न्यूज़भारतहेडलाइंस

झारखंड विधानसभा के फ्लोर टेस्ट में मौजूद रहेंगे हेमंत सोरेन:कोर्ट ने दी अनुमति, अभी ED की हिरासत में हैं झारखंड के पूर्व CM

उमाकांत त्रिपाठी। झारखंड के पूर्व CM हेमंत सोरेन विधानसभा में विश्वास मत के दौरान मौजूद रहेंगे। रांची की विशेष कोर्ट ने शनिवार को हेमंत को इसकी अनुमति दे दी। झारखंड के नए CM चंपई सोरेन 5 फरवरी को विधानसभा में विश्वास मत का सामना करेंगे। इसके लिए विशेष सत्र बुलाया गया है। जमीन घोटाले में हेमंत को 31 जनवरी को ED ने अरेस्ट किया था, कोर्ट ने 2 फरवरी को उनकी 5 दिन की रिमांड ED को दी थी।

आखिर मिल गई अनुमति
विशेष जज दिनेश राय की कोर्ट में इस मामले की सुनवाई हुई। हेमंत सोरेन की ओर से दायर याचिका में कहा गया था कि राज्यपाल ने 5 फरवरी को फ्लोर टेस्ट के लिए समय तय किया है। हेमंत अभी ED की रिमांड में हैं। इसलिए विधानसभा के विशेष सत्र में उपस्थित रहने की अनुमति दी जाए। कोर्ट में दाखिल याचिका पर दोनों पक्षों की ओर से बहस हुई। महाधिवक्ता राजीव रंजन ने हेमंत सोरेन की ओर से पक्ष रखा। सुनवाई के बाद कोर्ट ने हेमंत सोरेन को विश्वास मत के दौरान उपस्थिति रहने का आदेश दिया।

हिरासत में ही सौंपा था इस्तीफा
ED ने हेमंत सोरेन को बुधवार 31 जनवरी को साढ़े सात घंटे की पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया था। जांच एजेंसी उन्हें हिरासत में लेकर रात सवा आठ बजे CM हाउस से राजभवन पहुंची थी, जहां हेमंत सोरेन ने इस्तीफा सौंपा था। यहीं उनके करीबी चंपई सोरेन ने नई सरकार बनाने का दावा पेश किया। 2 फरवरी को चंपई सोरेन को नए मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ दिलाई गई थी। हेमंत सोरेन के इस्तीफे के बाद महागठबंधन ने अपने विधायकों को फूट से बचाने के लिए हैदराबाद भेज दिया था। विधायक 1 फरवरी को रांची एयरपोर्ट से चार्टर्ड में सवार हुए थे, लेकिन घने कोहरे के कारण फ्लाइट उड़ नहीं पाई थी। इसके बाद 2 फरवरी को वे हैदराबाद के लिए रवाना हुए।

 

Related Posts

1 of 806

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *