौरे किए
19 अप्रैल, 2016: श्री माता वैष्णो देवी नारायण सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का उद्घाटन किया। श्री माता वैष्णो देवी विश्वविद्यालय में दीक्षांत भाषण दिया और कटड़ा में ही एक खेल परिसर का उद्घाटन किया।
2 अप्रैल, 2017: चिनैनी -नाशरी सुरंग का उद्घाटन किया जो उस समय देश की सबसे लंबी सड़क सुरंग थी।
19 अक्टूबर, 2017: गुरेज में सैनिकों के साथ दीपावली मनाई।
19 मई, 2018: किशनगंगा जलविद्युत परियोजना का उद्घाटन किया। पकल दुल जलविद्युत परियोजना की नींव रखी और 16 माडल डिग्री कॉलेजों और 66 उद्यमिता केंद्र शुरू किए।
3 फरवरी, 2019: लद्दाख विश्वविद्यालय का उद्घाटन किया, एम्स जम्मू की नींव रखी और श्रीनगर रिंग रोड परियोजना का शुभारंभ किया। बांडीपोरा और गांदरबल में ग्रामीण बीपीओ भी शुरू किए।
वर्ष 2023 में मोदी ने दो यात्राएं की। इस दौरान विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शुभारंभ किया। सितंबर 2023 में एक रैली के लिए जम्मू-कश्मीर का दौरा किया। 20 फरवरी, 2024 को क्षेत्र में विकास को आगे बढ़ाते हुए 32,000 करोड़ की परियोजनाओं का शुभारंभ किया गया।
पीएम मोदी ने इन मुख्य विकास परियोजनाओं को दी गति
रेलवे: प्रधानमंत्री मोदी ने बनिहाल-खड़ी-सुम्बड़-संगलदान के बीच 48 किलोमीटर लंबी रेलवे लाइन और नए विद्युतीकृत 185.66 किलोमीटर लंबे बारामुला-श्रीनगर-बनिहाल-संगलदान खंड का उद्घाटन किया। घाटी में पहली इलेक्ट्रिक ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाई, जिससे कनेक्टिविटी और पर्यावरणीय स्थिरता को बढ़ावा मिला।
शिक्षा: आईआईटी जम्मू और आइआइएम जम्मू के स्थायी परिसरों का उद्घाटन किया गया, जिससे क्षेत्र में उच्च शिक्षा के बुनियादी ढांचे में वृद्धि हुई।
स्वास्थ्य सेवा: जम्मू के सांबा में एम्स विजयपुर का उद्घाटन 1,660 करोड़ रुपये की लागत से 720 बिस्तरों की क्षमता के साथ संबद्ध मेडिकल कालेजों के साथ किया गया। विमानन: मोदी ने जम्मू हवाई अड्डे पर एक नए टर्मिनल भवन की नींव रखी, जिसे व्यस्त समय के दौरान लगभग 2,000 यात्रियों को समायोजित करने के लिए डिजाइन किया गया है, जिससे क्षेत्रीय संपर्क को बढ़ावा मिलेगा।
सड़कें: दिल्ली-अमृतसर-कटड़ा एक्सप्रेसवे के दो हिस्सों (44.22 किमी) और श्रीनगर रिंग रोड के चार लेन के दूसरे चरण सहित प्रमुख सड़क परियोजनाओं को अंतर-क्षेत्रीय संपर्क में सुधार के लिए शुरू किया गया।














